Meerut: कातिल ननद का कबूलनामा, चाकू से की थी भाभी की हत्या, शक बना कत्ल की वजह, पुलिस पूछताछ में उगला सच
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार ननद ने शक के चलते भाभी पर चाकू से हमला किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमद नगर में महिला निदा की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए उसकी ननद रिमषा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को शक था कि उसकी भाभी उसके पति से बात करती है। इसी शक के चलते हुए विवाद में उसने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
हादसे का दिया गया था रूप
अहमद नगर गली नंबर-दो निवासी शावेज की शादी करीब सात वर्ष पहले लिसाड़ी गेट निवासी निदा से हुई थी। रविवार को महिला के मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शव फर्श पर पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। गले और हाथ पर चोट के निशान देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Meerut: सरधना में फर्नीचर शोरूम और गोदाम में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
जांच में सामने आई हत्या की सच्चाई
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को पता चला कि महिला की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि चाकू से किए गए हमले के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और आरोपी ननद रिमषा को गिरफ्तार कर लिया।
शक बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार रिमषा को लंबे समय से शक था कि उसकी भाभी निदा उसके पति से बातचीत करती है। घटना के समय रिमषा अपने मायके आई हुई थी। रविवार को जब निदा अपने पति के साथ मायके जाने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में रिमषा ने रसोई से चाकू उठाकर भाभी पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी और अन्य परिजनों ने घटना को हादसा दिखाने का प्रयास किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।