UP: ‘कहीं मुझे न मार दे', 96 घंटे बाद टूटा दिलीप, बोला- चरित्र पर था शक, 4 सेकंड में 3 वार, शालिनी हत्याकांड
Fatehpur Teacher Murder Case: नासिरपीर मोहल्ले में शिक्षिका शालिनी की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक पति दिलीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक के चलते बर्तन धोते समय कुकर के ढक्कन से हमला कर और पानी के टब में डुबोकर उसकी हत्या कर दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फतेहपुर जिले में अवैध संबंध के शक ने एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया। डेढ़ वर्ष से शिक्षिका पत्नी पर शक कर रहे पति ने षड्यंत्र रचकर बर्तन धोते समय कुकर के ढक्कन से चार सेकंड में तीन वार कर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे पानी भरे टब में दो मिनट तक डुबोकर जान ले ली।
वारदात को घटना दिखने के लिए खून के धब्बे भी साफ कर दिए कुकर के ढक्कन को किचन में रख दिया। हत्या का शक पुलिस को पति पर ही था, लेकिन पर पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस ने शिक्षक के परिजन को हिरासत में लिया तो 96 घंटे के बाद उसने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे भेज दिया गया है।
जेल भेजने की घुड़की दी
शहर के नासिरपीर मोहल्ले में आठ अगस्त को पानी के टब में डुबोकर शिक्षिका शालिनी (29) की हत्या कर दी गई थी। दिन तीन बीतने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुलिस ने मंगलवार को शिक्षक के छह परिजन को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। सभी से बारी-बारी सख्ती से पूछताछ की और जेल भेजने की घुड़की दी।
किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था
परिजन को परेशान देखकर शिक्षक टूट गया। शिक्षक दिलीप ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष से पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। वह बिना बताए कहीं चली जाती थी और अपनी कमाई अपनी इच्छा से खर्च करती थी। यह सब उसे बर्दाश्त नहीं हो रहा था।
कुकर के ढक्कन से सिर पर पीछे से तीन वार किए
करीब छह महीने से पत्नी की हत्या कर उसे दुर्घटना दिखाने की योजना बना रहा था। आठ अगस्त को करीब पांच बजे उसकी नींद खुली। वह छत पर टहलने गया। आंगन में शालिनी बर्तन धो रही थी। छत के जाल से पत्नी को देखकर वह नीचे आया। इसके बाद बर्तन के पास रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से शालिनी के सिर पर पीछे से तीन वार किए।
कांच का टुकड़ा शालिनी के पैर में घुस गया
कुकर की सीटी वाला हिस्सा (खूंटी) सिर में घुसने से वह बेहोश हो गई। पास में रखा कांच का गिलास भी टूट गया। कांच का टुकड़ा शालिनी के पैर में घुस गया। इसके बाद पानी से भरे टब में गर्दन पकड़कर उसे करीब दो मिनट तक डुबोए रखा। सांसें थमने के बाद टब का वाॅल्व खोलकर पानी बहा दिया।
ढक्कन साफ कर रसोईघर में रख दिया
इससे खून के छींटे-धब्बे भी बह गए। कुकर का ढक्कन साफ कर रसोईघर में रख दिया। घटना छिपाने के लिए बाइक से मॉर्निंग वॉक पर निकल गया। कुछ समय बाद घर लौटकर भाइयों भूपेंद्र व संदीप को बुलाया। शालिनी के गिरने से चोट लगने की बात बताकर कार से तांबेश्वर मंदिर के पास स्थित एक नर्सिंग होम ले गया।
दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया
यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव लेकर घर लौट आया। सभी को शालिनी की गिरने से मौत होना बताया। घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने आला कत्ल कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के गिलास के छह टुकड़े, टब, मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद व बाइक बरामद की।
कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा
इस मामले में राधानगर थाने के जख्नी गांव के पूर्व प्रधान धर्म सिंह की ओर से पुत्री की हत्या की प्राथमिकी दिलीप व उसके भाइयों भूपेंद्र, संदीप के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि दिलीप को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है। बाकी आरोपियों के खिलाफ विवेचना चल रही है।
अब होगी निलंबन की कार्रवाई, भाइयों की जांच शुरू
पुलिस की ओर से शिक्षा विभाग को दिलीप यादव के जेल भेजे जाने की जानकारी पत्राचार के जरिये दी जाएगी। बीएसए प्रिंशी मौर्या ने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से शिक्षक की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हत्यारोपी दिलीप के शिक्षक भाइयों भूपेंद्र व संदीप की घटना में भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
बेगुनाह साबित करने के लिए कोतवाली में फंदा कसने का नाटक भी रचा
आरोपी दिलीप मधुमेह से पीड़ित है। उसने पूर्व में वकालत भी कर रखी है। खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए कोतवाली में फंदा कसने का नाटक भी रचा था। इसी वजह से पूछताछ के दौरान पुलिस उस पर ज्यादा दबाव नहीं बना पा रही थी।
कहीं पत्नी न करा दे उसकी हत्या
पूछताछ के दौरान पुलिस को आभास हुआ कि दिलीप सनकी किस्म का है। उसने बताया कि उसे पत्नी के किसी से प्रेम प्रसंग होने का शक था। इसे आजमाने के लिए घटना से एक दिन पहले दोपहर में उसने पत्नी को फोन किया। पहले पत्नी ने आने से इन्कार किया लेकिन कुछ मिनट बाद ही घर आ गई।
पति की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं
उसे लगता था कि वह स्कूल के बहाने किसी के साथ कहीं आती-जाती है। इन दिनों पत्नियों द्वारा प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। उसे भी लगता था कि किसी दिन पत्नी उसकी जान ले सकती है। इसी वजह से करीब छह माह से वह सोच रहा था कि पत्नी की हत्या कब और कैसे करे जिससे हत्या दुर्घटना प्रतीत हो।
सूर्या नहीं लगा सका सुराग, ढक्कन में रक्त की पुष्टि
घटना के बाद ट्रैकर डॉग सूर्या को लेकर पुलिस तीन बार घटनास्थल पर लेकर पहुंची। घटनास्थल पर पहले ही साक्ष्य मिटाए जा चुके थे। बाकी चहलकदमी में नष्ट हो गए। सूर्या को कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को एक बड़ा चाकू भी मिला था लेकिन उसमें रक्त की पुष्टि नहीं हुई थी। आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस कुकर का ढक्कन लेकर आई। इसमें रक्त की पुष्टि हुई है।
बेटे के बयान पर किसी ने नहीं दिया ध्यान
शिक्षिका मां की मौत के बाद बेटे दर्शित ने रोते हुए बताया था कि घटना से चंद दिन पहले मम्मी अपने किसी दोस्त से बातचीत कर रही थीं। पापा ने उस समय मम्मी को डांटा था और कहा था कि तुमको नाना के यहां छोड़ आते हैं। उसके बाद मम्मी को देख लेंगे। बेटे के बयान से साफ था कि शिक्षक ने पत्नी को नाना के घर छोड़ने के बाद उसे जल्द से जल्द ठिकाने लगाने की ठान ली थी।