यूपी में दर्दनाक हादसा: पेशाब करने निकले युवक पर गिरा हाइटेंशन तार, गंभीर रूप से झुलसा; आठ घंटे बाद मौत
Sonbhadra News: सोनभद्र से सटे चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में लघुशंका के लिए घर से निकले 23 वर्षीय युवक सुभाष पर अचानक हाइटेंशन तार गिर गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: सोनभद्र जिले से सटे चकरघट्टा (चंदौली) थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में हाइटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के अदलगंज निवासी सुभाष (23) का परिवार चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में भी रहता है। सुभाष ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रयागराज के एक कॉलेज में डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी) कोर्स में प्रवेश लिया था। इन दिनों वह पिपराही स्थित अपने घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा था।
मृतक के चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे सुभाष घर से बाहर निकला था। वह कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि अचानक ऊपर से गुजर रहा हाइटेंशन विद्युत तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। तार गिरते ही वह करंट की चपेट में आ गया। बताया गया कि उसने खुद को बचाने और तार हटाने का प्रयास किया, लेकिन तेज करंट के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग को तत्काल सूचना दी गई। हालांकि बिजली आपूर्ति बंद होने तक सुभाष बुरी तरह झुलस चुका था। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए सोनभद्र मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण देर रात उसने दम तोड़ दिया।
सुभाष दो भाइयों में छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।