Auraiya: एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर बिहार के युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिला शव
Auraiya News: दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अछल्दा स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर बिहार निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का क्षत-विक्षत शव ट्रैक पर मिला। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अछल्दा स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर बिहार के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में ट्रैक पर मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
लोको पायलट की सूचना पर हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर सोमवार सुबह करीब पौने पांच बजे 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के लोको पायलट ने अछल्दा स्टेशन के बैसोली गांव के सामने पोल संख्या 1117/26 के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ देखा। शव की स्थिति बेहद भयानक और क्षत-विक्षत थी।
लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना नजदीकी रेलवे स्टेशनों और संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे गैंगमैन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले रेलवे ट्रैक को क्लियर कराया और शव को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित एक तरफ किया, ताकि अन्य ट्रेनों का आवागमन सुचारू रूप से चल सके।
भागलपुर बिहार का रहने वाला था मृतक
सुबह करीब 8 बजे जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के पास से मिले सामानों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक [Aadhaar Redacted] कार्ड मिला, जिससे मृतक की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक की शिनाख्त अंकित कुमार पुत्र विवेक यादव (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नया टोला मिर्जापुर, पोस्ट- नाथनगर, जिला भागलपुर (बिहार) का रहने वाला था। इसके अलावा मौके से वीवो कंपनी का एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी केवल बैटरी और डिस्प्ले ही बचे थे।
हादसे के कारणों को लेकर पुलिस प्राथमिक जांच में यह अंदेशा जता रही है कि युवक संभवतः किसी एक्सप्रेस ट्रेन के खुले दरवाजे या पायदान पर बैठकर सफर कर रहा होगा। माना जा रहा है कि सफर के दौरान नींद आने या झपकी लगने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया होगा, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे आ गिरा। ट्रेन के पहियों के नीचे आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा भर दिया है। इसके बाद डेडबॉडी को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके गृह जनपद भागलपुर (बिहार) स्थित स्थानीय थाने और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया है।