Bareilly News: शहर के दो पेट्रोल पंप बंद होने का मचा हल्ला, अफसरों ने बताई हकीकत
बरेली में सोमवार को दो पेट्रोल पंप बंद होने का हल्ला मचा तो लोग पंप पर पहुंचने लगे। लोगों की कतार लग गई। हालांकि संबंधित अफसरों ने पेट्रोल पंप बंद होने की बात को अफवाह बताया।
विस्तार
बरेली में एलपीजी किल्लत के बीच सोमवार को शहर के दो पेट्रोल पंप बंद होने पर पेट्रोल आपूर्ति ठप होने का हल्ला मच गया। सोशल मीडिया पर संदेश वायरल होने पर कई लोग पंप पर पहुंचने लगे। वेंडरों ने संदेश को फर्जी बताकर लोगों को पेट्रोल-डीजल भरपूर होने की जानकारी दी।
मिनी बाइपास स्थित पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह निरीक्षण करने पहुंचे। पता चला कि ईंधन की किल्लत नहीं है, बल्कि वित्त वर्ष का आखिरी माह होने से पेट्रोलियम कंपनी ने उधारी पर तेल देने से मना कर दिया है। नकद भुगतान पर टैंकर भेज रही हैं।
जिन पंप संचालकों ने नकद भुगतान नहीं किया, उन्हें तेल नहीं मिला। श्यामगंज स्थित पेट्रोल पंप भी इसी वजह से बंद रहा। जिले के शेष पंप संचालित रहे। पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति ठप होने के संदेश को फर्जी बताया है।
सुचारु ईंधन आपूर्ति के लिए दिया ज्ञापन
ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस ने सोमवार को पेट्रोल, डीजल, एलपीजी की किल्लत और बढ़ती कीमतों से निजात के लिए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट कार्यालय में सौंपा। अध्यक्ष मुख्तार अहमद ने कीमतों को नियंत्रित करने, नियमित आपूर्ति, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, बुकिंग के लिए अतिरिक्त नंबर जारी करने, ऑनलाइन पोर्टल की सक्रियता बनाए रखने की मांग की है।