सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Three Dead in accidents Two Arrested in 16 Crore rupees Fraud Case

Varanasi News Today: वाराणसी में तीन लोगों की मौत, 16.62 करोड़ की ठगी मामले में दो गिरफ्तार; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 30 Mar 2026 01:36 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के भेलूपुर, लोहता और लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जमीन के नाम पर 16.62 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने उत्तरी गोवा से गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Three Dead in accidents Two Arrested in 16 Crore rupees Fraud Case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट के सामने रविवार को गंगा में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के सतारा जिले के ठोबरे मल्ला, लोंणद निवासी 15 वर्षीय प्रया मच्छिनेंद्रनाथ अपने पिता सचिन व अन्य परिजनों के साथ काशी भ्रमण पर आया था। 

Trending Videos


परिवार दो दिन पहले वाराणसी पहुंचा था और रविवार दोपहर गंगा स्नान करने के लिए केदार घाट गया था। स्नान के दौरान प्रया अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में समा गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने खोजबीन कर किशोर का शव बाहर निकाला। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

विषाक्त पदार्थ खाकर युवक ने दी जान, प्रेम प्रसंग का मामला
लोहता थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में रविवार को युवक ने विषाक्त का सेवन कर लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। परिजनों की तरफ तहरीर नहीं दी गई है।

परिजनों के अनुसार युवक का गांव की ही लड़की से प्रेम प्रसंग था। उससे शादी करना चाहता था लेकिन दोनों के परिजनों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था क्योंकि दोनों नजदीकी संबंध में आते थे। युवती की शादी कहीं और तय हो गई और रविवार को शादी थी। इस बात से आहत युवक ने शनिवार की देर रात विषाक्त का सेवन कर लिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

जानकारी के अनुसार युवक की मौत खबर पर लड़की ने भी जान देने की कोशिश की लेकिन उसे बचा लिया गया। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 

एमआर की पत्नी ने फंदे से लटककर जान दे दी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर नई बस्ती में रविवार को विवाहिता अन्नू देवी ने फंदा लगा कर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जांच की और साक्ष्य जुटाए। घटना के वक्त पति आवास विकास क्षेत्र में मैच खेल रहा था। वह एमआर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस के अनुसार पेशे से एमआर अजीत कुमार पत्नी अन्नू देवी के साथ नई बस्ती में किराये के मकान में रहते हैं। रविवार को कमरे का दरवाजा काफी देर तक बंद रहा। इस पर मकान मालिक संतोष कुमार सिंह ने आवाज लगाई लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद धक्का देकर दरवाजा खोला तो देखा कि अन्नू देवी कमरे में फंदे के सहारे पंखे से लटकी थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जांच की। 

पुलिस के अनुसार पति उस समय आवास विकास क्षेत्र में मैच खेलने गए हुए थे। मृतका मूल रूप से भदोही जिले के कटरा बाजार की रहने वाली थीं। उनकी शादी फरवरी 2018 में हुई थी। पति अजीत कुमार से पुलिस ने पूछताछ की। जान देने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई। दंपति का पांच वर्षीय बेटा भी है। मृतका के ससुर राजकुमार पास ही राज मिशन स्कूल के समीप नई बस्ती में अपने परिवार के साथ रहते हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिल्डर से 16.62 करोड़ की ठगी दो आरोपी गोवा से हुए गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन के नाम पर 16.62 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने परवरिम, उत्तरी गोवा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रजय प्रशन्ना शिरोड़कर (32) निवासी परवरिम, उत्तरी गोवा और अमित कुमार सिन्हा (44) निवासी पीपीसीएल कॉलोनी, देहरादून, हाल पता करंजालिम, उत्तरी गोवा के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, वादी अनुराग कुशवाहा निवासी साकेत नगर ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने जमीन से संबंधित फर्जी व कूटरचित दस्तावेज दिखाकर जमीन का सौदा किया। उक्त जमीन पर किसी महिला ने दावा कर दिया। 

जबकि उक्त जमीन के बदले आरोपियों ने उनसे 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये लिए थे। जब पैसा वापस मांगा तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस दोनों आरोपियों को गोवा से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

शाइन सिटी कंपनी पर 80 लाख रुपये ठगने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई
ठगी के मामलों को लेकर चर्चित शाइन सिटी पर कैंट थाने में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई। पत्रकारपुरम कॉलोनी निवासी सैय्यद अली (53) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाइन सिटी में उनसे निवेश के नाम पर करीब 80 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने शाइन सिटी के सीएमडी राशिद नसीम समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

सैय्यद अली ने आरोप लगाया कि उनके परिचित जावेद शेख, साकिर और जावेद निवासी साकी नाका, अंधेरी वेस्ट, मुंबई ने शाइन सिटी प्रोजेक्ट में निवेश करने का झांसा दिया। आरोप है कि आरोपियों ने एक वर्ष में निवेश की गई रकम दोगुनी करने का लालच दिया और प्लान तथा जमीन दिखाकर, साथ ही वीडियो कॉल के माध्यम से भरोसा दिलाया। आरोपियों ने उनसे करीब 30 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 50 लाख रुपये नकद निवेश करा लिए। इसके एवज में 18 माह का एक अनुबंध भी दिया गया। 

कुछ समय बाद कंपनी से जुड़े फर्जीवाड़े की जानकारी मिलने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। पीड़ित के मुताबिक वह अपनी रकम वापस लेने के लिए दुबई तक गया, जहां आरोपियों ने आंशिक भुगतान और चेक देकर बाकी रकम लौटाने का आश्वासन दिया। बाद में आरोप है कि आरोपियों ने गाली देते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

