Lakhimpur Kheri: स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- देश के विभाजन के लिए जिन्ना नहीं, हिंदू महासभा जिम्मेदार
अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने हिंदू महासभा पर बड़ा बयान दिया है। पलिया में जनसभा को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद ने कहा कि देश के विभाजन के लिए जिन्ना नहीं, बल्कि हिंदू महासभा जिम्मेदार है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के पलियाकलां में अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने रविवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 1947 में देश का बंटवारा मोहम्मद अली जिन्ना की मांग पर नहीं, बल्कि हिंदू महासभा की जिद के कारण हुआ था। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आज फिर से देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग उठ रही है। इसका परिणाम पिछले विभाजन से भी ज्यादा भयानक हो सकता है।
मौर्य ने कहा कि दुनिया के मानचित्र पर भारत की पहचान भगवान बुद्ध के शांति संदेश से है, न कि राम और कृष्ण के नाम पर। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की साजिश रच रही है। माघ मेले का जिक्र करते हुए उन्होंने शंकराचार्य पर भी कटाक्ष किया और कहा कि उन्हें देश के सम्मान से ज्यादा अपने व्यक्तिगत सम्मान की चिंता है। सरकार विश्व गुरु बनाने के नाम पर एयरपोर्ट, बंदरगाह और ट्रेनें बेच रही है। यूजीसी एक्ट के जरिये दलितों और पिछड़ों को रिझाने की भाजपा की चाल उल्टी पड़ गई है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी जनता पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता कर इन्हीं बातों को दोहराते हुए अपने तेवर साफ कर दिए।
मैलानी में निकाली गई शोभायात्रा
मैलानी में संत रविदास जयंती पर रविवार को ग्रामीण इलाकों में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पोहकरपुर स्थित आंबेडकर पार्क से शुरू होकर भोलापुर, सुवाबोझ, लक्ष्मीपुर, मथुरापुर, मुल्लापुर, लोचनपुर गांवों से होते हुए वापस लोचनपुर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर आदि की मूर्तियां शामिल रहीं। शोभायात्रा में सुवाबोझ प्रधान शंकर लाल, अवनीश यादव सोनू, नगरजीत, रोशन, बबलू, जमुना प्रसाद, राम कवल, पन्ना लाल, जवाहर, राम लखन गोंड शामिल हुए।
