बदायूं में दर्दनाक घटना: गंगा नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूबे, एक की मौत, दो लापता
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। गांव खजुरा नगला पुख्ता के समीप गंगा नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूब गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। उसका शव बरामद कर लिया गया। जबकि दो बच्चों की तलाश देर शाम तक जारी रही, लेकिन पता नहीं चल सका।
विस्तार
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खजुरा नगला पुख्ता के समीप रविवार शाम गंगा नदी में नहाने गए तीन बच्चों के डूबने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक बालक की मौत हो गई। उसका शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश देर शाम तक जारी रही। मौके पर पुलिस व गोताखोरों की टीम बच्चों की तलाश में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार गांव खजुरा नगला पुख्ता के समीप बह रही गंगा नदी में रविवार शाम गांव के ही तीन बच्चे केशव (9 वर्ष), गुड्डे (2 वर्ष) पुत्र जमादार और अखिलेश (11 वर्ष) पुत्र संतोष नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नहाते समय अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक स्थिति का अंदाजा होता, तब तक तीनों पानी में समा चुके थे।
बच्चों के डूबने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई के चलते सफलता नहीं मिल सकी। तत्पश्चात तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, एक शव बरामद
सूचना मिलते ही थाना उसहैत पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने अखिलेश (11 वर्ष) का शव बरामद कर लिया। अन्य दो बच्चों केशव और गुड्डे की तलाश के लिए देर रात तक अभियान जारी रहा। पुलिस ने गोताखोरों की भी सहायता ली है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद शव को मर्चरी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शेष दोनों बच्चों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च अभियान लगातार जारी है।