Meerut: कचरे से भरी ट्रॉली बनी काल, बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, सब्जी आढ़ती की दर्दनाक मौत
मेरठ के दौराला में कचरे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सब्जी आढ़ती कुलदीप सैनी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में दौराला-मसूरी मार्ग पर काली नदी पुल के पास सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में मवाना निवासी सब्जी आढ़ती कुलदीप सैनी (40) की मौत हो गई। कचरे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुलदीप और उनकी बाइक ट्रॉली में फंस गए, जिसके बाद चालक उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद खाई में पलटी ट्रॉली, चालक फरार
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पास मिले आधार पत्र के आधार पर मृतक की पहचान मवाना निवासी कुलदीप सैनी के रूप में की।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: अषाढ़ लगा मॉनसून लापता, उमस बरकरार, काली घटा छाईं लेकिन बारिश के लिए दो दिन इंतजार
देहरादून से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के चचेरे भाई राजकुमार सैनी ने बताया कि कुलदीप मवाना सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करते थे। वह 24 जून को किसी कार्य से देहरादून गए थे। उन्होंने दौराला में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी और रेलगाड़ी से देहरादून पहुंचे थे। सोमवार रात लौटने के बाद वह मोटरसाइकिल से मवाना जा रहे थे। इसी दौरान काली नदी पुल के पास यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, दौराला से रवाना होने से पहले कुलदीप ने अपनी पत्नी सपना को फोन कर घर पहुंचने की जानकारी दी थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर पत्नी लगातार उन्हें फोन करती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में पुलिस से हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक अपने पीछे पत्नी सपना, 11 वर्षीय पुत्र वंश और छह वर्षीय पुत्री तन्वी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि काली नदी पुल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मृत्यु हुई है। शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फरार चालक की तलाश की जा रही है।