CISCE Result 2026: 10वीं-12वीं के परिणाम घोषित, कानपुर के ओजस्वित बने नेशनल टॉपर, 100% अंक लाकर रचा इतिहास
Kanpur News: सीआईएससीई बोर्ड के आईएससी नतीजों में कानपुर के ओजस्वित पासरीचा नेशनल टॉपर घोषित हुए हैं। शीलिंग हाउस स्कूल के छात्र ओजस्वित ने सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर रिकॉर्ड बनाया है।
विस्तार
सीआईएससीई बोर्ड द्वारा घोषित इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में कानपुर का दबदबा देखने को मिला है। शहर के प्रतिष्ठित शीलिंग हाउस स्कूल के छात्र ओजस्वित पासरीचा ने सभी विषयों में पूर्णांक प्राप्त कर 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
ओजस्वित ने नेशनल टॉपर बनकर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे कानपुर शहर का मान बढ़ाया है। ओजस्वित ने आईएससी परीक्षा के सभी विषयों में परफेक्ट स्कोर (100%) हासिल कर देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शीलिंग हाउस स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने ओजस्वित की इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।
चिंटल्स स्कूल का जलवा
चिंटल्स स्कूल के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा परिणामों में अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। कक्षा 12वीं की छात्रा यशी सचान ने 99.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है। वहीं, कक्षा 10वीं के छात्र आदि अरोड़ा ने भी 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
सुबह घोषित किए 10वीं और कक्षा 12वीं के परिणाम
बता दें कि सीआईएससीई ने आज सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं के परिणाम 2026 जारी कर दिए हैं। इस परिणाम का इंतजार देशभर के लाखों छात्र कर रहे हैं, जिन्होंने फरवरी से अप्रैल के बीच आयोजित परीक्षाओं में भाग लिया था। छात्र अपना रिजल्ट और ऑनलाइन मार्कशीट आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर देख सकते हैं।
