फूलबाग अग्निकांड: ‘भगवान हमका जीते जी मार डारिन’, शादी के गहने और नोटों की गड्डियां स्वाहा, पीड़ितों का दर्द
Kanpur News: फूलबाग सब्जी मंडी अग्निकांड में कई दुकानदारों की जीवन भर की कमाई, बेटियों की शादी के गहने और लाखों की नकदी जलकर राख हो गई। रामदुलारी, नकछेद और पप्पू कश्यप जैसे कई पीड़ितों के घरों में होने वाली शादियों की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
विस्तार
अरे दादा... अब हम का करिबे... भगवान हमका जीते जी मार डारिन। एहसे अच्छा राहे कि यही आग मा हमहूं मर जातिन। कर्ज लइकर हम बेटन की शादी की तैयारी कर रहि राहन। हमार परिवार सड़क पर आ गवा है। सब्जी बेचकर मेहनत की कमाई से परिवार चलाइत राहेन लेकिन एक झटका मा सब खत्म हुईगा। यह शब्द थे बिलखते हुए 75 वर्षीय रामदुलारी के जिन्होंने अपनी उम्र के 40 साल फूलबाग सब्जी मंडी में गुजार दिए।
उनका कहना था कि उनके बेटे वेद कुमार और शिवकुमार की शादी की तैयारी चल रही थी। इसके लिए उन्होंने जिंदगी भर की कमाई और कर्ज लेकर कार्यक्रम के लिए 10 लाख रुपये निकाला था। आग के तांडव में 500 के नोट की गड्डियां और बहू सोनी के तकरीबन चार लाख के गहने खाक हो गए। पीड़ित दुकानदार नकछेद ने बताया कि 20 अप्रैल को उनकी बेटी लक्ष्मी की शादी है। आग ने पूरी दुकान, गृहस्थी, नकदी, जलकर राख हो गए।
धुएं के कारण सागर सड़क पर बेहोश हो गए
सब्जी दुकानदार कमला का कहना था कि उन्हें शुक्लागंज में मकान का निर्माण कराना था इसलिए उन्होंने चार लाख रुपये नकद दुकान में रखे थे वह सब जल गए। वहीं, पप्पू कश्यप की बेटी भूमि की 21 जून को शादी है। आग से गृहस्थी का सामान, गहने और नकदी जलकर बर्बाद हो गए। इसी तरह अन्य सभी पीड़ित दुकानदारों का बेचने वाला सामान, नकदी और गहने जलकर खाक हो गए। आग की घटना में धुएं के कारण सागर सड़क पर बेहोश हो गए।
फोर्स ने एतियातन खाली कराई मंडी
अग्निकांड की सूचना मिलते ही फीलखाना, हरबंश मोहाल, कैंट, कोतवाली सर्किल का फोर्स मौके पर पहुंच गया। फूलबाग चौराहे से किसी भी वाहन को रक्षा इकाई की ओर नहीं जाने दिया जा रहा था। आग और आगे तक न फैले इसलिए फोर्स ने उसके आगे की दुकानों को खाली कराना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो आग फैक्टरी तक पहुंच सकती थी।
धमाके से दहला इलाका दो किमी तक धुएं का गुबार दिखा
फूलबाग में एक के बाद एक पांच सिलिंडरों के फटने से फूलबाग और मालरोड का इलाका दहल उठा। अग्निकांड में सामान के जलने से काला धुएं का गुबार करीब दो किमी तक लोगों को नजर आया। इसी दौरान रक्षा इकाई के लोग भी छुट्टी होने के कारण निकलने लगे। करीब 50 मिनट में सारी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। काफी सारे लोगों ने अग्निकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
खाकी के अफसर दिखे नहीं खादी ने ढाढ़स बंधाया
अग्निकांड की सूचना मिलते ही मौके एमएलसी सलिल विश्नोई, सपा विधायक अमिताभ बाजपेई, व्यापारी नेता मुकुंद मिश्रा, भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता आदि पहुंचे। उन लोगों ने पीड़ितों से घटना की जानकारी लेने के बाद हर संभव मदद का आश्वासन देकर ढाढ़स बंधाया। कहा कि वह लोग मंगलवार को जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग करेंगे।