Etawah: सैफई में सपा का होली मिलन समारोह, मंच छोड़ कार्यकर्ताओं के बीच बैठे अखिलेश, बोले- आप ही असली ताकत
Etawah News: सैफई में सपा के होली मिलन समारोह में अखिलेश यादव मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठ गए। कहा कि आज आपके साथ बैठूंगा…आप ही असली ताकत हैं। इस मिलन कार्यक्रम में शिवपाल और डिंपल यादव समेत पूरा परिवार शामिल रहा।
विस्तार
इटावा जिले के सैफई में सपा के होली मिलन समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक अलग और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। अखिलेश यादव ने प्रोटोकॉल और औपचारिकताओं को दरकिनार कर दिया। इसके बाद मंच से उतरक कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए। उन्होंने कहा कि आज आपके साथ बैठूंगा…आप ही असली ताकत हैं।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि भैया (अखिलेश यादव) जब हमारे साथ बैठकर बात करते हैं, तो महसूस होता है कि वह आज भी जमीन से जुड़े नेता हैं। सैफई की होली इसलिए खास है, क्योंकि यहां किसी में कोई फर्क नहीं रहता।
मंच छोड़ कार्यकर्ताओं के बीच बैठे अखिलेश
बता दें कि सैफई में सपा के ब्लॉक कार्यालय में होली मिलन समारोह है। इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, शिवपाल यादव समेत पूरा परिवार मौजूद है। साथ ही, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं। आल्हा गायन का कार्यक्रम चल रहा है। वहीं, आज रंग नहीं खेला जा रहा है। इसी दौरान अखिलेश यादव मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठ गए।
भाईचारे और एकता का दिया संदेश
अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सादगी और आत्मीयता के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने सभी से अपील की कि होली का पर्व शांति, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भाईचारे और एकता का संदेश देता है, इसलिए इसे मर्यादा और सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए।
