UP: युवती ने कुछ दिन पहले ही अपने प्रेमी को थार की गिफ्ट, उसने उसी में हत्या कर फेंकी लाश, युवक ने खोले राज
निर्यातक की लापता बेटी अदीला रहमान की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने देवापुर निवासी गुलफाम से पूछताछ के बाद यह दावा किया है। गुलफाम ने 29 जून को हत्या कर शव रुड़की में फेंकने की बात कबूली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निर्यातक की लापता बेटी अदीला रहमान की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने यह दावा देवापुर निवासी गुलफाम से पूछताछ के बाद किया है। अदीला पच्चीस जून को एलएलबी का पेपर देने की कहकर घर से निकली थी। 29 जून को उसकी लोकेशन दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल नंबर एक पर मिली थी। यह तो साफ हो गया था कि उसने हवाई सफर किया था लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। जब घर वालों को कोई जानकारी नहीं मिली तो कटघर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया।
युवती के परिवार वालों ने घर से मिली एक निकाहनामा की रसीद भी पुलिस को दी जिस पर दूल्हे का नाम गुलफाम दर्ज था। पुलिस ने देवापुर निवासी गुलफाम की तलाश तेज की तो उसने रामपुर के गंज थाने में दर्ज मुकदमे में सरेंडर कर दिया और जेल चला गया। कटघर पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो पूरा खुलासा हो गया। उसने बताया कि 29 जून को अदीला की हत्या कर दी थी और लाश को लेकर रुड़की पहुंचा और वहां शव को फेंक दिया था। वह पूरी रात शव लेकर सफर करता रहा।
अदीला हैदराबाद में रहकर कर रही थी पढ़ाई
कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी व्यवसायी अदिव उर रहमान की बेटी अदीला रहमान हैदराबाद में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। परिवार वालों ने जो पुलिस को बताया था उसके मुताबिक वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थी। बेटी के गायब होने पर परिजनों ने छानबीन की। इसके बाद पता चला कि वह दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल नंबर एक पर हवाई जहाज से उतरी थी। इसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं मिली।
मां ने 18 जुलाई को पुलिस को दी तहरीर
परिजनों के तलाश करने के बावजूद अदीला का पता नहीं चल सका। इसके बाद उसकी मां ने 18 जुलाई को कटघर पुलिस को तहरीर दी। मां ने पुलिस को बताया कि देवापुर निवासी गुलफाम अली और इसके भाई कुरबान अली ने उनकी बेटी अदीला रहमान को गायब कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दोनों भाइयों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की टीम ने छानबीन की तो पता चला कि गुलफाम अली ने रामपुर के गंज थाने में एक साल पहले दर्ज हुए हत्या के प्रयास के मामले में एक जुलाई को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट से आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए प्रार्थनापत्र दिया।
थार उपहार में दी थी
अनुमति मिलने के बाद कटघर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने टीम के साथ रामपुर जेल में आरोपी से पूछताछ की। आरोपी गुलफाम ने घटना की सिलसिलेवार जानकारी दी। बताया कि उसने अजमेर में अदीला के साथ निकाह कर लिया था। इस मामले में परिजनों को जानकारी नहीं दी गई थी। दोनों नोएडा में किराये का फ्लैट लेकर रहने लगे। अदीला उस पर दबाव बनाती थी कि वह परिवार से बात नहीं करेगा। अदीला गुलफाम का जेब खर्च तक देती थी। उसने निकाह के बाद गुलफाम को एक थार गाड़ी भी उपहार के तौर पर दी। दोनों के बीच परिवार को लेकर झगड़ा होता था। नाराज होकर अदीला 29 जून को दिल्ली से मुरादाबाद के लिए टैक्सी लेकर निकली।
नहर में फेंका शव
अदीला रात में जोया पहुंची तो गुलफाम अली उसे लेने के लिए कार से पहुंच गया था। दोनों के बीच कार में भी परिवार को लेकर विवाद होने लगा। दोनों दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित पुराने टोल पर पहुंच गए। यहां पर आकर गुलफाम ने अदीला के कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। हत्या के बाद शव को कार में छिपाकर रात को करीब बारह बजे वह रुड़की तक गया। वह सुबह तक पहुंचा और वहां उसने एक नहर में शव को फेंक दिया और रामपुर अपने दोस्त के पास पहुंच गया।
72 घंटे तक शिनाख्त का किया प्रयास
दोस्त के घर रात भर रहने के बाद सुबह अपने घर गया। कार को खड़ी करने के बाद उसने योजना के तहत हत्या के प्रयास के पुराने मामले में आत्मसमर्पण कर दिया। इधर युवती का शव चार जुलाई को रुड़की के मंगलौर स्थित नहर में मिल गया। रुड़की पुलिस ने 72 घंटे तक अज्ञात शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर शव की अंतिम संस्कार भी करा दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी ने पूछताछ की है। आरोपी के द्वारा दिए गए बयान की जांच कराई जा रही है। अब पुलिस गुलफाम को पुलिस कस्टडी में लेकर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कार बरामद करेगी।