Kanpur: नौबस्ता में खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्राला, केबिन काटकर निकाला गया चालक का शव
Kanpur News: नौबस्ता थाना क्षेत्र के सिमरा गांव स्थित एलिवेटेड पुल पर शनिवार देर रात खड़े ट्रक में पीछे से ट्राला घुस जाने से चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। पुलिस और फायर टीम ने करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गैस कटर और क्रेन की मदद से शव बाहर निकाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित सिमरा गांव के पास एलिवेटेड पुल पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्राला चालक की मौके पर ही मौत हो गई। रामादेवी की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्राला सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राला का केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और चालक उसी में बुरी तरह फंस गया।
एक घंटे चला रेस्क्यू अभियान
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नौबस्ता पुलिस और दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। केबिन इतना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था कि चालक को सामान्य तरीके से निकालना असंभव था। इसके बाद क्रेन और गैस कटर का इस्तेमाल कर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मथुरा का रहने वाला था मृतक चालक
कार्यवाहक नौबस्ता थानाप्रभारी नदीम सिद्दीकी ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब तीन बजे की है। मृतक चालक की शिनाख्त मथुरा जनपद के थाना राय क्षेत्र स्थित रजगैला गांव निवासी 32 वर्षीय मानवेंद्र सिंह (पुत्र किशन सिंह) के रूप में हुई है। वह ट्राले में माल लादकर रामादेवी की तरफ जा रहे थे। ट्राले के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एलिवेटेड पुल पर दो घंटे लगा रहा भीषण जाम
हादसे के चलते रामादेवी की ओर जाने वाले एलिवेटेड पुल पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया और गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लगभग दो घंटे तक लगे भीषण जाम को पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर सामान्य कराया। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।