ट्रक-डीसीएम की टक्कर, केबिन में दबकर चालक की मौत, 30 बकरियां भी मरीं
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा रोड अंडरपास ब्रिज के ऊपर रविवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में डीसीएम चालक कमलेश कुमार (40) की केबिन में दबकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे में 30 बकरियां भी मारी गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस के अनुसार कानपुर से कोलकाता की ओर बकरियां लादकर जा रही डीसीएम ठटरा गांव के पास पहुंची ही थी कि आगे चल रहे कंटेनर का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद कंटेनर चालक ने ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे चल रही डीसीएम ने अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कमलेश कुमार निवासी खागा, फतेहपुर की केबिन में दबकर मौत हो गई। वहीं डीसीएम में बकरियों की देखरेख कर रहे असलम समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। सड़क पर कई बकरियां इधर-उधर भागती और घायल अवस्था में पड़ी रहीं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को उपचार के लिए भेजा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि चालक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सीईआईआर पोर्टल से 14 गुम मोबाइल बरामद
चौबेपुर पुलिस ने गुम हुए 14 मोबाइल फोन को सीईआईआर पोर्टल से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा। पुलिस के अनुसार, सीईआईआर पोर्टल की मदद से एक जनवरी से 28 मार्च के बीच गुम हुए 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके। 

22 लोगों पर गुंडा एक्ट 5 मामलों में प्राथमिकी
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत विशेष अभियान में पुलिस ने 22 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट में कार्रवाई की। पांच मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया। सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी के खिलाफ 6,693 वाहनों की जांच कर 798 का चालान किया गया और 35 वाहनों को सीज किया गया।  जिससे लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान 460 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

अधिवक्ता पर ईंट से हमला, लूट का आरोप
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव निवासी अधिवक्ता आकाश कुमार गौड़ पर बाइक सवार दो लोगों ने हमला कर दिया और मारपीट के दौरान सोने की चेन छीन ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि शनिवार की देर रात पीड़ित कपसेठी-बड़ागांव मार्ग पर लघुशंका के लिए रुका। इस दौरान बाइक से आए दो लोगों ने ईंट से सिर पर कई वार कर दिए। हमले में उनका सिर फट गया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम का कहना है कि प्रथम दृष्टया लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और मामला मारपीट का लग रहा है।

सोने की लॉकेट चोरी करने की आरोपी गिरफ्तार
लोहता के सरहरी गांव में शनिवार की शाम एक ब्यूटी पार्लर से सोने की लॉकेट चोरी करने वाली आरोपी रुखसाना को पुलिस ने रविवार को सरहरी ककरहिया मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लॉकेट बरामद हुआ है। ब्यूटी पार्लर में फेसियल कराने के बहाने रुखसाना ने अन्य महिला ग्राहक की लॉकेट चोरी कर भाग निकली थी। पुलिस ने सीसी कैमरे की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जंसा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

गैर इरादतन हत्या का 5वां आरोपी गिरफ्तार
सिंधौरा थाना के बूंची गांव में होली पर अश्लील गाना बजाने के विरोध पर गैर इरादतन हत्या मामले में वांछित संदीप कुमार को सिंधोरा पुलिस ने रविवार को सिंधौरा-फुलपुर मार्ग के बसंतपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। चार अन्य आरोपी पूर्व में जेल भेजे जा चुके हैं। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बूंची गांव में होली के दिन डीजे पर अशोभनीय गाने को लेकर विवाद के दौरान पिटाई में त्रिलोकी राम की मौत हो गई थी। पौत्र ने गैर इरादतन हत्या समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूर्व में 6 मार्च को आरोपियों में नरमू, मुन्नालाल, राज व हरिगोविंद को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

दो बाल अपचारी पकड़े गए
जानलेवा हमले मामले में दो बाल अपचारियों को लंका पुलिस ने रविवार को रविदास गेट के पास गली से पकड़ा। 25 मार्च को बाल अपचारियों ने एक युवक पर ईंट-पत्थर से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया था। पीड़ित पिता ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि बाल अपचारियों ने कहा कि उन्होंने अपमानित महसूस होने पर पीटा था। 

अपहरणकर्ता गिरफ्तार, नाबालिग मिला
किशोरी को अगवा करने के आरोपी आकाश साहनी को रामनगर पुलिस ने रविवार को सूजाबाद आर्मी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया गया। रामनगर थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि सूजाबाद चौकी इंचार्ज प्रशांत पांडेय की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया और अपहर्ता को बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी सूजाबाद का रहने वाला है। 

दो मामलों का पुलिस ने किया खुलासा
दो अलग-अलग घटनाओं का लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने खुलासा किया, साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और चोरी की आठ बैटरियां बरामद की गई हैं। रविवार सुबह सात बजे रिंग रोड ऐढ़े क्षेत्र से अभियुक्त ओमप्रकाश उपाध्याय (27) निवासी गोइठहां को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से छिनैती का मोबाइल फोन बरामद हुआ। 

इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह के अनुसार, 28 मार्च 2026 को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोककर मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया था। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने चोरी के मामले का भी खुलासा किया। आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र से अनिल कुमार पांडेय (25) निवासी कटेहरा चंदौली को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई आठ बैटरियां बरामद हुईं। 

बांस काटने के विवाद में पड़ोसियों में मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में रविवार सुबह बांस काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित धीरज चन्द्र विश्वकर्मा, निवासी पांडेयपुर, ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9:30 बजे वे अपने घर के पास बांस काट रहे थे। काटने के दौरान बांस का एक हिस्सा पड़ोसी के मकान की छत पर चला गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष की सीतावी देवी, राहुल पाल, पुष्पा पाल, बृजेश पाल उर्फ लालू पाल, सुभाष पाल उर्फ मल्लू पाल और सोनू पाल ने धीरज चन्द्र विश्वकर्मा ने मारपीट की। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

पशु आहार केंद्र से 50 हजार की उचक्कागिरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के शिवदासपुर बाजार में रविवार दोपहर पशु आहार की दुकान से उचक्कों ने 50 हजार रुपये उड़ा लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला। शिवदासपुर बाजार में सोभनाथ गुप्ता उर्फ चहेटू की पशु आहार व अन्य सामान की दुकान है। रविवार दोपहर बाइक से आए दो युवक काउंटर के पास खड़े हो गए। उसी दौरान दुकानदार दूसरे ग्राहक को सामान देने में व्यस्त था। 

सामान देने के बाद दुकानदार कैश काउंटर का ताला बंद कर चाबी वहीं टांगकर लघुशंका के लिए चला गया। इसी बीच मौका पाकर बाइक सवार दोनों उचक्कों ने चाबी से काउंटर का ताला खोल दिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। 

किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि किशोरी 16 मार्च को घर से बिना किसी को बताए चली गई। काफी देर तक घर वापस न आने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन की जा रही है। 

चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
लंका थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने के आरोपी अर्जुन कुमार निवासी सराय नंदन खोजवा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने तीन हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बीते दिनों बालाजी नगर कॉलोनी में एक बंद मकान में चोरी की थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 

अलमारी से गहने चोरी, प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी निवासी अच्छेलाल पटेल के घर से अलमारी में रखे जेवरात चोरी हो गए। भुक्तभोगी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में अच्छेलाल पटेल ने बताया कि 27 मार्च की रात मिर्जापुर स्थित विंध्याचल देवी के दर्शन करने गए थे। सुबह जब वह घर लौटे तो आलमारी में रखे जेवरात गायब मिले। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

गलत पहचान पत्र पर मुंबई जा रहे युवक-युवती को हिरासत में लिया, छोड़ा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक और युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में ले लिया गया। दोनों गलत पहचान पत्र के आधार पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने की तैयारी में थे। फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि युवती एक युवक के साथ बुर्का पहनकर एयरपोर्ट टर्मिनल के प्रवेश द्वार पर पहुंची थी। 

ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को उसके हाव-भाव और प्रस्तुत पहचान पत्र में कुछ विसंगतियां नजर आईं, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ। संशय के आधार पर महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा युवती को प्राइवेट स्क्रीनिंग के लिए ले जाया गया। जांच के दौरान उसकी पहचान अलग पाई गई, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर छोड़ दिया।

दस दिन बाद आज खुलेगा यूपी कॉलेज ऑफलाइन चलेंगी पीजी की कक्षाएं
यूपी कॉलेज में 20 मार्च को बीएससी के छात्र की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद से बंद कॉलेज सोमवार को 10 दिन बाद खुलेगा। 30 मार्च से कड़ी सुरक्षा के बीच पीजी की कक्षाओं को ऑफलाइन चलाने का निर्णय लिया गया है। कॉलेज में यूजी स्तर की कक्षाएं अभी ऑनलाइन ही चलेंगी। इसके लिए कॉलेज स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिसर में गेट से लेकर संकायों और क्लासरूम तक विद्यार्थियों और अन्य लोगों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

यूपी कॉलेज परिसर में कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में 20 मार्च को बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (20) की हत्या के बाद छात्रों की नाराजगी को देखते हुए एहतियातन कॉलेज बंद रखा गया था। 25 मार्च से सभी कक्षाएं ऑनलाइन चल रही थीं। अब सोमवार यानी 30 मार्च से कॉलेज को खोलने के साथ ही पीजी कक्षाओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। 

प्राचार्य प्रो. धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमए, एमकॉम, एमएससी, एमएससी एग्रीकल्चर, बीएड और बीलिब के विद्यार्थियों की कक्षाएं ऑफलाइन माध्यम से संचालित की जाएंगी। बगैर वैध परिचय पत्र के परिसर में किसी का प्रवेश नहीं होगा। इसके लिए पुलिस की मौजूदगी के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी तैनात रहेगी।

दिलावलपुर गांव में 11.82 लाख की दो सड़कों का हुआ शिलान्यास
दिलावलपुर गांव में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना से 11.82 लाख की लागत से दो सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। रविवार को पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा देवेंद्र प्रताप सिंह ने विधि विधान से पूजा की। उन्होंने बताया कि 8.77 लाख की लागत से दिलावलपुर में 178 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं 85 मीटर इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। इस अवसर पर अभिषेक दुबे, संदीप सिंह, आशीष सिंह मौजूद रहे। 

कुत्तों का पंजीकरण और बंध्याकरण होगा तेज
नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग की ओर से अब तक 19,000 कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है, जबकि 886 का पंजीकरण लोग करवा चुके हैं। नगर निगम ने हाल ही में आवारा कुत्तों के बंध्याकरण के लिए मेदांता से एमओयू किया है, जो नए वित्तीय वर्ष से बंध्याकरण का कार्य शुरू करेगा। नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से पालतू कुत्तों का विधानसभावार और वार्डवार डेटा तैयार किया जाएगा। पालतू कुत्तों के लिए लाइसेंस एप भी तैयार किया गया है। 

लोग 500 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क देकर अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण करा सकते हैं। अब तक नगर निगम में लगभग 886 कुत्तों का पंजीकरण किया जा चुका है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि लोगों को पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (श्वान प्रजनन एवं विपणन) नियम, 2017 के तहत पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य है। आठों जोन में जल्द ही अभियान चलाकर पंजीकरण प्रक्रिया तेज की जाएगी।

पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन के विरोध में उतरे पदाधिकारी
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुआ। इसमें वह प्रदेश के बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक से वीडियो-काॅन्फ्रेंसिंग में अधीक्षण अभियंता से लेकर जेई स्तर तक के अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए सूची तैयार करने की बात कर रहे हैं। 

