Meerut: मेरठ-करनाल हाईवे पर बस-ट्रक की टक्कर, मची अफरा-तफरी, चार यात्री घायल
मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा गांव के पास देर रात प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर में चार यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
विस्तार
मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार देर रात एक प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर में चार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
दबथुवा गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बस चालक नईम हिमाचल प्रदेश से यात्रियों को लेकर बरेली के रास्ते चंडीगढ़ जा रहा था। बुधवार देर रात करीब दो बजे जब बस मेरठ-करनाल हाईवे पर दबथुवा गांव के पास एक पेट्रोल पंप के निकट पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही बस अनियंत्रित हो गई और ट्रक से टकरा गई।
यह भी पढ़ें: Meerut: निर्देशक के होटल रूम से लाखों की चोरी का खुलासा, 40 किमी पैदल चला, पांच घंटे रेकी के बाद की वारदात
चार यात्री हुए घायल
हादसे में मुजफ्फरनगर जिले के थाना पुरकाजी क्षेत्र के तुगलपुर गांव निवासी संजय पुत्र मदनलाल, पीलीभीत निवासी शिकृति पुत्री छब्बूलाल, लुधियाना निवासी सुखेंद्र पुत्र गुरनाम और अमरोहा निवासी आंचल पुत्री जसवंत सिंह घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
ट्रक चालक मौके से फरार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरधना सीएचसी में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि देर रात बस और ट्रक की टक्कर में चार लोग घायल हुए हैं। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।