अमिला। सावन माह के शुभारंभ के साथ ही शिवभक्तों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के बहरामपुर थानीदास से शनिवार की सुबह शिक्षक कांवरिया संघ के तत्वावधान में श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व शिवभक्तों ने मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इसके बाद हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयघोष के बीच हरिहर प्रजापति, गुड्डू, मिंटू दुबे, शिव मौर्य, हरेंद्र राजभर, राम भरोसे, जशवंत सिंह सहित अन्य श्रद्धालु अपनी धार्मिक यात्रा पर निकल पड़े। श्रद्धालु पहले बिहार के सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान करेंगे। इसके बाद पवित्र गंगाजल लेकर पदयात्रा के माध्यम से झारखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके उपरांत श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ मंदिर में भी जल अर्पित करेंगे तथा जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण करेंगे। बाबा बैद्यनाथ धाम की यह यात्रा पिछले 20 वर्षों से शिवभक्त पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता कर रहे हैं