इसकी जानकारी होते ही विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पदाधिकारियों ने ऑनलाइन बैठक कर नाराजगी जाहिर की है। इस तरह की कार्रवाई के विरोध में अब समिति की ओर से लखनऊ में 11 अप्रैल को प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक बुलाई गई। इसमें आंदोलन का एलान किया जाएगा। 

मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि यदि किसी भी कर्मचारी या अभियंता के खिलाफ उत्पीड़न की नीयत से निलंबन या दंडात्मक कार्रवाई की जाती है तो प्रदेश के सभी जनपदों में बिजली कर्मचारी, संविदा कर्मी, जूनियर इंजीनियर व अभियंता तत्काल सामूहिक सत्याग्रह के लिए बाध्य होंगे। 

यह आरोप लगाया गया कि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन आगामी गर्मी के मौसम में जानबूझकर बिजली व्यवस्था को प्रभावित करने की योजना बना रहा है, ताकि बिजली निगम के निजीकरण के एजेंडे को आगे बढ़ाया जा सके। ऑनलाइन बैठक में संजय सिंह चौहान, जितेन्द्र सिंह गुर्जर, महेन्द्र राय,सोहेल आबिद, माया शंकर तिवारी, श्रीचंद शामिल रहे। 

नियमित योग से स्वस्थ रहेगा तंत्रिका तंत्र
वाराणसी न्यूरोलॉजी सोसाइटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय न्यूरो भारत कॉन्क्लेव में न्यूरो संबंधी समस्याओं और इलाज की तकनीक पर चर्चा हुई। अंतिम दिन योग प्रशिक्षक डॉ. जेपी सिंघवी ने कहा कि नियमित योग करने से तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) स्वस्थ रहेगा। साथ ही इससे जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी योग क्रिया सहायक होगी। 

न्यूरो कॉन्क्लेव में डाॅ. सिंघवी ने योग अभ्यासों के वैज्ञानिक और चिकित्सीय लाभों के बारे में बताया। उन्होंने ध्यान, श्वास तकनीकों (प्राणायाम) और सरल योगासनों के मेल से तंत्रिका तंत्र की समस्याओं के समाधान की राह बताई। कहा कि नियमित अभ्यास से तंत्रिका कार्यों को नियंत्रित करने, तनाव कम करने और समग्र मानसिक स्पष्टता को बढ़ाने में योग सहायक हो सकता है। 

कहा कि योग को दैनिक जीवन और चिकित्सीय अभ्यास में शामिल किया जा सकता है। इस दौरान चिकित्सकों को अलग-अलग योग क्रियाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. राकेश सिंह, डॉ. अविनाश चंद्र सिंह ने न्यूरो संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को योग को भी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। 

जगतपुर में लगा ग्रेट इंडिया टेक्सटाइल्स शो 
जगतपुर में लगे ग्रेट इंडिया टेक्सटाइल्स शो ने स्थानीय वस्त्र उद्योग को नई संभावनाओं की दिशा दी है। इस प्रदर्शनी ने लघु एवं कुटीर उद्यमियों के लिए तकनीकी नवाचार, आधुनिक मशीनरी और नवीन डिजाइनों से परिचित होने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान सहकार भारती के प्रदेश प्रमुख शैलेश सिंह और लघु उद्योग भारती (काशी मंडल) के प्रांत सचिव सर्वेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। 

इस दौरान उद्यमियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की गई। सर्वेश श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन वाराणसी के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक होंगे। उन्होंने आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर देते हुए उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता बताई। वहीं शैलेश सिंह ने सहकारिता के माध्यम से टेक्सटाइल क्षेत्र को सशक्त बनाने की बात कही। कहा कि यह आयोजन न केवल उद्योग को नई दिशा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करेगा। 

स्वर्णकार व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने संतोष
वाराणसी स्वर्णकार व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष सेठ चुने गए हैं। वहीं, पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सेठ को संगठन के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चांदमारी स्थित एक रिजाॅर्ट में हुई बैठक में नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संयोजक जयप्रकाश सेठ, महामंत्री धर्मेंद्र सेठ, कोषाध्यक्ष राजेश सेठ, उपाध्यक्ष अरविंद कुमार वर्मा एवं मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सोनी को चुना गया है। संरक्षक राम नगीना सेठ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। इस दौरान राजेश सेठ, पवन सेठ, मनोज कुमार सेठ, वेद प्रकाश सेठ मौजूद रहे। 

हस्तशिल्पी पवन को राज्य पुरस्कार
काशी की काष्ठकला से जुड़े हस्तशिल्पी पवन शर्मा को प्रतिष्ठित राज्य पुरस्कार से नवाजा गया है। कानपुर में रविवार को आयोजित एमएसएमई कॉन्क्लेव में मंत्री राकेश सचान ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। पवन शर्मा को यह पुरस्कार उनके द्वारा तैयार की गई राम दरबार की मनमोहक और सूक्ष्म नक्काशी वाली कलाकृति के लिए दिया गया है। इस कलाकृति में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों को जिस जीवंतता और श्रद्धा के साथ उकेरा गया है। सम्मान के रूप में उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और निर्धारित धनराशि भेंट की गई। 

अधिवक्ताओं ने जजों को 9 विकेट से हराया
सिगरा स्टेडियम में खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में अधिवक्ताओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायिक अधिकारियों की टीम को 9 विकेट से हरा दिया। मुकाबला काफी रोचक रहा। रविवार शाम को हुए इस मुकामबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यायिक अधिकारियों की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। टीम की ओर से राजू मुकुल पांडेय ने सर्वाधिक 55 रन और कुलदीप सिंह ने 25 रन की पारी खेली। 

गेंदबाजी में अधिवक्ताओं की ओर से वरुण सिंह ने 3 विकेट झटके, जबकि मेराज फारुकी जुग्गन ने 1 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। प्रेम प्रकाश गौतम ने भी एक विकेट लिया। 123 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ताओं की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 10 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 

तुषार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए। बनारस बार के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला ने 35 रन का योगदान दिया, जबकि आशीष सिंह 15 रन बनाकर नाबाद रहे। सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने कहा कि दोनों टीमों के बीच तीसरा मैच जल्द ही खेला जाएगा। मैच के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी जिला जज संजीव शुक्ला ने प्रदान की। इस दौरान जय प्रकाश सिंह, ओम शंकर श्रीवास्तव, अजय सिंह मौजूद रहे। 

सोशल मीडिया के जरिये बताएंगे सरकार की योजनाएं
पिंडरा विधानसभा के सिंधोरा मंडल में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का समापन एक स्कूल में हुआ। मुख्य अतिथि जिला मीडिया प्रभारी अरविंद मिश्रा ने सोशल मीडिया के जरिये सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया एवं एआई का प्रशिक्षण दिया गया। जिला मंत्री बृजभूषण शर्मा, संतोष यादव, श्याम शंकर आदि माैजूद रहे।

Varanasi News Today Three Dead in accidents Two Arrested in 16 Crore rupees Fraud Case
वाराणसी में भयंकर धूप। - फोटो : अमर उजाला

तीखी धूप ने तपाया, 24 घंटे में 2 डिग्री तक बढ़ा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से हवा में नमी और बारिश के बाद रविवार को मौसम का मिजाज तेजी से बदला। सुबह से हवा की रफ्तार जहां थमी रही, वहीं धूप भी पिछले तीन-चार दिनों की तुलना में तीखी रही। तपिश अधिक होने की वजह से लोग गर्मी से बेचैन हो गए। दिन का मौसम गर्म रहने का ही असर रहा कि रात को भी गर्मी अधिक रही। मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। 

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रविवार को 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.0 से बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह इसी तरह का मौसम बना रहेगा। तापमान में भी बढ़ोतरी के आसार हैं। 

भजनों की फुहार से हुआ मां दक्षिणेश्वरी का शृंगार
छत्रपति शिवाजी महाराज की ओर से पंचक्रोशी परिक्रमा पथ पर स्थापित मां दक्षिणेश्वरी काली का शृंगार रविवार को हुआ। मां के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई थी। कलाकारों ने भजनों से मां का वंदन किया। रात में डमरुओं की निनाद और घंटा-घड़ियाल के साथ 108 बातियों और सवा किलो कपूर से मां की महाआरती हुई। 

भजन संध्या में पुनीत जेटली पागल बाबा, अनिल राज, प्रदीप बाबा, रोमा सहानी ने भजनों से मां काली की महिमा का बखान किया। देर रात तक भजनों की अमृत वर्षा में भक्त डूबे रहे। शृंगार में व्यवस्थापक राजेश गिरी, मनोज जायसवाल, राकेश गुप्ता, अभिमन्यु तिवारी, प्रत्यूष गिरि, आरची गिरि, देवीशा गिरि, सान्वी चौबे, सोनाक्षी तिवारी आदि आदि रहीं। 

अमन कबीर को मिला अभिनव रत्न 
सामाजिक संस्था अभिनव विचार मंच की ओर से रविवार को एक समारोह के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अमन कबीर को अभिनव रत्न से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप अमन कबीर को प्रशस्ति पत्र संस्था के अध्यक्ष अमूल्य चंद्र सिन्हा ने दिया। इसके अलावा 2026 के लाइफटाइम अचीवमेंट अवाॅर्ड से त्रिलोकी प्रसाद को सम्मानित किया गया। समारोह में जगदीश सिंह, डॉ. राम आसरे सिंह, अजय प्रताप, सपन सिन्हा, प्रियांशु वर्मा, मंजीत सिंह, अरविंद श्रीवास्तव आदि रहे। 

रीता जायसवाल को मिला सम्मान
भारत विकास परिषद काशी प्रांत के अलंकरण एवं पुरस्कार वितरण समारोह में काशी प्रांत की 17 शाखाओं में से वाराणसी शाखा की रीता जायसवाल को सर्वश्रेष्ठ संयोजक महिला सहभागिता का सम्मान मिला है। काशी प्रांत के अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा, प्रांत संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी और राष्ट्रीय दायित्वधारी प्रमोद राम त्रिपाठी ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

रीता जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान हमारी पूरी वाराणसी शाखा का है। भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, महामंत्री अनिल जायसवाल, अंबरीश निगम, मृदु मेहरोत्रा, रंजना केसरी, संगीता शाह, माया जायसवाल, पूनम जयसवाल, राजीव श्रीवास्तव आदि ने उन्हें बधाई दी। 

जिला पुस्तकालय में हुई काव्य गोष्ठी
कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल वर्क एंड डेवलपमेंट एक्शन के साहित्यिक स्कंध-किश्वाडा साहित्य पथ की ओर से होली, ईद व नवरात्र के मौके पर रविवार को जिला पुस्तकालय में काव्य गोष्ठी हुई। इसमें किश्वाडा के संस्थापक प्रो. महेंद्र मोहन वर्मा, साहित्य पथ के उपाध्यक्ष डॉ. कंचन सिंह परिहार, मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र कुमार राय और विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रभास कुमार झा रहे।

