Meerut: धरना स्थल से टेंट हटाया, धूप में कुर्सियां डाल बैठीं महिलाएं, पुलिस से तीखी नोकझोंक
मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट सेक्टर-2 में धरना दे रहीं महिलाओं का टेंट पुलिस ने हटवा दिया। इसके बाद महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आक्रोशित महिलाएं अपने घरों के बाहर कुर्सियां डालकर बैठ गईं और विरोध जारी रखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट सेक्टर-दो में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब पुलिस ने धरना दे रही महिलाओं का टेंट हटवा दिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान धरनास्थल पर लगे कूलर, मेज और दरी समेत अन्य सामान भी हटवा दिए गए।
कार्रवाई के दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं और उन्होंने प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।
टेंट हटते ही घरों के बाहर कुर्सियां डालकर बैठीं महिलाएं
टेंट हटाए जाने के बाद भी महिलाओं का विरोध थमा नहीं। आक्रोशित महिलाएं अपने-अपने घरों के बाहर कुर्सियां डालकर बैठ गईं और वहीं से विरोध जारी रखा। वहीं गोल मंदिर के पास सेक्टर-3 और 4 के चौराहे पर भी महिलाओं का धरना जारी रहा। यहां महिलाओं ने भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया।
पुलिस और महिलाओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक
रविवार को क्षेत्राधिकारी शुचिता सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और महिलाओं से धरना समाप्त करने को कहा। लेकिन महिलाएं सड़क पर ही डटी रहीं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टेंट और अन्य सामान हटवा दिया।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक गहमागहमी और तीखी नोकझोंक होती रही। रोती हुई महिलाओं ने कहा कि वे पहले ही घरों में चल रही अपनी दुकानें बंद कर चुकी हैं और अब सेट बैक के नाम पर उनके आशियाने भी उजाड़े जा रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला
कार्रवाई को लेकर क्षेत्राधिकारी शुचिता सिंह ने महिलाओं को समझाते हुए कहा कि यह मामला उच्चतम न्यायालय के आदेश से जुड़ा हुआ है। ऐसे में कानून हाथ में लेना उनके लिए नुकसानदायक होगा।
पुलिस की कार्रवाई के बाद धरनास्थल खाली हो गया, लेकिन दूसरी ओर गोल मंदिर के पास महिलाओं का विरोध जारी रहा। भीषण गर्मी के बीच बैठकर महिलाओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और अपने घर व दुकानों को बचाने की प्रार्थना की।