Unnao Murder: कोल्डड्रिंक में नशा देकर महिला की हत्या, नहर किनारे फेंका था शव, तीन आरोपी गिरफ्तार
Unnao News: बिहार थाना क्षेत्र में छह जुलाई को मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर राधाकांत दूबे ने महिला के साथ संबंध और घर में रहने के दबाव से तंग आकर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उन्नाव जिले में अज्ञात महिला की हत्या कर बिहार थाना क्षेत्र में फेंकने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या उसके परिचित प्रॉपर्टी डीलर ने अपने दोस्त और एक परिचित महिला की मदद से की थी। 11 दिन पहले की गई महिला की हत्या में पुलिस ने लखनऊ निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। मृतका भी लखनऊ की रहने वाली थी।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अयोध्या जनपद के थाना बीकापुर के गांव दूबेपुर, वर्तमान पता सरदारीखेड़ा थाना कृष्णानगर जनपद लखनऊ निवासी राधाकांत दूबे उर्फ कक्कू (59), उमेश चंद्र यादव (50) निवासी रहीमनगर भदेशुआ थाना मोहनलालगंज जनपद लखनऊ, हाल पता बिरहाना खेड़ा 37-ए सेक्टर-एम आशियाना लखनऊ और सुमन वर्मा (40) निवासी सुनौरा गाउपुर थाना बीकापुर जनपद अयोध्या, वर्तमान पता सेक्टर बी, राजाजीपुरम थाना तालकटोरा शामिल हैं।
परिजनों ने सात जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी
तीनों को 16 जुलाई को लखनऊ के आलमबाग से गिरफ्तार किया गया। मृतका का शव छह जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे बिहार-मौरावां मार्ग पर केदार खेड़ा नहर पुलिया के पास मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट होना सामने आया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। उधर मृतका के लापता होने पर उसके परिजनों ने सात जुलाई को लखनऊ के कृष्णा नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
अपने घर में रहने का दबाव बना रही थी मृतका
पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से इस हत्याकांड का खुलासा किया। एसपी के अनुसार मुख्य अभियुक्त राधाकांत दूबे उर्फ कक्कू ने पूछताछ में बताया कि उसका मृतका से संबंध था। मृतका उस पर अपने घर में रहने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई। पांच जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे उसने मृतका को अपने एक दोस्त के खाली मकान में बुलाया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नींद की दवा मिलाकर उसे पिला दी। अचेत होने के बाद राधाकांत ने ईंट से मारकर उसकी हत्या कर दी।
शव ठिकाने लगाने के लिए तैयार किया
हत्या के बाद राधाकांत ने रात में अपने मित्र उमेश चंद्र यादव को बुलाया। उमेश चंद्र यादव कार का मालिक है। राधाकांत ने उसे शव ठिकाने लगाने के लिए तैयार किया। उसने अपनी परिचित महिला सुमन वर्मा को भी बुलाया। सुमन वर्मा को इसलिए बुलाया गया ताकि रास्ते में पुलिस जांच के दौरान यह बताया जा सके कि वे परिवार के साथ महिला का उपचार कराने जा रहे हैं। तीनों ने मिलकर शव को उन्नाव के बिहार मौरावां मार्ग पर फेंक दिया था।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों में राधाकांत दूबे उर्फ कक्कू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ कृष्णानगर थाने में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट सहित 18 मुकदमे दर्ज हैं। उमेश चंद्र यादव के खिलाफ भी लखनऊ और उन्नाव के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित सात मुकदमे दर्ज हैं। सुमन वर्मा के आपराधिक इतिहास का उल्लेख विज्ञप्ति में नहीं है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार भी बरामद की है। बीघापुर सीओ मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि उमेशचंद्र पर कृष्णानगर थाना क्षेत्र में 2009 हत्या के मुकदमे में सजायाफ्ता है और इस समय जमानत पर है। जबकि राधाकांत पर मलिहाबाद थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मुकदमे में नामजद है।