UP: दिल में पांच बार चाकू घोंपकर छात्र की हत्या की, कई जगह हुए वार, दोस्त के बुलाने पर बड़े भाई के साथ गया था
Baghpat Crime News today in Hindi: तितरौदा गांव में बुधवार को 11वीं के छात्र अमृत शर्मा (17) की चाकू से हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुरानी कहासुनी के कारण यह घटना हुई। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर-
विस्तार
बागपत जिले के तितरौदा गांव में बुधवार को बड़ावद गांव के रहने वाले 11वीं के छात्र अमृत शर्मा (17) की दिल में चाकू से पांच वार करके हत्या कर दी। पिता राजकिशोर शर्मा ने सिंघावली अहीर थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी चिंकू जाटव, सुहेल, अनस, दूसरे सुहेल को गिरफ्तार करके चाकू बरामद किया है।
वहीं, अमृत शर्मा की बहन गुड्डन और मां बबली के बृहस्पतिवार देर शाम तक दुबई से नहीं आने के कारण अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, तितरौदा गांव में समीर और सुहेल पक्ष की छह महीने पहले कहासुनी हो गई थी। वर्चस्व को लेकर भी इनमें कई बार झगड़ा हो चुका है। बुधवार की शाम को साजिद की दुकान में समीर और सुहेल के बीच झगड़ा हो गया। समीर ने बड़ावद गांव के अपने दोस्त अमृत को फोन करके बुला लिया। अमृत अपने भाई सागर व दो अन्य युवकों के साथ तितरौदा गांव पहुंच गया। इसी बीच सुहेल ने भी अपने साथियों चिंकू जाटव, अनस, शौकीन, गांव में मामा के यहां आए दूसरे सुहेल को बुला लिया। इन सभी ने अमृत, उसके भाई और साथियों पर हमला कर दिया।
अमृत के सीने में चाकू से कई वार किए गए। उसके भाई सागर और दोस्तों को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत होने पर अमृत को बड़ौत के निजी अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल के गेट पर ही अमृत की मौत हो गई।
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर चिंकू जाटव, सुहेल, अनस, शौकीन और दूसरे सुहेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके चार को गिरफ्तार किया गया है। शौकीन की तलाश की जा रही है।
अमृत के दिल में घुस गया चाकू
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में पता चला है कि अमृत के सीने पर चाकू से वार किए गए तो चाकू गहराई में जाकर दिल में घुस गया। इस तरह कोई एक नहीं बल्कि पांच वार किए गए। अमृत के शरीर पर अन्य कई जगह चोट के निशान मिले हैं, मगर दिल में चाकू घुसने के कारण ही उसकी मौत हुई है।
घटना के बाद बड़ावद और तितरौदा गांव में पीएसी तैनात तितरौदा गांव में बड़ावद गांव के अमृत शर्मा की हत्या के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। एसपी सूरज कुमार राय, एएसपी प्रवीण सिंह चौहान, सीओ विजय तोमर, सीओ अंशु जैन समेत तीन थानों की पुलिस ने गांव में डेरा डाल लिया। बड़ावद और तितरौदा गांव में पीएसी भी तैनात कर दी गई है। वहीं घटना के बाद कई आरोपियों के परिवार वाले भी घरों पर ताला लगाकर चले गए। तितरौदा गांव के दोनों पक्षों के लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
लोगों ने किया माहौल बिगाड़ने का प्रयास अमृत के पिता राजकिशोर व भाई सागर ने वीडियो जारी करके आरोप लगाया कि उनके गांव में कुछ लोग आए और इस घटना को धार्मिक रूप देकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। वह लोग मंदिर में बैठ गए और यह अफवाह फैलाई कि अमृत के परिवार वाले धरना देकर बैठे हैं। उनको भड़काने का प्रयास किया गया कि पुलिस ने उनकी शिकायत की जगह गलत प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने प्राथमिकी मंगवाकर देखी तो उनकी ही तहरीर पर उसे दर्ज किया गया था। उन लोगों को गांव से वापस भेज दिया और कहा कि इस तरह किसी के बहकावे में नहीं आएंगे और न माहौल बिगाड़ने देंगे।
तितरौदा गांव में दो युवकों के बीच आपसी विवाद चल रहा था और उस विवाद में बड़ावद के कई युवकों को मदद के लिए बुलाया गया। वहां चाकू मारकर अमृत की हत्या की गई। इसमें चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। - सूरज कुमार राय, एसपी
