Babatpur Airport: 2870 करोड़ से 2027 तक बाबतपुर बनेगा हरित एयरपोर्ट, डीएम ने जाना हाल; दिए निर्देश
Varanasi News: बाबतपुर हवाई अड्डे को 2870 करोड़ रुपये की लागत से 2027 तक हरित एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सोमवार को एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने, निर्धारित समय में कार्य पूरा करने तथा यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Babatpur Airport Varanasi: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 2870 करोड़ रुपये से 2027 तक हरित एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इस परियोजना के तहत हवाई अड्डे की यात्री क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण किया और इस संबंध में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन नई टर्मिनल बिल्डिंग और रनवे के नीचे बन रही सुरंग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। हवाई अड्डे की यात्री क्षमता 3.9 करोड़ से बढ़ाकर 9.9 करोड़ प्रति वर्ष की जाएगी।
नया टर्मिनल 75,000 वर्ग मीटर में बनेगा, जिसकी क्षमता 6 करोड़ यात्री प्रति वर्ष संभालने की होगी। रनवे की लंबाई 2,750 मीटर से बढ़ाकर 4,075 मीटर की जा रही है। रनवे विस्तार के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 31 के नीचे एक सुरंग का निर्माण भी प्रगति पर है। एक नया एप्रन भी बनाया जा रहा है, जिससे एक साथ 20 से अधिक विमान खड़े हो सकेंगे। परियोजना पूरी होने पर हवाई अड्डा बड़े कार्गो और जंबो विमानों को संभाल सकेगा।
जिलाधिकारी ने गंजारी क्रिकेट स्टेडियम को देखा
डीएम गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा मौजूद रहे।
सिगरा स्टेडियम के पास दो मल्टीस्टोरी भवन 2027 तक बनेंगे
सिगरा स्टेडियम के अगल-बगल दो मल्टीस्टोरी का निर्माण 2027 में पूरा होगा। इसमें एक नगर निगम का सदन भवन है और दूसरा सिगरा का व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स है। जिसकी निगरानी लगातार मेयर अशोक कुमार तिवारी कर रहे हैं। सिगरा में बनने वाले व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में एक ही छत के नीचे होटल और बाजार होगा।
सिगरा स्टेडियम के पास 40.52 करोड़ रुपये की लागत से जी प्लस-6 भवन बनेगा। अंडरग्राउंड पार्किंग, मार्केट कॉम्प्लेक्स और होटल का निर्माण चल रहा है। 2600 वर्ग मीटर में फैली इस इमारत में अंडरग्राउंड पार्किंग होगी। जिसमें 56 कारें और 22 दोपहिया वाहन खड़े हो सकेंगे।
इससे निगम को 65 लाख रुपये मासिक आय होने का अनुमान है। निगम इन कॉम्प्लेक्स की दुकानों को बाजार दर पर 30 साल की लीज पर देगा। अनुबंध में समय-समय पर किराया वृद्धि का प्रावधान भी होगा। इसी प्रकार 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नगर निगम सदन भवन गंगा और शिवलिंग की थीम पर है।
जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है। आवश्यकता पड़ने पर इसे भविष्य में सात मंजिला (जी-प्लस सेवन) तक विस्तार देने का भी विकल्प रखा गया है। यह अपनी स्थापत्य कला से काशी की संस्कृति की झलक भी पेश करेगा।
भवन के भूतल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि आम जनता को एक ही परिसर में सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। यहां तीन अलग-अलग प्रभागों में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, कैंटीन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष प्रस्तावित हैं। चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों के कार्यालय के साथ-साथ एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। तृतीय तल पर मीटिंग रूम और टैक्स विभाग संचालित होंगे।