अध्यक्षता साहित्य पथ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र ने की। गोष्ठी में  साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। प्रो. महेंद्र मोहन वर्मा ने किश्वाडा साहित्य पथ की स्थापना के उद्देश्यों के बारे में बताया। गोष्ठी का शुभारंभ डॉ. महेंद्र अलंकार ने किया। बृजेंद्र अग्रहरि ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। संचालन डॉ. विनोद कुमार और धन्यवाद ज्ञापन कंचन सिंह परिहार ने किया। 

होली-ईद मिलन से दिया शांति का संदेश
वाराणसी फर्नीचर एवं फर्नीशिंग व्यापार मंडल की ओर से रविवार को तेलियाबाग स्थित पटेल धर्मशाला में होली-ईद मिलन समारोह हुआ। व्यापारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर फूलों की होली खेली, साथ ही गले मिलकर ईद की मुबारकबाद भी दी। प्रभारी प्रकाश सोनेजा ने स्वागत किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध की आग में जल रही है, तब शांति ही एकमात्र विकल्प है। महामंत्री रमेश यादव ने कहा कि भारत की इस सांस्कृतिक पहल और शांति के संदेश पर एक दिन पूरी दुनिया को साथ आना होगा। कार्यक्रम में संरक्षक राजेश अग्रवाल, नरेंद्र गर्ग, प्रमोद यादव, अजय जायसवाल आदि मौजूद रहे। 

मंच पर साथ आईं बनारस घराने की 3 पीढि़यां
काशी संगीत कला महोत्सव की अंतिम निशा यादगार बन गई। तीन पीढि़यां एक साथ मंच पर एकाकार हुईं। प्रख्यात सितार वादक पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, उनके पुत्र देवब्रत मिश्र और पौत्र कृष्णा मिश्र ने काशी की परंपरा को समृद्धि करने संदेश दिया। सितार के झंकार में सुर, लय व ताल का सुंदर मिश्रण कर आनंद की वर्षा की। 

पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज के सानिध्य में धर्मसंघ शिक्षा मंडल दुर्गाकुंड में चल रहे तीन दिवसीय काशी संगीत कला महोत्सव की अंतिम निशा में पं. शिवनाथ मिश्र ने राग भैरवी में धुनों से विहान की सुनहरी लालिमा की अगवानी की। 

इनके साथ तबले पर उनके दौहित्र (पुत्री का पुत्र) कृष्णा मिश्र ने संगत की। इसके पूर्व घराने के पं. माता प्रसाद मिश्र, पं. रविशंकर मिश्र एवं ममता टंडन ने कथक की प्रस्तुति दी। प्रयागराज के डॉ. ऋषि मिश्र ने राग मिश्रकौंष में बिलंबित, द्रुतताल में मध्यलय एवं एक ताल की बंदिश पेश की। 

संयोजक पं. जगजीतन पांडेय ने बताया कि महोत्सव में तीन दिनों में 75 से अधिक कला साधकों ने हाजिरी लगाई। धन्यवाद सह संयोजक पं. देवब्रत मिश्र ने किया। संगीत श्रवण करने मेयर अशोक कुमार तिवारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, बरिष्ठ कलाकार पं. कमेश्वनाथ मिश्र, पं. धर्मनाथ मिश्र, पं. पूरन महाराज आदि पहुंचे थे। 

सद्भाव और भाईचारे का आदर्श प्रस्तुत करने का माध्यम है होली
तुलसीघाट स्थित प्रो. वीरभद्र मिश्र वाटिका में सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से रविवार को होली मिलन समारोह और नवसंवत्सर शुभकामना कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि संकट मोचन फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुभारंभ किया। 

प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने कहा कि होली जैसे पर्व समाज में सद्भाव, सद्विचार और भाईचारे का आदर्श प्रस्तुत करने का माध्यम हैं। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सदाचरण और सद्भावना से ही सनातन परंपराएं अक्षुण्य रह सकती हैं।

डॉ. पवन शुक्ला के निर्देशन में वैदिक मंगलाचरण और पं. राकेश कुमार चौबे संगम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वार्षिक पत्रिका जनमानस का विमोचन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने, जाति आधारित आरक्षण समाप्त कर समान नागरिक संहिता लागू करने, मठ-मंदिरों के पुजारियों का वेतन निर्धारित करने और कृषि भूमि व देव-मूर्तियों के व्यवसायीकरण पर रोक लगाने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं। 

मिर्जापुर जिले का नाम विंध्यवासिनी नगर घोषित करने का प्रस्ताव भी रखा। इस दौरान प्रो. उमा त्रिपाठी, कर्नल दिनेश चंद्र उपाध्याय, प्रो. राघव राम मिश्र, पं. आशीष शर्मा समेत कई अन्य विशिष्टजनों को काशी रत्न सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पद्म भूषण प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी, प्रो. आद्या पांडेय, डॉ. राम मोहन पाठक, डॉ. अरुण मौजूद रहे। 

यूनिक एकेडमी में बांटे गए परीक्षा परिणाम
यूनिक एकेडमी में वार्षिक परीक्षा के परिणामों की घोषणा की गई। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर बच्चों और अभिभावकों से गुंजायमान रहा। बच्चे हर्षोल्लास से अपना रिजल्ट एक-दूसरे को दिखाते दिखे। डायरेक्टर करन सिंह व डॉली मैम, चेयरमैन भाटिया सर, प्रिंसिपल रमन मैम ने बच्चों को प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय श्रेणी के बच्चों को रिजल्ट दिया और आशीर्वचन से प्रेरित किया। कक्षा आठ के बच्चों ने इस विद्यालय के अपने अनुभव को साझा किया। अपनी यादों को याद किया।  

ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित 
ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल धरसौना में रविवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। पूरे सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र बांटे गए। स्कूल के प्रबंधक मनोज कुमार जायसवाल ने अच्छे अंक से पास छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्कूल का पहला उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना एवं शिक्षा से पहले शिष्टाचार हैं। 

