सुविधा: घर के पास ही मिलेंगे डॉक्टर, जांच और रिपोर्ट भी, खुलेंगी पांच हेल्थ केयर यूनिट
वाराणसी जिले में अब घर के पास ही डॉक्टर मिलेंगे। इसके साथ ही जांच और रिपोर्ट भी मिल सकेगी। इसके लिए जिले में जल्द ही पांच हेल्थ केयर यूनिट और 15 उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे।
विस्तार
आगामी दिनों में घर के पास ही डॉक्टर के साथ- साथ जांच और रिपोर्ट भी मिल जाएगी। इसके लिए जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रह है। जिले में जल्द ही 5 हेल्थ केयर यूनिट और 15 उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। जिला पंचायत की ओर से इसके लिए 8.73 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को दी गई है।
जिले में शहर में भले ही स्वास्थ्य सुविधाएं अव्वल दर्जे की हों लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी न तो चिकित्सक मिल पाते हैं न ही जांच की सुविधा। पैथोलॉजी की सुविधा होते हुए भी सही रिपोर्ट नहीं मिलती, जिससे कई बार लोगों को जान गंवानी पड़ती है। जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। इसके लिए जिले में 5 नए हेल्थ केयर यूनिट और 15 नए उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जिला पंचायत की ओर से 8.73 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। जिला पंचायत ने बजट सुरक्षित रखा है। निर्माण की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण निगम को दी जाएगी।
सीएचसी का सुदृढ़ीकरण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेल्थ केयर यूनिट की स्थापना की जाएगी। इसके निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में ही बेहतर चिकित्सा सेवा मिल जाएगी। हेल्थ केयर यूनिटों में भी चिकित्सक के अलावा जांच आदि की सुविधा होगी। इससे भीड़ में कमी आएगी और सही इलाज भी मिल सकेगा।
इसे भी पढ़ें; पुलिस की सक्रियता से बची जान: हैदराबाद की महिला ने कहा जा रही हूं जान देने... 40 मिनट में पुलिस ने किया बरामद
पैथोलॉजी में होंगी आधुनिक जांच की सुविधाएं
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट जिसे उप स्वास्थ्य केंद्र भी कहते हैं यहां पैथोलॉजी की भी सुविधा होगी। यहां पैथोलॉजी लैब में कई प्रकार की उन्नत खून और अन्य जांचें भी होंगी। इन पैथोलॉजी में जिला अस्पताल या निजी लैब्स की तरह सुविधाएं होंगी।
स्वास्थ्य विभाग की चिह्नित जगह पर बनेंगे केंद्र
जिला पंचायत के अधिकारी ने बताया कि इन 20 स्वास्थ्य केंद्रों जिसमें 15 हेल्थ केयर यूनिट और 15 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं, के निर्माण का स्थान स्वास्थ्य विभाग को चिह्नित करना है। इसके लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्र के ब्लॉक में ही जगह तलाशी जा रही है।
क्या बोले अधिकारी
5 हेल्थ केयर यूनिट और 15 उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 8.73 करोड़ रुपये का बजट रिजर्व रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थान चिह्नित करते ही निर्माण शुरू होगा। राजकीय निर्माण निगम इन केंद्रों का निर्माण कराएगी। -श्रीकांत दुबे, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत