कोन (सोनभद्र)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी स्व. जयप्रकाश चतुर्वेदी को श्रद्धांजलि देने शनिवार को लोगों का हुजूम उमड़ा। पैतृक गांव चांचीकला में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि पहुंचे। सभी ने स्व. चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने स्व. चतुर्वेदी के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि स्व. चतुर्वेदी ने क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका व्यक्तित्व और मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में जिले प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, जिला प्रभारी अशोक चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, रमेश मिश्रा, ओंकार केशरी, डाला के मुकेश जैन, अनूप तिवारी, सपा के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने स्व. चतुर्वेदी को क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कहा कि स्व. चतुर्वेदी क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सक्रिय रहे और सभी वर्गों के लोगों के बीच उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी मार्गदर्शक खो दिया है।

रॉबर्ट्सगंज के तेंदु गांव में भाजपा नेता रमेश मिश्रा के आवास पर तेलंगाना के राज्यपाल का स्वागत - फोटो : 1