इसके लिए स्कूल इसी सत्र 2026-27 से वर्चुअल रिएलिटी लैब और क्लासेज भी शुरू करने जा रही। विभिन्न कक्षाओं में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रिंसिपल रश्मि पाठक ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रिंसिपल ने कहा कि ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में अपना एक अलग मुकाम बनाने की ओर अग्रसर है। इस मौके पर खुशी यादव, अंकुश सिंह, यथार्थ मिश्रा व गरिमा यादव मौजूद रहीं।

नृत्य से दर्शकों को किया मुग्ध
पूज्य सिंधी सेंट्रल पंच के तत्वावधान में मेला कमेटी की ओर से महमूरगंज स्थित एक लॉन में रविवार को सिंधी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। शुभारंभ इष्टदेव झूलेलाल साईं के दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संरक्षक एस. कुमार सुखवानी ने संस्था का परिचय दिया। मेला कमेटी के चेयरमैन कुमार सचदेवा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों व संस्थाओं की ओर से सिंधि, देशभक्ति एवं प्रेरणादायी नाट्य और गीत प्रस्तुत किए गए। 

मुंबई से आए जूनियर गोविंदा ने अपने नृत्य से दर्शकों को मुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मनोज राय धूपचंडी (पूर्व मंत्री एवं प्रवक्ता समाजवादी पार्टी), शरद शर्मा, सुरेश सिंह, अनिल श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, विनय राय, अंबरीश सिंह, अजय सिंह आदि मौजूद रहे। आयोजन में भरत बदलानी, विजय वाधवानी व विनय सचदेवा शामिल रहे। 

दो शिविर में 557 यूनिट हुआ रक्तदान
जय श्री कृष्णा फाउंडेशन एवं दी इमर्जिंग युवा फाउंडेशन के ओर से आयोजित दो शिविर में 557 यूनिट रक्तदान हुआ। अग्रवाल भवन में लगे शिविर में 257 रक्तदान हुआ। बीएचयू अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल और कबीरचौरा सहित कई प्रमुख अस्पतालों की टीमों ने रक्तदान किया। मुख्य अतिथि प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय और एडीसीपी नम्रिता श्रीवास्तव ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उत्तर भारत में अपना 253वां रक्तदान पूर्ण करने वाले प्रदीप इसरानी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आरएसएस के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि राष्ट्र सेवा में स्वैच्छिक रक्तदान की भूमिका सर्वोपरि है। विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि रहे।

एक मई तक वाराणसी सिटी से चलेगी इंटरसिटी
बनारस रेलवे स्टेशन से गोरखपुर तक चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक मई तक वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के कारण यह फैसला लिया गया है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस एक मई तक वाराणसी सिटी स्टेशन से चलाई जाएगी। 

दुकानों में लगाए जाएंगे सीसी कैमरे
एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने रविवार को मिर्जामुराद कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर सीसी कैमरे लगाने के लिए जागरूक किया। 

संक्रामक रोगों से बचाव के लिए चलेगा अभियान
जिले में संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। एक अप्रैल से इसकी शुरुआत होगी।  अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण इलाकों में डेंगू, के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि अभियान के तहत साफ-सफाई पर ध्यान देने की अपील की जाएगी। 

9 केंद्रों पर आज से  होगी गेहूं खरीद
गेहूं खरीद सोमवार से होगी। जिले में 29 केंद्र बनाए गए हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि तैयारी पूरी हो गई है। सुबह नौ से शाम छह बजे तक खरीद होगी। पांच मोबाइल केंद्र भी बनाए गए हैं, इससे घर-घर से खरीद होगी। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 2585 रुपये है। इसमें 160 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

दो दिनों में नहीं जमा किया टैक्स तो अप्रैल में कुर्की और जब्ती
नगर निगम की ओर से जलकर और सीवर कर के बकाये पर दी जा रही सरचार्ज (ब्याज) माफी की समय सीमा 31 मार्च को समाप्त हो रही है। इसे देखते हुए रविवार को अवकाश के बावजूद जोनल कार्यालयों में गहमागहमी रही और करीब 2500 से अधिक भवन स्वामियों ने 2.35 करोड़ रुपये का राजस्व (गृहकर, जलकर व सीवर कर) जमा किया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि सरचार्ज में छूट का लाभ केवल 31 मार्च तक ही मिलेगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में कोई राहत नहीं दी जाएगी। 

बताया कि अप्रैल से ही बकायेदारों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलेगा। इसमें कुर्की व जब्ती का अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है कि संपत्ति कर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाए। 

रविवार को जमा हुए कुल टैक्स में खास बात यह रही कि लगभग 40 प्रतिशत भवन स्वामियों ने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करना बेहतर समझा। रात नौ बजे तक खुले रहेंगे काउंटर : नगर आयुक्त ने आम जनता की सुविधा के लिए 31 मार्च तक सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9:00 बजे तक खोलने का निर्देश दिया है। 

एग्री कॉन्क्लेव में नई तकनीक से कृषि पर मंथन
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान में आयोजित एग्री स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2026 का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान अलग-अलग सत्रों में विशेषज्ञों ने कृषि क्षेत्र में नई तकनीक के प्रयोग पर मंथन किया। इस दौरान नवाचारों के साथ ही तकनीक का प्रयोग कर इस क्षेत्र की चुनौतियों को दूर करने पर भी चर्चा की गई।

बीएचयू के शताब्दी कृषि सभागार में दो दिन तक चले कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न जगहों से आए स्टार्टअप्स, निवेशकों, इनक्यूबेटर्स और शिक्षाविदों ने सक्रिय भागीदारी की। स्टार्टअप पिच सत्र में विभिन्न नवाचारों और तकनीकी समाधानों को प्रस्तुत किया गया। इस सत्र में प्रतिभागियों ने कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं और आधुनिक तकनीकों का परिचय दिया। 

