Railway News: नवरात्र में जम्मू जाने वाली ट्रेनों में नो रूम, कई गाड़ियों में टिकट बुकिंग बंद
नवरात्र में जम्मू जाने और वहां से आने वाली ट्रेनें फुल होकर चल रही हैं। बरेली से गुजरने वाली अप-डाउन की लगभग सभी ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। कुछ गाड़ियों में टिकट बुकिंग भी बंद कर दी गई है।
विस्तार
चैत्र नवरात्र के दौरान श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन की आस लगाए बैठे श्रद्धालुओं के लिए जम्मू की यात्रा मुश्किल हो रही है। ट्रेनों पर यात्रियों का भारी दबाव होने के कारण बरेली से गुजरने वाली अप-डाउन की लगभग सभी ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। कई ट्रेनों में तो मई के पहले सप्ताह तक टिकट बुकिंग बंद हो गई है।
रेलवे बरेली होकर जम्मूतवी के लिए अप-डाउन 12 ट्रेनों का संचालन करता है। इनमें 12469 कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी एक्सप्रेस का दो अप्रैल से 13 मई तक मार्ग बदल दिया गया है। इन दिनों में यह गाड़ी बरेली होकर नहीं गुजरेगी। सप्ताह में एक दिन चलने वाली 14691 मोरध्वज एक्सप्रेस की सभी श्रेणियों में तीन मई तक नो रूम है। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 15653 गुवाहटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस और 12331 हिमगिरि एक्सप्रेस की भी यही स्थिति है। 15097 भागलपुर-जम्मूतवी एक्प्रेस, 12587 अमरनाथ एक्सप्रेस, 22317 हमसफर एक्सप्रेस में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
बरेली से जम्मूतवी के लिए 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस में अमूमन कन्फर्म टिकट मिल जाता है, लेकिन अप्रैल के अंत तक इस गाड़ी की सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग है। एक दिन चलने वाली 15651 लोहित एक्सप्रेस और 15655 कामाख्या एक्सप्रेस में भी नो रूम हो गई है। दो दिन चलने वाली 12355 अर्चना एक्सप्रेस में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा।
टनकपुर की कुछ ट्रेनों में सीटें खाली
इन दिनों टनकपुर स्थित श्री माता पूर्णागिरि धाम में मेला भी चल रहा है। इस वजह से बरेली होकर टनकपुर जाने वाली ट्रेनों पर भी दबाव है। इस रूट पर विशेष पैसेंजर ट्रेनें यात्रियों को राहत दे रही हैं। 15075-73 त्रिवेणी एक्सप्रेस और 15091 दौराई-टनकपुर एक्सप्रेस और 12036 पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस में सीमित सीटें उपलब्ध हैं। 05061 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस की चेयरकार श्रेणी में वेटिंग है। इज्जतनगर मंडल की ओर से संचालित की जा रहीं मेला विशेष गाड़ियां फुल होकर चल रही हैं।
एसी तृतीय श्रेणी के टिकटों की ज्यादा मांग
इन दिनों ट्रेनों में एसी तृतीय श्रेणी के टिकटों की ज्यादा मांगा है। ऐसे में पूर्णागिरि और जम्मूतवी जाने वाली गाड़ियों की एसी तृतीय श्रेणी में या तो नो रूम है या फिर लंबी वेटिंग है। नवरात्र के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु तत्काल टिकट बुक करा रहे हैं। बरेली जंक्शन से इन दिनों तत्काल टिकटों की बिक्री बढ़ी है।