शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु (करेंटी घाट) पर मंगलवार सुबह स्कूटी, चप्पल और बिना बैटरी व सिम का कीपैड मोबाइल मिलने से सनसनी फैल गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर स्कूटी का नंबर वायरल हो गया। जानकारी के अनुसार स्कूटी चाकवन निवासी 37 वर्षीय नदीम पुत्र नसीम अहमद के नाम पर रजिस्टर्ड है जो सोमवार शाम से लापता है।
नदीम मूल रूप से भरवारी के खल्लाबाद का रहने वाला है और चाकवन में किराये के मकान में परिवार के साथ रहकर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता था। सोमवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह चौराहे जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह करेंटी घाट स्थित सेतु पर उसकी स्कूटी, चप्पल और मोबाइल मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग गंगा में छलांग लगाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ अपहरण की संभावना भी व्यक्त कर रहे हैं। सूचना पर मानिकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी समेत अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की तलाश की मांग करते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। संवाद