छह सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को धानापुर विकास खंड की मिर्जापुर ग्राम पंचायत का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम पंचायत में संचालित योजनाओं की गुणवत्ता, प्रभावशीलता व उनके क्रियान्वयन का बारीकी से जायजा लिया। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अमृत सरोवर, अमृत वाटिका, आंगनबाड़ी केंद्र व स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीण विकास के मॉडल, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पंचायत स्तर पर किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिधिमंडल में योमिको ओनिली, अयुमि मियागावा व हितोमि हमदा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। इस मौके पर गौरव कुमार मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डॉ. जेपी गुप्ता, बीडीओ राकेश कुमार मिश्रा, बीईओ अवधेश नारायण, एडीओ समाज कल्याण सौरभ सिंह माैजूद रहे।