मऊ। सावन के तीसरे दिन शनिवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए नगर सहित जिले के शिवमंदिरों में भक्त उमड़े।
श्रद्धालुओं ने बिल्व पत्र, भांग-धतूरा, गंगाजल, दूध-दही, पुष्प, पंचामृत, शहद से शिवलिंग का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी किया।
गाजीपुर से गंगा जल लेकर चले कांवड़िए पैदल ही वापस लौटे और बोल बम के जयकारे के साथ विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, सहित विभिन्न मंदिरों पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अमिलो : बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के बहरामपुर थानीदास से शनिवार की सुबह शिक्षक कांवरिया संघ के तत्वावधान में श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। शिवभक्तों ने मंदिर में पूजन-अर्चन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।