फ्लैट में लगी आग: बेटी की शादी से पहले 4 लाख के सामान जल कर राख, फायर ब्रिगेड ने 30 मिनट में बुझाई; अफरातफरी
Varanasi News: वाराणसी में बंद फ्लैट में बुधवार को आग लगने से बेटी की शादी के लिए रखा करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बाहर गए थे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 स्थित एक तीन मंजिला फ्लैट में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर गए हुए थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से एसी, टीवी, फ्रिज, पंखे समेत करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
फ्लैट मालिक राज किशोर सिंह के बेटी की नवंबर में शादी तय है, ऐसे में घटना से घर में खुशी का माहौल अचानक चिंता में बदल गया। मूल रूप से चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज गांव निवासी राज किशोर सिंह अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 स्थित तीन मंजिला फ्लैट में परिवार के साथ रहते हैं।
भवन के प्रथम तल पर दूसरा परिवार निवास करता है, जबकि ऊपर के दो तल पर राज किशोर सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह राज किशोर सिंह घर के बाहर थें। उनकी पत्नी नीलम सिंह, जो बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं, ड्यूटी पर चली गई थीं।
उनकी बेटी नैना अपने बुटीक की दुकान पर चली गई और उनका लड़का अभिषेक सिंह फिजियोथैरेपी का कोर्स सीखने अपने इंस्टिट्यूट गया हुआ था। घर में ताला बंद था। करीब 11 बजे फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
पड़ोसियों ने तत्काल राज किशोर सिंह और दमकल विभाग को फोन कर आग लगने की सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से आग पूरे भवन में नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया। वहीं, आग की जद में आने से घर में रखा एसी, टीवी, फ्रिज, पंखे, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। राज किशोर सिंह ने बताया कि बेटी नैना की नवंबर माह में शादी तय है।
घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। जिसके लिए सामान जुटाए जा रहे थें, लेकिन आग लगने के कारण वह सामान भी जलकर राख हो गए। आग लगने से करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि आज शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।
समय पर नहीं पहुंचती फायर ब्रिगेड तो आसपास के फ्लैटों तक फैल सकती थी आग
घटना की सूचना मिलने पर राज किशोर सिंह और उनके परिवार के सदस्य तत्काल घर पहुंचे। जला हुआ सामान देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि घर में नवंबर माह में बेटी की शादी होनी है और शादी की तैयारियां चल रही थीं। आग लगने से घरेलू सामान के साथ शादी की तैयारियों पर भी बड़ा असर पड़ा है।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी और आसपास के अन्य फ्लैट भी इसकी जद में आ सकते थे। आग का गुबार फ्लैट के खिड़की और दरवाजे से बाहर आ रहा था। फ्लैट की खिड़की पर लगे शीशे भी टूट गए।