सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Meerut police solve hotel theft case, accused walked 40 km and surveyed for 5 hours before stealing

Meerut: निर्देशक के होटल रूम से लाखों की चोरी का खुलासा, 40 किमी पैदल चला, पांच घंटे रेकी के बाद की वारदात

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Thu, 12 Mar 2026 10:03 AM IST
विज्ञापन
सार

मेरठ के होटल द कॉन्वे में निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ तिवारी के कमरे से लाखों का सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 40 किमी पैदल चलकर आया और पांच घंटे रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया।

Meerut police solve hotel theft case, accused walked 40 km and surveyed for 5 hours before stealing
पुलिस गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ में होटल द कॉन्वे में ठहरे टीवी सीरियल निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी के कमरे से लाखों रुपये का सामान चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने पुलिस एन्क्लेव निवासी शुभम उर्फ भोला को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर वारदात की जगह तक पहुंचा और पांच घंटे तक रेकी करने के बाद चोरी को अंजाम दिया।

Trending Videos


एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने होटल के कमरे में घुसकर करीब 17 मिनट में लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: Israel-Iran War: गैस किल्लत की खबरों के बीच वेस्ट यूपी में एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, सुबह से लग रही लंबी कतारें 

निर्माता के कमरे से सात लाख की घड़ी सहित सामान चोरी
मुंबई के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स निवासी सीरियल निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी ने ब्रह्मपुरी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मेरठ आए थे और शॉप्रिक्स मॉल के पास स्थित होटल द कॉन्वे की पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 507 में ठहरे थे।

कमरे का एसी खराब होने के कारण उन्होंने होटल स्टाफ से शिकायत की थी और इसी वजह से कमरे का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया था। शुक्रवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो पता चला कि कमरे से सात लाख रुपये की घड़ी, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका है। सिद्धार्थ तिवारी मेरठ अपने नए सीरियल की तैयारियों के सिलसिले में आए थे।

मां की डांट के बाद घर से निकला आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम उर्फ भोला को शराब पीने पर उसकी मां ने डांट दिया था। इसके बाद वह नंगे पैर ही घर से निकल गया और मोहिद्दीनपुर होते हुए शॉप्रिक्स मॉल के पास पहुंचा।

रात करीब नौ बजे से उसने होटल के आसपास रेकी शुरू की। करीब पांच घंटे तक इलाके का निरीक्षण करने के बाद रात लगभग 2:45 बजे वह होटल के कमरे में घुसा और 17 मिनट के भीतर चोरी की वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया। 

पुलिस को गुमराह करने के लिए पैदल चलता रहा
एसपी सिटी के अनुसार आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शहर में कई किलोमीटर पैदल यात्रा की। घटना के बाद वह ध्यानचंद नगर, परतापुर इंटरचेंज और दिल्ली एक्सप्रेसवे के रास्ते घूमता रहा और बाद में ई-रिक्शा से बेगमपुल पहुंचा। इसके बाद वह पैदल ही अपने घर लौट गया।

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस की छह टीमें लगी थीं और करीब 550 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी। ध्यानचंद नगर में एसटीपी प्लांट के पास एक फैक्टरी कर्मचारी से सिम कार्ड निकालने के लिए पिन मांगने की फुटेज इस मामले के खुलासे में अहम साबित हुई। पुलिस ने आरोपी को ध्यानचंद नगर से गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एप्पल आईपैड प्रो, एप्पल पेंसिल प्रो, ब्राइटलिंग की घड़ी, एप्पल एयरपॉड्स मैक्स, इम्पोरियो अर्मानी कैप, जूते, पर्स, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी ने चोरी के 25 हजार रुपये खर्च कर दिए थे।

स्टेरॉयड इंजेक्शन से बिगड़ी थी हालत
एसपी सिटी के अनुसार 29 वर्षीय आरोपी शुभम अविवाहित है और अपने पिता व भाई के साथ स्टेशनरी की दुकान चलाता है। उसे जिम जाने का शौक था और बॉडी बनाने के लिए वह स्टेरॉयड इंजेक्शन लेने लगा था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। तीन महीने पहले तक उसका इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इसी कारण उसके परिजनों ने उसके शराब पीने पर रोक लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed