हरदोई। उत्तर प्रदेश वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति का त्रैमासिक अधिवेशन रविवार को हुआ। इस दौरान समिति के महामंत्री डॉ. ईश्वरचंद्र वर्मा की पुस्तक गीता में सार गर्भित कथन का विमोचन किया गया। विमोचन करते हुए स्वामी मुनीषाश्रम महाराज ने कहा कि यह पुस्तक गीता प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी है।
नगर पालिका सभागार में हुए आयोजन में मुनीषाश्रम ने कहा कि गीता के गूढ़ कथनों को समझने के लिए यह पुस्तक गीता प्रेमियों के काम आएगी। लेखक डॉ. ईश्वरचंद्र वर्मा ने कहा कि गीता के 75 सारगर्भित सूत्रों को इस पुस्तक में दिया गया है। भाषा बेहद आसान है और इसे समझने में पाठक को कोई परेशानी नहीं होगी। अधिवेशन में स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रभु दयाल गुप्ता को श्रेष्ठता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुनीषाश्रम को भी श्रेष्ठता पुरस्कार दिया गया।
डॉ. नरेश चंद्र शुक्ल ने दोनों लोगोें के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को डॉ. ईश्वरचंद्र वर्मा की पुस्तक निशुल्क वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शीला पांडेय ने किया। राजकुमार सिंह सोमवंशी और मदनमोहन पांडेय ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम में सुशील कुमार वर्मा, अशोक वाजपेयी सजल, वेद प्रकाश अवस्थी, डॉ. देश दीपक शुक्ला, कुमुदनी देवी, डॉ. सुरेश अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।