Bareilly News: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में अव्यवस्थाओं पर फूटा आक्रोश, भूख हड़ताल पर बैठीं 70 छात्राएं
बहेड़ी के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज छात्राओं ने रविवार को भूख हड़ताल की। ग्रामीणों और शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया, जिसके बाद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त कर भोजन ग्रहण किया।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी के भूड़िया कॉलोनी ग्राम उतरसिया सामुखिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी व अव्यवस्थाओं के कारण छात्राओं में आक्रोश देखने को मिला। अव्यवस्थाओं से परेशान छात्राएं रविवार सुबह से भूख हड़ताल पर बैठ गईं, जिससे विद्यालय प्रशासन में खलबली मच गई।
विद्यालय में कुल 140 छात्राएं पंजीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 70 छात्राएं ही उपस्थित हैं। आवासीय व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। छात्राओं के लिए मात्र 40 बेड उपलब्ध हैं, जबकि शेष छात्राओं को जमीन पर सोने को मजबूर होना पड़ रहा है।
छात्राओं का आरोप है कि उन्हें समय पर बिजली, पानी, भोजन, स्टेशनरी और दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, वहीं लगातार बिजली कटौती के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
छात्राओं ने लगाया अनदेखी करने का आरोप
विद्यालय में कुल आठ शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें पांच पूर्णकालिक और तीन अंशकालिक शिक्षक शामिल हैं। छात्राओं ने विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर पर पढ़ाई और रहन-सहन से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों और शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया, जिसके बाद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त कर भोजन ग्रहण किया। पानी की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने दो दिन के भीतर हेडपंप दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रद्युम्न गंगवार कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय पहुंचे और छात्राओं को सभी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। इस पूरे मामले पर विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर का कहना है कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी कमियों को दूर कराया जाएगा।