शादी के चार दिन बाद उजड़ा सुहाग: मीटर लगाने के दौरान लगा करंट, चली गई जान; दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी न छूटी
विनायक गांव में स्मार्ट मीटर लगाते समय करंट लगने से 25 वर्षीय अंकित की मौत हो गई। लापरवाही का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया, जिसे पुलिस ने खुलवाया।
विस्तार
यूपी के एटा जिले के थाना सकरौली क्षेत्र के गांव विनायक में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान बिजली करंट से एक युवक की मौत हो गई। विद्युत कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगारे हुए गुस्साए ग्रामीणों ने अवागढ़-टूंडला रोड स्थित जरानी कलां पुलिस चौकी के पास शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। व्यस्ततम मार्ग पर जाम लगाने पर सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने समझा बुझाकर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत निगम के कर्मचारी मंगलवार को विनायक गांव में स्मार्ट मीटर लगाने गए थे। स्मार्ट मीटर लगाते समय गांव का युवक अंकित (25) वहां पर खड़ा होकर देख रहा था। स्मार्ट मीटर लगाने के समय विद्युत कर्मचारियों ने उसको बिजली के तार इधर-उधर करने को कहा, बिजली के नंगे तार पकड़ने पर अंकित को तेज झटका लगा। करंट लगने से झुलसा अंकित जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। अंकित को करंट लगते ही विद्युत कर्मचारी वहां से भाग खड़े हुए, चीख-पुकार पर एकत्रित हुए लोग युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले गए।
युवक ने आगरा जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही से हुई युवक की मौत से गुस्साए गांव के लोगों ने जरानीकलां पुलिस चौकी पर टूंडला रोड पर जाम लगा दिया। व्यस्ततम मार्ग पर जाम लगाने से कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की खबर पर सकरौली थाना सहित आस पास के थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लापरवाह विद्युत कर्मचारियों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिली है। एसडीओ जलेसर को जांच करने के आदेश जारी किए हैं। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शादी के चार दिन बाद ही बुझा घर का चिराग
अंकित को परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आगरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अंकित की शादी महज 12 मार्च को ही हुई थी, जिससे घर की खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल गईं।
कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, जाम
मारहरा क्षेत्र के गांव नगला भीम निवासी 44 वर्षीय राजपाल साईकिल से मोहनपुरा पिवारी मार्ग पर सामान लेने गए थे। तभी गोपालपुर गांव मोड़ के क्रेटा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक को ग्रामीणों ने घेराबंद कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इधर राजपाल को जिला अस्पताल कासगंज में मृत घोषित कर दिया गया। इससे गुस्साए लोगों ने ग्रामीणों ने हाइवे पर एकत्रित होकर जाम लगा दिया। मारहरा पुलिस व कासगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।