Hamirpur: बाइक स्टार्ट करने के बहाने बुलाया, दलित युवक को घर में बनाया बंधक, लाठी-डंडों और बेल्टों से पीटा
Hamirpur News: टेढ़ा गांव में दबंगों ने बाइक स्टार्ट कराने के बहाने दलित युवक को बंधक बनाकर लाठी-बेल्ट से बुरी तरह पीटा और सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ लोगों ने मोटरसाइकिल स्टार्ट कराने के बहाने एक दलित युवक को घर बुलाकर बंधक बना लिया और लाठी-डंडों व बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपी अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
टेढ़ा गांव निवासी दलित युवक संदीप ने बताया कि गांव के कुछ दबंगों ने मोटरसाइकिल स्टार्ट कराने के लिए अपने घर बुलाया था। आरोप है कि युवक के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर लिया और लाठी, डंडों तथा बेल्ट से जमकर मारपीट की। पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी घायल युवक को घर के बाहर सड़क किनारे फेंककर मौके से भाग निकले।
शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान
युवक की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जगमोहन उर्फ मुन्नू बउआ आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।