अंगीठी बनी मौत: कमरे में मिली पत्नी की लाश, पति बेहोश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; चंदौली में भयावह हादसा
Chandauli News: कटरिया गांव में किराए के कमरे में अगीठी जलाकर सोए दंपति में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति बेहोशी की हालत में मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के कमरे में एक दंपती संदिग्ध हालात में मिला। कमरे के भीतर पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि पति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। पति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रथम दृष्टया कमरे में अंगीठी जलाकर सोने की बात सामने आ रही है। हालांकि महिला की मौत जहरीली गैस या किसी अन्य कारण से हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
एक सप्ताह पहले ही किराए पर लिया था कमरा
जानकारी के अनुसार दंपती करीब एक सप्ताह पहले कटरिया गांव निवासी सुरेंद्र नारायण सिंह के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहने आया था। दोनों कटरिया स्थित इंडियन ऑयल के सामने पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बताया जा रहा है कि 13 अगस्त की देर रात दोनों कमरे में अगीठी जलाकर सो गए थे। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने इसकी सूचना जफरपुर चौकी पुलिस को दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर रानी देवी (19) पत्नी आकाश कुमार निवासी सुल्तानपुर, रामनगर, वाराणसी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। वहीं पति आकाश कुमार बेहोशी की हालत में मिला।
पुलिस ने तत्काल उसे नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पति की हालत नाजुक है और जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पत्नी की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।