Varanasi Top News: 25 लाख के 107 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, गंगा में मिला शव; पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें कैंट पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की टीम द्वारा गांजा तस्कर की गिरफ्तारी व पर्स चोरी करने वाले दो आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई खबरें शामिल रहीं।
विस्तार
अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के आरोपी अजय गिरि को कैंट पुलिस और एसटीएफ ने रविवार की सुबह फुलवरिया के इमलिया घाट से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चार पहिया वाहन में छिपाकर रखे 107.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद का निवासी है। बरामद गांजा की कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई है।
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि ओडिशा से गांजा की खेप लाकर वह वाराणसी, मऊ, जौनपुर आदि क्षेत्रों में बेचता है। महीने में तीन बार गांजा की तस्करी कर चुका है। कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। ओडिशा में किससे गांजा खरीदता था और वाराणसी, मऊ समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में किन लोगों को बेचता था, सभी का ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
आरोपी के पास से बरामद दो मोबाइल से कई लोगों के नंबर और व्हाट्सएप चैट मिले हैं। जल्द ही उन लोगों को भी रडार पर लिया जाएगा। आरोपी के कब्जे से चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी टीम में एसटीएफ लखनऊ के एसआई अमित कुमार तिवारी, आशुतोष तिवारी, स्वरूप पांडेय आदि रहे।
ई-रिक्शा सवार महिला का आभूषण से भरा पर्स चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
महिला का आभूषण से भरा पर्स चोरी करने के दो आरोपी डब्बू और शाहिद को लंका पुलिस ने शनिवार की रात सामनेघाट जजेज गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डब्बू निवासी बजरडीहा सुरजन सराय और बौलिया, लहरतारा निवासी शाहिद हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हफ्ते भर पूर्व लंका चौराहे के पास ई-रिक्शा सवार महिला का पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया था। रात में सुनसान स्थलों पर लोगों से चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। महिला के पर्स से बरामद आभूषण बेचने की फिराक में थे। नगवा चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह और एसआई स्वप्निल सिंह ने दोनों की गिरफ्तारी की।
गंगा में मिला अज्ञात महिला का शव
आदमपुर थाना क्षेत्र के मच्छोदरी स्थित त्रिलोचन घाट पर रविवार देर शाम गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। घाट पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 55 वर्ष है और हुलिये से वह दक्षिण भारतीय प्रतीत हो रही है। देर रात तक पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई गई है। आसपास के थानों से भी संपर्क कर शिनाख्त का प्रयास जारी।
भीड़ में महिला की चेन गायब
बंद मकान से नकद व आभूषण चोरी, मुकदमा दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर साईं नगर कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को खंगाला। यहां नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया। घटना शुक्रवार रात की है। पीड़िता सोनी यादव ने बताया कि वह शुक्रवार को अपना मकान बंद कर परिवार के साथ चौबेपुर के कटहरगंज टेकरी स्थित गांव में तिलक समारोह में शामिल होने गई थीं। शनिवार सुबह जब वह वापस लौटीं और घर का गेट खोलकर अंदर पहुंचीं, तो कमरे का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखा करीब पांच हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें; 'ये शादी नहीं हो सकती': मंडप में सपने सजाए बैठा था दूल्हा, महाराष्ट्र से पहुंची प्रेमिका, अरमानों पर फिरा पानी
स्विगी इंस्टामार्ट स्टोर पर मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र में रानीपुर स्थित स्विगी इंस्टामार्ट स्टोर पर मारपीट में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टोर पर कार्यरत कचनार, राजातालाब निवासी अनिकेत वर्मा का आरोप है कि शनिवार को इंस्टामार्ट पॉड पर जॉइनिंग प्रक्रिया चल रही थी, तभी राइडर मोनू, नितिन यादव, प्रियांशु श्रीवास्तव और चंदन कुमार आए और मारपीट शुरू कर दी। नितिन यादव ने ईंट से वार किया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
चलती कार में लगी आग
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित पांडेयपुर चौकी अंतर्गत काली मंदिर फ्लाईओवर पर रविवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। कार में सवार अमरदीप गुप्ता सारनाथ से चौकाघाट स्थित अपने घर जा रहे थे। काली मंदिर फ्लाईओवर के पास अचानक वाहन में आग लग गई। आग लगते ही चालक और अन्य सवार घबराकर तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति घायल या हताहत नहीं हुआ।
परीक्षा देने गई छात्रा नहीं लौटी
