Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुए घायल
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस की पशु तस्करी के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। एक सिपाही भी घायल हुआ है।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गोवध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मामलों में वांछित थे।
सीओ हाईवे शिवम आशुतोष ने बताया कि भोजीपुर थाने की पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी शकील उर्फ मूंछ अपने साथियों के साथ ग्राम मझुआ गंगापुर के जंगल में संरक्षित पशु को कटाने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस बीच बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली सिपाही विपिन के बाजू को छूते हुए निकल गई।
दोनों के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शकील उर्फ मूंछ और उसके साथी सलीम उर्फ कलिया के पैर में गोली लगने से दोनों घायल हो गए। मौके से आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस बरामद हुए। साथ ही पशु को काटने के उपकरण भी मिले। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
सीओ हाईवे ने बताया कि घायल आरोपियों एवं घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी सलीम उर्फ कलिया के विरुद्ध करीब 12 मामले पूर्व से पंजीकृत हैं। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।