Meerut: तीन बच्चों के सामने मां का कत्ल, कमरे में गला रेतकर हत्या, सुबह लहूलुहान मिला शव
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में बशीर के खेत के पास एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला अपने तीन बच्चों के साथ घर की पहली मंजिल पर सो रही थी। सुबह घटना का पता चलने पर इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर की पहली मंजिल पर अपनी तीन बेटियों के साथ सो रही 27 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
कमरे में सोते समय की गई हत्या
जानकारी के अनुसार लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बशीर के खेत के पास रहने वाली 27 वर्षीय कौशर बृहस्पतिवार रात अपने घर की पहली मंजिल स्थित कमरे में तीन बेटियों के साथ सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया। घटना के समय तीनों बेटियां भी कमरे में मौजूद थीं।
पति मंडी गए थे, सुबह चला पता
बताया गया कि महिला का पति शाकिब उस समय मंडी गए हुए थे। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
मामले की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ जांच दल भी मौके पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाए गए। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि महिला का पति मंडी गए हुए थे। उसी दौरान यह वारदात हुई। जांच दल और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