पिंडरा थाना क्षेत्र निवासी बीएससी छात्रा परीक्षा देने गई, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार छात्रा शुक्रवार सुबह 10 बजे कॉलेज के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। छात्रा के भाई ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैर इरादतन हत्या का आरोपी गिरफ्तार
सेवापुरी थाना क्षेत्र के कपसेठी में गैर इरादतन हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त रामनरेश बिंद (36) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अभिषेक शुक्ला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनकी माता हेमा शुक्ला 13 अप्रैल को घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटीं। उनका मोबाइल भी बंद हो गया था, जिसके बाद 18 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उसी दिन लच्छापुर के पास एक ऑटो पलटने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। बाद में 17 अप्रैल को रामनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान हेमा शुक्ला के रूप में हुई। 26 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी रामनरेश बिंद, निवासी ग्राम चौर, को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि वाहन पलटने के बाद घायल महिला को अस्पताल न ले जाकर वह उसे कछवां मार्ग होते हुए भटौली घाट ले गया और साक्ष्य छिपाने के लिए गंगा में फेंक दिया।
मारपीट व लूट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के रमना गांव में शनिवार देर रात मारपीट, लूट और तोड़फोड़ के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। गांव निवासी विजय पटेल ने आरोप लगाया कि शादी से लौटते समय सुरेश यादव, मनोज यादव और महेश यादव ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी रोक ली। इसके बाद उन्हें जबरन बाहर खींचकर लाठी से पीटा और 22 हजार रुपये नकद व चेन छीन लिया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एटीएम कार्ड बदलकर 35 हजार रुपये की ठगी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी ककरमत्ता निवासी अशोक कुमार सिंह ने एटीएम कार्ड बदलकर 35 हजार रुपये की ठगी होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ककरमत्ता स्थित एटीएम मशीन से पांच हजार रुपये निकालने गए थे। इस दौरान कुछ लड़के एटीएम में घुसे और ट्रांजेक्शन के दौरान उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर चार बार में 35 हजार रुपये की निकासी का संदेश आया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी को फुसलाकर साथ ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशोरी को बहलाकर साथ ले जाने वाले आरोपी अंकित कुमार उर्फ कल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की मां ने इस मामले में 23 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। किशोरी को पुलिस ने 24 अप्रैल को बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी को 26 अप्रैल को शिवपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।
बच्चे को अलमारी में बंद करने का आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के धौरहिया गांव निवासी सूर्यबली बिंद ने कछवा रोड पुलिस चौकी पर रविवार की शाम गांव के अलमारी कारखाना संचालक रेहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी। आरोप लगाया कि बेटा आशु बिंद (4) अपनी दादी सतनी देवी के साथ गांव में जा रहा था और कारखाने के पास पहुंच गया। वहां चादर की कटिंग की पट्टी लेकर खेलने लगा। ऐसे में आरोपी ने आशु को अलमारी में बंद कर दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
चोलापुर क्षेत्र के पलहीपट्टी चौराहे पर रविवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रिंस यादव (30), निवासी तेतारपुर, चौबेपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर किया गया। आरोपी चालक फरार है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार
जंसा थाना क्षेत्र के हरिहरपुर बाजार में हुई चोरी के आरोपी दिलेश्वर प्रजापति (29) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर दो गैस सिलिंडर, एक मिक्सर मशीन, 2 सरसों तेल के डिब्बे और 480 रुपये नकद बरामद किए गए। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेजा गया।
युवक का मोबाइल छीनकर चलती ट्रेन में चढ़कर भागा
आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा मालगोदाम के पास एक युवक का मोबाइल लेकर दूसरा युवक फरार हो गया। अवलेशपुर चितईपुर निवासी राज ने बताया कि उसने ओएलएक्स एप पर अपने मोबाइल को बेचने के लिए पोस्ट डाला था। एक युवक से 12 हजार रुपये में बेचने के लिए ऑनलाइन बात हुई। खरीदार ने उसे गोलगड्डा माल गोदाम के समीप बुलाया। जैसे ही राज ने मोबाइल निकालकर दिखाया, आरोपी फोन लेकर भाग गया। राज ने उसका पीछा किया तो वह रेलवे ट्रैक की ओर भागते हुए गाजीपुर की तरफ जा रही मेमो ट्रेन में चढ़कर भाग निकला। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