बरेका में 480 विद्यार्थियों ने दी प्रतिभा खोज परीक्षा
बरेका इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित प्रतिभा खोज परीक्षा में 480 विद्यार्थी शामिल हुए। इसमें नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने सवालों का जवाब देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। मुख्य अतिथि बरेका केंद्रीय चिकित्सालय के वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. मिनहाज अहमद रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बच्चों के प्रयास की सराहना की। इस दौरान एके माहेश्वरी, दिनेश सिंह, विकास पांडेय, तेज बहादुर सिंह, अखिलेश कुमार राय आदि मौजूद रहे। 

शिक्षण पद्धतियों-नीतियों को समावेशी बनाएं
काशी विद्यापीठ के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से 12 दिवसीय ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स का रविवार को समापन हुआ। चंद्रशेखर विवि बलिया की पूर्व कुलपति प्रो. कल्पलता पांडेय ने कहा कि शिक्षण पद्धतियों, नीतियों को समावेशी बनाने की जरूरत है। समावेशी उच्च शिक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर शिक्षार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर प्राप्त हो। केंद्र के निदेशक प्रो. रमाकांत सिंह ने कहा कि समावेशन के लिए सहयोग, संवेदनशीलता, नवाचार और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है। संचालन डॉ. विनय सिंह ने किया। 

उपकार इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के फ्रेशर्स पार्टी आरोहम में युवराज और साक्षी बने मिस्टर व मिस फ्रेशर
उपकार इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज सुंदरपुर में फ्रेशर पार्टी आरोहम-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक््रम में आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन शंखवार मुख्य अतिथि रहे। भाजपा के प्रांतीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और औराई विधानसभा क्षेत्र के विधायक व पूर्व मंत्री दीनानाथ भास्कर विशिष्ट अतिथि  रहे।

डॉ. स्वप्निल पटेल, डॉ. रश्मि सिंह और डॉ. सिम्मी सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपकार फाउंडेशन की डायरेक्टर डॉ. ममता पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. एसजे पटेल ने अध्यक्षता की, जबकि प्रबंध निदेशक स्नेहिल पटेल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। नर्सिंग के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। युवराज सिंह मिस्टर फ्रेशर और साक्षी सिंह मिस फ्रेशर चुने गए। वाइस प्रिंसिपल शुभम सिंह ने संचालन किया। प्रिंसिपल सुशील पांडेय ने यह जानकारी दी।

अंकित को मिली 28वीं रैंक 
सिगरा थाने के नगर निगम चौकी प्रभारी पंकज पांडेय के छोटे भाई अंकित पांडेय ने पीसीएस परीक्षा में ऑल इंडिया 28वीं रैंक हासिल की है। बांदा के कमासिन गांव निवासी दो भाइयों में छोटे अंकित ने एक बार आईएएस का इंटरव्यू दिया था। दो बार से प्री नहीं निकला, तो पीसीएस की तैयारी की। दो साल से तैयारी कर रहे थे। इस बार सफलता मिली। अंकित प्रयागराज में रहकर तैयारी कर रहे थे। 

प्रो. अखिलेश ने हांगकांग में पढ़ा शोध पत्र वाराणसी
आईएमएस बीएचयू के डेंटल फैकल्टी के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के प्रो. अखिलेश सिंह ने 28 मार्च को हांगकांग में आयोजित 17वें एशियन कांग्रेस ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में सेल फ्री डीएनए पर शोध पत्र पढ़ा है। प्रो. अखिलेश ने बताया कि इस शोध के तहत खून में पाए जाने वाले मुख कैंसर संबंधित डीएनए की पहचान की गई है। 

युवा संसद में विद्यार्थियों ने उठाया बजट का मुददा, ईरान-अमेरिका संघर्ष पर भी बहस
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डीएवी पीजी कॉलेज इकाई की ओर से चल रहे तीन दिवसीय तरुण सभा (युवा संसद) के दूसरे दिन रविवार को विद्यार्थियों ने बजट का मुद्दा उठाया। इस दौरान ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे संघर्षों पर भी बहस हुई। संसदीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित युवा संसद का दूसरा दिन केंद्रीय बजट 2026–27 पर केंद्रित रहा। पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के संदर्भ में हरित ऊर्जा पर विशेष बल दिया गया। 

इस दौरान सांसद बने विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में ईरान-अमेरिका संघर्ष के दौरान तेल आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने में भारत की रणनीतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम में एमएलसी धर्मेंद्र राय भी माैजूद रहे। सोमवार को कार्यक्रम का समापन होगा। इसमें मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. नीलकंठ तिवारी होंगे।

पूर्व कुलपति प्रो. रामशंकर अध्यक्ष, प्रो. शैलेंद्र महामंत्री

महामना मालवीय मिशन बीएचयू इकाई के चुनाव में पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। मालवीय भवन में हुए चुनाव में गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय गांधीनगर के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रामशंकर दूबे को अध्यक्ष और विजयनाथ पांडेय को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार गुप्त महामंत्री चुने गए। केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रो. गुलाब चंद्र जायसवाल के देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवाई गई। प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने स्वागत करते हुए मिशन की भावी योजनाओं के बारे में बताया। अखिलेश कुमार राय ने गीता पाठ किया गया। मालवीय भवन के मानित निदेशक प्रो. पतंजलि मिश्र, झारखंड केंद्रीय विवि के कुलाधिपति प्रो. जयप्रकाश लाल, प्रो. प्रमील पांडेय, दीनानाथ सिंह, डॉ. माधवी तिवारी, प्रो. मृत्युंजय आदि मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed