Deadly Affair: ‘पत्नी भी गई और प्रेमिका भी’, सनकी प्रेमी ने रची खूनी साजिश, गला घोंटकर ली जान, ऐसे खुला राज
Mahoba News: शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने साथी के साथ मिलकर सिपाही की बहन की हत्या कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है।
विस्तार
महोबा जिले में सिपाही के बहन की हत्या उसके प्रेमी ने साथी के साथ मिलकर की थी। प्रेम प्रसंक की जानकारी होने पर पत्नी के छोड़कर जाने और प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से वह नाराज था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना अंजाम दी।
पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एक मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय युवती की शादी सात जुलाई को होनी थी। सोमवार की रात युवती घर से निकल गई थी। मंगलवार सुबह उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित पहाड़ के किनारे मिला था।
खुलासे के लिए गठित की गई थीं चार टीमें
पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। एसपी शशांक सिंह ने घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की थीं। युवती के पिता की तहरीर पर धर्मेंद्र कुमार निवासी डहर्रा व सुमित सिंह मवईखुर्द के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घेराबंदी करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग
सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की लोकेशन मिलने पर पुलिस बुधवार सुबह डहर्रा मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो लोगों ने पुलिस देख भागने का प्रयास किया। घेराबंदी करने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पत्नी को हो गई थी प्रेम प्रसंग की जानकारी
इससे एक छर्रा कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का लगा। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। मुठभेड़ में आरोपी धर्मेंद्र कुमार व सुमित सिंह के पैर में गोली लगी। पूछताछ में सुमित सिंह ने बताया कि उसका युवती से प्रेम-प्रसंग था। इसकी जानकारी उसकी पत्नी को हो गई थी।
गला दबाकर हत्या कर दी
इससे वह उसे छोड़कर चली गई थी। प्रेमिका की शादी भी दूसरी जगह तय हो जाने से आक्रोशित होकर उसने साथी धर्मेंद्र के साथ मिलकर युवती की हत्या की योजना बनाई थी। देर रात युवती को मिलने के बहाने बुलाया और गला दबाकर हत्या कर दी।
बरामद मोबाइल से मिले थे अहम सुराग
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज व युवती से बरामद मोबाइल से अहम सुराग मिले थे। सुमित मुख्य आरोपी है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा, बाइक, तीन मोबाइल फोन, दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं।
ये था पूरा मामला
शहर के एक मोहल्ले में सोमवार की देर रात सिपाही की छोटी बहन की मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी घर से 300 मीटर दूर पहाड़ी के जंगल में शव फेंककर भाग गया था। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा था। युवती का भाई जनपद सोनभद्र में कांस्टेबल के पद पर तैनात है।
सात जुलाई को बरात आना थी
युवती पिता की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एक मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय युवती की शादी परिजन ने तय कर दी थी। सात जुलाई को बरात आना थी। परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे। सोमवार रात युवती परिजन के साथ घर पर थी।
चेहरे पर चोट के निशान थे
देर रात जब परिजन सो गए तो युवती घर से निकल गई। मंगलवार सुबह छह बजे परिजन उठे तो युवती गायब मिली। खोजबीन करने पर घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित पहाड़ के किनारे उसका शव मिला। युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे और उसकी आंख स्पष्ट नहीं दिख रही थी।
मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि
सूचना पर अपर एसपी वंदना सिंह, कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय, फाॅरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। युवती के भाई ने बताया कि बहन कक्षा 12 तक पढ़ी थी और सात जुलाई को उसकी शादी होना थी।
रात दो बजे के बाद युवती घर से अकेली निकली
जांच में जुटी पुलिस ने घर के बगल में ही लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। बताया जा रहा है कि रात दो बजे के बाद युवती अकेली घर से निकलते दिखी है। जहां युवती का घर हैं वह आबादी का आखिरी हिस्सा है। इसके बाद खाली जमीन पड़ी है और पहाड़ है।

कमेंट
कमेंट X