Kanpur: सागर हाईवे पर 20 मिनट के भीतर काल बने तेज रफ्तार वाहन, दो बाइक सवार युवकों की गई जान
Kanpur News: कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। बिधनू थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम 20 मिनट के भीतर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर शाम बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर महज 20 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसों की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
हड़हा के पास कार की टक्कर से मौत
पहला हादसा बिधनू थाना क्षेत्र के हड़हा गांव के पास हुआ। साढ़ थाना क्षेत्र के पड़री लालपुर (सतरहुली) निवासी सत्यपाल (29) पुत्र शंकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। वह जैसे ही कानपुर-सागर हाईवे पर हड़हा के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सत्यपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घायल सत्यपाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिधनू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से युवक की मौत
दूसरा हादसा हाईवे पर स्थित माधव बाग बाजार के पास हुआ। काकादेव निवासी बबलू (35) पुत्र रामबाबू अपने साले के साथ बाइक से घाटमपुर गए थे। वहां से दोनों वापस काकादेव स्थित घर लौट रहे थे। माधव बाग बाजार के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी और बबलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साला बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हाईवे पर स्पीड कंट्रोल की मांग
महज 20 मिनट के भीतर हुए दो हादसों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि कानपुर-सागर हाईवे पर वाहन चालक बेकाबू रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर वाहनों की गति सीमा पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए।
फरार चालकों की तलाश में जुटी पुलिस
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसों के बाद फरार हुए चालकों की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।