सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Women Continue Protest In Central Market, Hold Sit-In Despite Police Action, Meet Cantt MLA

Meerut: सेंट्रल मार्केट में महिलाओं का धरना जारी, धूप में चौपाल लगाकर विरोध, कैंट विधायक से लगाई गुहार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Tue, 19 May 2026 12:43 PM IST
विज्ञापन
सार

मेरठ के सेंट्रल मार्केट में सैट बैक विवाद को लेकर महिलाओं का धरना जारी है। पुलिस द्वारा टेंट हटाए जाने के बाद भी महिलाएं धूप में चौपाल लगाकर प्रदर्शन करती रहीं और कैंट विधायक से मिलकर अपनी मांगें रखीं।

Women Continue Protest In Central Market, Hold Sit-In Despite Police Action, Meet Cantt MLA
सेंट्रल मार्केट विवाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ के सेंट्रल मार्केट क्षेत्र में सैट बैक के विरोध में महिलाओं का धरना सोमवार को भी जारी रहा। रविवार को भारी पुलिस बल ने विरोध के बीच धरनास्थल से टेंट हटा दिया था, लेकिन इसके बावजूद महिलाओं के इरादे कमजोर नहीं पड़े। सोमवार को भी महिलाओं ने धरने पर हनुमान चालीसा का पाठ किया, वहीं मंगलवार को भी तेज धूप में महिलाएं धरने पर बैठी रहीं।

Trending Videos


महिलाएं अपने घरों के बाहर ही इकट्ठा हुईं और चौपाल लगाकर धरने पर बैठ गईं। चिलचिलाती धूप के बीच दिनभर महिलाएं धरनास्थल पर डटी रहीं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक आंदोलन जारी रहेगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी धरना खत्म कराने की साजिश कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: UP: इस बात से बौखला गया था अंकुश, छात्रा के फोन में मिले थे मैसेज, हत्या से उबाल; पोस्टमार्टम में ये खुलासा

विज्ञापन

छोटे लोगों पर कार्रवाई का आरोप
धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि उनके मकान अल्प और दुर्बल आय वर्ग के हैं। इन मकानों में छोटी दुकानें चलाकर ही उनका जीवनयापन होता था। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद उन्होंने घरों में चल रही दुकानों को बंद भी कर दिया है।

इसके बावजूद आवास एवं विकास परिषद के अधिकारी सैट बैक छोड़ने के नाम पर उन्हें लगातार दबाव में ले रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि उनके मकान पिलर पर नहीं बने हैं और चार इंच की दीवारों पर खड़े हैं। ऐसे में हल्का प्रहार भी मकानों को गिरा सकता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में उच्च आय वर्ग के कई भवनों में बड़े प्रतिष्ठान, बैंक, सैलून और अन्य व्यापार चल रहे हैं, लेकिन कार्रवाई छोटे लोगों पर ही की जा रही है।

अपने घरों पर नहीं चलने देंगे बुलडोजर
धरनास्थल पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि कुछ व्यापारियों की शिकायत के कारण उनका टेंट हटवाया गया, लेकिन इससे उनके हौसले कमजोर नहीं होंगे। उनका कहना है कि यदि नियमों के विरुद्ध चल रहे बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई होती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी, लेकिन अपने घरों पर बुलडोजर नहीं चलने देंगे।

 

भजन-कीर्तन कर किया हनुमान चालीसा का पाठ
गोल मंदिर के पास सेक्टर तीन और चार के चौराहे पर भी महिलाओं ने धरना दिया। यहां महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपने घरों को बचाने की प्रार्थना की।

शाम को महिलाएं कैंट विधायक अमित अग्रवाल से भी मिलीं और अपनी समस्याएं बताईं। महिलाओं के अनुसार विधायक ने अधिकारियों से फोन पर पूछा कि जब मूल नक्शे ही उपलब्ध नहीं हैं तो मानचित्र कैसे तैयार किए गए। विधायक ने मामले में सहयोग का आश्वासन दिया। हालांकि कुछ महिलाओं का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से लगातार आश्वासन तो मिल रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके पक्ष में कोई ठोस कदम जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed