सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Hearings Adjourned in Several Gyanvapi Cases four Dead Including Farmer

Varanasi News Today: ज्ञानवापी के कई मामलों में सुनवाई टली, किसान सहित चार लोगों की मौत; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Thu, 21 May 2026 12:37 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी में अधिवक्ता के निधन के बाद ज्ञानवापी से जुड़े विभिन्न मामलों में सुनवाई नहीं हो सकी। वहीं, विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों के दाैरान चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी, इसमें एक किसान भी शामिल है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Hearings Adjourned in Several Gyanvapi Cases four Dead Including Farmer
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी परिसर से जुड़े विभिन्न मामलों में सुनवाई नहीं हो सकी। अधिवक्ता के निधन के बाद लंच के बाद वकीलों के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण मां शृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति, बंद तहखानों के एएसआई सर्वे समेत अन्य लंबित मामलों की सुनवाई टल गई। अब इन मामलों में अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी।



मां शृंगार गौरी के नियमित पूजा-पाठ को लेकर राखी सिंह समेत पांच महिलाओं की ओर से दाखिल वाद में पक्षकार बनाए जाने की मांग को लेकर जयप्रकाश रामचंद्र राजभर ने जिला जज से अपने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करने की अपील की है। बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ज्ञानवापी प्रकरण में 12 दिसंबर 2024 को पारित आदेश के बाद से कई तिथियों पर मामलों की नियमित सुनवाई नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


वहीं, अपर जिला जज तृतीय की अदालत में ज्ञानवापी परिसर में उर्स आयोजित करने और मजार पर चादर चढ़ाने के मामले में दायर निगरानी अर्जी पर भी सुनवाई टल गई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 7 जुलाई को निर्धारित की गई है। बीते फरवरी में सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट ने मुख्तार अहमद द्वारा दाखिल वाद में कुछ हिंदू पक्षकारों को तृतीय पक्षकार बनाए जाने का आवेदन स्वीकार कर लिया था। यह वाद ज्ञानवापी परिसर में उर्स आयोजित करने और अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने की अनुमति से संबंधित है।
विज्ञापन
Trending Videos


लोअर कोर्ट के इसी आदेश को चुनौती देते हुए मुख्तार अहमद ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की थी। निगरानी अर्जी पर बहस के दौरान अधिवक्ता नंदलाल पटेल ने कहा कि निचली अदालत ने मामले में सरसरी तौर पर आदेश पारित किया है।

जिन लोगों को पक्षकार बनाए जाने की अनुमति दी गई, उनका मामले में कोई कानूनी अधिकार नहीं बनता और न ही उनसे संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं। वहीं, निगरानीकर्ता पक्ष का कहना है कि ज्ञानवापी परिसर स्थित तीन दृश्य मजारों और एक अदृश्य मजार पर पूर्व से चादर चढ़ाने, फातिहा पढ़ने और वार्षिक उर्स आयोजित करने की परंपरा चली आ रही है।

इलाज के दौरान घायल युवक की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के केशरीपुर भडहा निवासी कमलेश प्रजापति (32) की इलाज के दौरान मौत हो गई। 17 मई को वह साइकिल से सड़क पार कर रहे थे, तभी केशरीपुर भाष्करा तालाब के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल कमलेश को परिजनों ने तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। बुधवार को उनकी मौत हो गई। पिता बीरबल, माता बदामा और पत्नी सुषमा का रो-रोकर बुरा हाल है। 

हाईवे के नाले में महिला का मिला शव
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के पास बुधवार शाम नेशनल हाईवे से सटे नाले में महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।  

खेत में किसान की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदपुर निवासी रमेश मिश्रा (65) की बुधवार दोपहर खेत में सिंचाई के  दौरान मौत हो गई। ग्राम प्रधान संजय  कुमार सोनकर ने बताया कि दोपहर में रमेश मिश्रा अपने खेत में हरे चारे की सिंचाई कर रहे थे। 1 बजे अचानक गश खाकर खेत में गिर पड़े।

मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा
कपसेठी निवासी अनिल सिंह की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई और जमकर हंगामा किया। परिजनों के अनुसार, पेट दर्द की शिकायत होने पर अनिल सिंह को मंगलवार को भदवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन अस्पताल में कोई वरिष्ठ डॉक्टर नहीं था। वहीं, अस्पताल के अनुसार, पेट दर्द की शिकायत पर मरीज को भर्ती कराया गया था, लेकिन परिजन बिना डिस्चार्ज कराए ही मरीज को अस्पताल से ले जाने लगे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

अमृत भारत के इंजन को और बेहतर बनाएगा बरेका
अमृत भारत ट्रेन के इंजन की डिजाइन को बरेका की ओर से और आधुनिक बनाने की पहल चल रही है। इसके लिए महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अभिकल्प विभाग का निरीक्षण कर यहां नवाचार और आधुनिक डिजाइन पर विशेष जोर देने के लिए प्रेरित किया। महाप्रबंधक ने विभाग में संचालित तकनीकी गतिविधियों, डिजाइन विकास कार्यों और आधुनिक अभिकल्पन प्रक्रियाओं की समीक्षा की। 

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यूनीग्राफिक्स 3-डी सॉफ्टवेयर के माध्यम से कंप्यूटर पर विशेष रूप से डब्ल्यूएपी-7 पुश-पुल लोकोमोटिव (अमृत भारत ट्रेन के इंजन) के कैब इंटीरियर डिजाइन मॉडल को देखा। उन्होंने कहा कि लोको कैब का डिजाइन केवल तकनीकी दृष्टि से ही नहीं, बल्कि मानव-केंद्रित सुविधाओं के अनुरूप भी होना चाहिए। 

एसीएम तृतीय से अभद्रता मिली धमकी, प्राथमिकी
अपर नगर मजिस्ट्रेट (तृतीय) देवेंद्र कुमार ने अभद्रता, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिवप्रकाश सिंह समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। 

एसीएम तृतीय की ओर से प्रार्थना पत्र के अनुसार, वह 19 मई को अपराह्न 4.25 बजे संयुक्त कार्यालय के बिल सेक्शन में शासकीय कार्य कर रहे थे। शिवप्रकाश सिंह कुछ साथियों के साथ पहुंचे और अभद्र व्यवहार कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। साथ ही गालीगलौज, बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाया कि न्यायालय में स्टाफ के साथ मारपीट, गालीगलौज करने और जान से मारने की कोशिश की गई। 

पुलिस यार्ड से सीज ट्रक चोरी कर भागे दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस यार्ड पर खड़ी ट्रक को चोरी करने वाले दो आरोपियों जौनपुर निवासी राजीव रंजन यादव (28) और सुल्तानपुर निवासी राशिद अली (25) को पुलिस ने मंगलवार को सुल्तानपुर थाना करोदी के हनुमत ट्रेडर्स के पास से ट्रक सहित पकड़ लिया। 

मोरंग लदे ट्रक को बीते सोमवार को खनन विभाग ने सीज कर टेंगरामोड़ पुलिस यार्ड में खड़ा किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।  थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि 17 मई को ट्रक की चाबी जमा करा ली गई थी। 19 मई को सूचना मिली कि दो युवक दूसरी चाबी की मदद से ट्रक लेकर भाग गए। पुलिस ने मुखबिर की मदद से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक उनका ही था और पकड़े जाने के बाद उन्होंने मौका देखकर दूसरी चाबी से ट्रक निकाल लिया। दोनों ट्रक में लदी मोरंग बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दूसरी ओर यह चर्चा रही कि पुलिस यार्ड में 24 घंटे दो पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती हैं, बावजूद इसके ट्रक चोरी हो गया। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई। 

फर्जी दस्तावेज पर 6.61 लाख रुपये के गबन का आरोपी 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज तैयार कर एलटी फाइनेंस कंपनी से 6.61 लाख का लोन गबन करने के आरोपी 25 हजार के इनामी अलाउद्दीन को सिरा पुलिस ने बुधवार को फातमान रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी जौनपुर के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर काबीरुद्दीन का निवासी है।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अरिहंत कांप्लेक्स में एलटी फाइनेंस कंपनी में एएसएम अमित मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। कर्मचारी अलाउद्दीन सेल्स एक्जीक्यूटिव था। कंपनी के छह ग्राहकों से कलेक्शन के 6,61,752 रुपये कूटरचित प्रपत्र और हेरफेर कर हड़प लिए। 

एलटी फाइनेंस बहुप्रतिष्ठित एक नन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है, जो आरबीआई व भारतीय ऋण कानून के अनुसार इच्छुक ग्राहकों को उचित ब्याज दर पर ट्रैक्टर, बाइक, भवन, माइक्रो लोन खरीदने के लिए ऋण देती है। पंजीकृत कार्यालय वृंदावन सीएसटी रोड, कलीना शांताक्रूज़, पूर्व मुंबई में है।

54 किलो गांजे के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार, प्राथमिकी
लोहता पुलिस और एसओजी इंटरस्टेट गिरोह के सदस्य को 54.160 किलो गांजे के साथ सभईपुर अंडरपास से तस्कर वकील बिंद निवासी रोहतास बिहार को गिरफ्तार किया। गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। 

पुलिस ने मौके से एक मालवाहक ट्रक और 580 रुपये भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस और एसओजी टीम मंगलवार को थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान हरहुआ की ओर से तेज गति से आ रहे एक मालवाहक ट्रक को सभईपुर अंडरपास के पास रोककर जांच की गई, तो गांजे की खेप मिली। पूछताछ में चालक वकील बिंद ने खुद को बिहार से प्रयागराज फल लेने की बात कही, लेकिन पुलिस को जवाब संदिग्ध लगे। तलाशी लेने पर ट्रक के आगे बने डिवाइडर में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अन्य राज्य से गांजा खरीदकर स्थानीय बाजारों में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले ओडिशा में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। 

हादसे में मौत में 15 दिन बाद दर्ज कराई प्राथमिकी 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चंद्रावती गाजीपुर-वाराणसी हाईवे पर सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में 15 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। मुजफ्फरनगर निवासी रवि कुमार (31) साथियों मनोज कुमार, अखिल जैसवाल और विकास के साथ कार से देवरिया से सिंगरौली जा रहे थे। 

चारों नॉर्दर्न कोलफील्ड्स सिंगरौली में कर्मचारी थे। एक मई की सुबह चार बजे चंद्रावती क्षेत्र में पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी थी। चचेरे भाई अनुज कुमार ने बताया कि परिवार सदमे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त था, तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। 

आभूषण चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
मकान में आभूषण चोरी के आरोपी आलिशान को चौक पुलिस ने मंगलवार रात काशीपुरा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण मिले। वह सप्तसागर कोतवाली का निवासी है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि शनिवार को मकान में चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

विश्वनाथ धाम में चोरी करने की तीन आरोपी गिरफ्तार
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिसर से महिला दर्शनार्थियों का पर्स, नकदी और आभूषण चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये मिले। इनमें झारखंड रामगढ़ के कोठार निवासी उषमा देवी, विहुला देवी और राधिका कुमारी हैं। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को महिला श्रद्धालु ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि दर्शन के दौरान 20 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। 

एप डाउनलोड करने पर 97 हजार की साइबर ठगी
नदेसर निवासी अहमद फहद से साइबर ठगी हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फहद ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम से ट्यूबी एप डाउनलोड किया था। अगले दिन ऐप हटाने के बाद जब उन्होंने पेटीएम और गूगल पे का इस्तेमाल किया तो कुछ देर बाद उनका मोबाइल पूरी तरह ब्लैंक हो गया। फोन दोबारा चालू होने पर खाते से यूपीआई से 97 हजार रुपये निकल चुके थे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

Varanasi News Today Hearings Adjourned in Several Gyanvapi Cases four Dead Including Farmer
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर। - फोटो : अमर उजाला

अधिवक्ता से दर्शन के नाम पर मांगे दो हजार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगे अधिवक्ता दिलीप मिश्रा ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया और पुलिस आयुक्त से शिकायत की। वहीं मंदिर प्रशासन का कहना है कि जांच में एक व्यक्ति गेट नंबर चार पर दर्शन के नियमों का उल्लंघन कर रहा था। मामले की जांच जारी है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधिकारिक पुष्टि के बाद कोई दोषी पाया जाता है कि उसके विरुद्ध विधिक  प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। 

परिवार गया था बाहर, ग्रिल उखाड़कर मकान में चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के गंगोत्री विहार कॉलोनी (कठवतिया) में सेवानिवृत्त अध्यापक अकबाल नारायण सिंह के बंद मकान से चोर सोने-चांदी के आभूषण चोर समेट ले गए। बुधवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दर्ज कराई। सेवानिवृत्त अध्यापक अकबाल नारायण सिंह का परिवार पिछले 10 दिनों से बाहर था। पीड़ित के बड़े बेटे हेमंत कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि 10 दिन पहले पूरा परिवार पैतृक गांव बेलारी (सिंधोरा) गया हुआ था।

फुटेज के अनुसार, 18 मई की देर रात करीब 1.17 बजे एक युवक घर के अंदर दाखिल हुआ और तड़के 3.50 बजे चोरी की घटना को अंजाम देकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी (कार्यवाहक) प्रभाकर सिंह ने बताया कि सीसी फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान कराई जा रही है। 

व्यवसायी से मारपीट, प्राथमिकी का आदेश
व्यवसायी के साथ मारपीट, लूटपाट और दुकान में तोड़फोड़ करने के आरोप में अदालत ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। अमित कुमार यादव की अदालत ने आदेश हरतीरथ निवासी मुकुंद यादव की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद कोतवाली थाना प्रभारी को दिया। वादी मुकुंद यादव ने आरोप लगाया कि हरतीरथ चौराहे पर उनकी तीन दुकानें हैं, जिनमें जनरल स्टोर, चाय-दही मलाई और बिल्डिंग मटेरियल की दुकान शामिल है।

आरोप है कि विपक्षी और हिंदू युवा वाहिनी के सदस्य उमेश सिंह और मुकेश सिंह उनकी एक दुकान पर कब्जा करना चाहते थे। इंकार करने पर 18 मार्च 2026 को शाम चार बजे उमेश सिंह, मुकेश सिंह, कुणाल सिंह उर्फ गोलू और 12 से 15 अज्ञात लोग जबरन मकान में घुस आए। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और हमला कर घायल कर दिया। 

बैग से मिली शराब और बियर, आरोपी गिरफ्तार
सिगरा पुलिस ने बुधवार रात चेकिंग के दौरान रोडवेज कैंट बस स्टेशन से अंग्रेजी शराब और बियर के साथ विकास कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के बैग से 6 केन और 6 अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि विकास सारनाथ में दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में जा रहा था। भारी मात्रा में शराब रखने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

कलर कोडिंग के उल्लंघन पर पुलिस आयुक्त नाराज
शहर की यातायात और पार्किंग व्यवस्था की बेहतरी को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को सर्किट हाउस से कचहरी चौराहे तक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न पार्किंग स्थलों पर लागू कलर कोडिंग व्यवस्था के उल्लंघन पर नाराजगी जताई। पार्किंग ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी कि सभी वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े कराए जाएं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करें। 

नाव बांधने और संचालन पर बढ़ा विवाद
कोतवाली थाना क्षेत्र के बूंदी परकोटा घाट और ब्रह्मा घाट पर नाव संचालन को लेकर नाविकों में विवाद बढ़ गया है। ब्रह्माघाट और बूंदी परकोटा घाट पर नाविकों ने कुछ लोगों पर जबरन घाट किनारे नाव लगाकर कब्जा करने, अवैध रूप से नाव संचालन का आरोप लगाया है। मां गंगा नाविक सेवा ट्रस्ट से जुड़े नाविकों ने डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी कोतवाली विजय से शिकायत की है। 

चलती ट्रक में घुसी कार, दो घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के डंगहरिया गांव के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह आगे चल रही ट्रक में कार पीछे से जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार राम आश्रय पटेल और तीन साल का विनायक घायल हो गए, जबकि चालक समेत दो अन्य बाल-बाल बच गए।

ट्रक से कार टकराई, 4 घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के खजुरी गांव के सामने हाईवे पर बुधवार सुबह 11 बजे कार सड़क किनारे खराब खड़े सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान प्रयागराज के पानदरीबा शाहगंज निवासी मोहम्मद शमी, खुर्शीद अहमद (62), आशिफ अली (34) और बादशाह हुसैन (65) के रूप में हुई। 

थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बड़ागांव-कपसेठी मार्ग पर कुड़ी बाजार के पास बुधवार सुबह 10 बजे बाइक और मोपेड की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान बलुआ गांव निवासी रामसजीवन राम (42) और राजेश (35) और मंशापुर निवासी आदर्श (24) के रूप में हुई। तीनों को दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया। 

एक सप्ताह से खड़ी दिल्ली नंबर की बाइक
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बाजार में फ्लाईओवर ब्रिज के पिलर नंबर-31 के पास बुधवार को दिल्ली नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध लावारिस बाइक मिली। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। एक सप्ताह पहले एक अज्ञात युवक बाइक लेकर पहुंचा था। नंबर प्लेट पर नंबर दिल्ली का अंकित है और पुलिस का लोगो लगा है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

छावनी में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
कैंटोंमेंट क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रक्षा संपदा विभाग की टीम ने बंगला नंबर 51 में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। दोपहर में रक्षा संपदा अधिकारी प्रयागराज के प्रतिनिधि के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन श्रीवास्तव, सेनेटरी इंस्पेक्टर अजय कुशवाहा और पवन चौधरी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ता पहुंचा। परिसर में अवैध रूप से साड़ी शोरूम का निर्माण करा रहे सलीम को प्रशासन ने दो दिन के भीतर निर्माण हटाने का नोटिस दिया। 

महिला की पिटाई में पीएसी जवान निलंबित
चौक थाना क्षेत्र के सत्यनारायण मंदिर के पास दक्षिण भारतीय महिला श्रद्धालु की मंगलवार रात पिटाई मामले में बुधवार को 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर के हेड कांस्टेबल राधेश्याम यादव को निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। अभद्रता और पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। 

बीएचयू कैंपस में बिना हेलमेट का चालान
बीएचयू कैंपस में अकेलवा वीर बाबा मंदिर के पास स्कूटी सवार रविंद्र श्रीवास्तव की स्कूटी का बिना हेलमेट का चालान किया गया। एक हजार का चालान कटने का मेसेज आने बीएचयू कर्मी को मालूम चला। रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि गलत तरीके से चालान काटा गया। 

एनडीआरएफ ने परखी तैयारियां, यूपी से एमपी तक मॉकड्रिल
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों एवं अन्य एजेंसियों के समन्वय से एनडीआरएफ की 12 टीमों ने बुधवार को वाराणसी, साथ ही मध्य प्रदेश के विदिशा और भोपाल जैसे संवेदनशील स्थलों पर मोबिलाइजेशन ड्रिल एवं मॉक अभ्यास किया।

डीआईजी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि नदी में नाव डूबने, आपदाएं, भूकंप और भवन ध्वस्त होने से प्रभावित लोगों के लिए प्रभावी राहत और बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, जल पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। बताया कि इस मोबिलाइजेशन ड्रिल एवं मॉक अभ्यास में एनडीआरएफ की 12 टीमों को तैनात किया गया था।

17 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट के कई मामले हैं दर्ज
सिंधोरा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और मुफ्त में पेट्रोल भरवाने वाले गिरफ्तार आरोपी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय (28) के खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, लूट, पॉक्सो समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब गिरफ्तारी के साथ ही उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोलेगी। घटना में शामिल उसके दोस्त शनि सिंह (24) पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। बुधवार को दोनों आरोपियों को सीजेएम कोर्ट में पेश कर पुलिस ने जेल भेजा। 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सिंधोरा क्षेत्र के गड़खड़ा पेट्रोल पंप पर दो युवकों के कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और पेट्रोल भरवाने का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद गोमती जोन की डीसीपी नीतू कादयान ने कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंधोरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। 

पुलिस टीम ने मंगलवार को गड़खड़ा निवासी विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और डगराडीह निवासी शनि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 16-17 मई की रात वे पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद जब कर्मचारियों ने रुपये मांगे तो विवेक ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और भाग निकले। विवेक के खिलाफ सिंधोरा, आदमपुर, फूलपुर, सारनाथ, बड़ागांव और चोलापुर थानों में 17 गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। शनि सिंह पर भी अवैध शस्त्र, मारपीट और धमकी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पूर्वोत्तर रेलवे ने चलाई विशेष ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए विशेष ट्रेन बुधवार से चलाई गई। ट्रेन संख्या 05191 आजमगढ़-वाराणसी सिटी परीक्षा विशेष ट्रेन 20 मई को रात 10 बजे आजमगढ़ से रवाना हुई। यह मऊ स्टेशन पर रात 11:30 बजे और दूसरे दिन औड़िहार रेलवे स्टेशन पर रात 12:30 बजे पहुंची। यहां से चलकर ट्रेन वाराणसी सिटी स्टेशन पर बृहस्पतिवार भोर 2:30 बजे पहुंची। 

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि वापसी यात्रा में ट्रेन संख्या 05192 वाराणसी सिटी-आजमगढ़ परीक्षा विशेष ट्रेन 21 मई को वाराणसी सिटी से दोपहर 2:35 बजे रवाना होगी। यह औड़िहार स्टेशन पर 3:12 बजे और मऊ स्टेशन पर शाम 4:45 बजे पहुंचेगी। यहां से चलकर शाम 5:30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी।

Varanasi News Today Hearings Adjourned in Several Gyanvapi Cases four Dead Including Farmer
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला।

बिक्री के समझौता विलेख से खरीदार को नहीं मिलता मालिकाना हक : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि संपत्ति की बिक्री का समझौता होने से खरीदार मालिकाना हक का हकदार नहीं होता है। समझौते का उल्लंघन अनुबंध टूटने का मामला बनता है, लेकिन इसे विश्वासघात नहीं कहा जा सकता। इस टिप्पणी के साथ न्यायमूर्ति अनीश कुमार गुप्ता की एकल पीठ ने वाराणसी के रजनीश कुमार पटेल की प्रथम अपील खारिज कर दी। 

रजनीश ने वाराणसी के ग्राम पोंगलपुर (परगना देहात अमानत) में एक असीमांकित (बिना सीमा तय की गई) भूमि को खरीदने के लिए साल 2019 में प्रतिवादी उषा सिंह व अन्य के साथ 25 लाख रुपये में एक विक्रय समझौता किया था। इसमें से पांच लाख बयाना राशि के रूप में दिया गया था। समझौते के मुताबिक विक्रेता को भूमि सीमांकन कराने के बाद रजिस्ट्री करनी थी। अपीलार्थी ने आरोप लगाया कि समझौते के बावजूद प्रतिवादियों ने भूमि के कुछ हिस्से तीसरे पक्ष को बेच दिए। इसके खिलाफ अपीलार्थी ने सिविल कोर्ट में रजिस्ट्री रद्द कराने व निषेधाज्ञा की मांग के साथ वाद दाखिल किया था। 

सीएटीसी कैंप में मैप रीडिंग, ट्रैफिक कंट्रोल और कॅरिअर गाइडेंस का दिया गया प्रशिक्षण
91 यूपी बटालियन एनसीसी मुगलसराय की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-281) के 5वें दिन कैडेटों के लिए विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों कराई गईं। कैंप में सुबह ड्रिल, क्लास फायरिंग प्रतियोगिता तथा विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुए।

प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को मैप रीडिंग, वीर योद्धाओं के प्रेरणादायक प्रसंग, ट्रैफिक कंट्रोल, कॅरिअर गाइडेंस तथा प्वाइंट .22 रायफल को खोलने एवं जोड़ने की तकनीकी जानकारी दी गई। कैंप के एडम ऑफिसर कर्नल एस. पूनिया ने बताया कि कैंप में कैडेटों के नेतृत्व क्षमता, अनुशासन पर ध्यान दिया जा रहा है। यहां रक्तदान कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर लोगों ने हिस्सा लिया। 

इस दौरान कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट हवलदार यादव, सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव, सूबेदार मेजर जेबी थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह, बीएचएम भरत, मिलन थापा, सूबेदार चंद्रशेखर माैजूद रहे। 

प्रमाण पोर्टल रैकिंग में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज प्रदेश में छठवें स्थान पर
उत्तर प्रदेश महाविद्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के आधार पर जारी की जाने वाली प्रमाण पोर्टल रैंकिंग में पीपीएन कॉलेज ने अपना परचम लहराया है। प्रदेश के सभी कॉलेजों को पछाड़ते हुए पीपीएन ने 67.38 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर मेरठ का रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज और तीसरे स्थान पर गोरखपुर का सेंट एंड्रयूज कॉलेज है। 

शहर के डीएवी कॉलेज को आठवां स्थान मिला है। वहीं 60.47 अंक के साथ वाराणसी का हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज छठवें, 60.21 अंक के साथ चंदौली का गवर्नमेंट पीजी कॉलेज धानपुर सातवें स्थान पर रहा। 59.73 अंक के साथ वाराणसी का जगतपुर स्नाकोत्तर महाविद्यालय जगतपुर नौंवे स्थान पर है। 

विद्यापीठ में अभाविप कार्यकर्ताओं ने मांगीं सुविधाएं
काशी विद्यापीठ में मूलभूत सुविधाएं न मिलने, परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं(अभाविप) ने सवाल उठाए हैं। बुधवार को पत्रकारवार्ता कर परिषद के काशी विद्यापीठ इकाई अध्यक्ष ओम आकाश मौर्य, विभाग संयोजक आकाश प्रताप सिंह, महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने बताया कि छात्रों को मूलभूत सविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने कहा विद्यार्थी परिषद लगातार छात्रों की मांगों को लेकर विवि में ज्ञापन दे रहा है, लेकिन विवि प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

उन्होंने कहा कि यूजी तृतीय और पंचम सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी के चलते छात्रों का प्रवेश बाधित है। खेल मैदान में सुविधाएं नहीं हैं। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो परिषद की ओर से आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विभाग संयोजक आकाश प्रताप सिंह ,महानगर मंत्री शिवम तिवारी, इकाई अध्यक्ष ओम आकाश मौर्या, इकाई मंत्री धृति सिंह मौजूद रहे। 

पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
काशी विद्यापीठ में बुधवार को समाज विज्ञान संकाय स्थित सिद्धार्थ उपवन में चंदन का पौधा लगाया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्र-छात्राओं में जागरूकता के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अधिक से अधिक लोगों को पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान समाज विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो. रेखा, पर्यटन अध्ययन संस्थान की निदेशक प्रो. भारती रस्तोगी, डॉ. सौम्या यादव, डॉ. कृष्ण मोहन द्विवेदी, डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. संजय सोनकर मौजूद रहे। 

काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि घोषित
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि बुधवार को घोषित कर दी गई। इसमें विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में एलएलएम चौथे सेमेस्टर की परीक्षा 8 जून, 10 जून और 12 जून को सुबह 10 से 1 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर की परीक्षा भी 26 मई से कराई जाएगी। बताया कि 26 मई, 29 मई, 06 जून, 08 जून, 10 और 12 जून को परीक्षा होगी। विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है। 

आईआईवीआर-कृषि विवि ग्वालियर के बीच एमओयू
सब्जी अनुसंधान एवं कृषि विकास में वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए वाराणसी के भाकृअनुप-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) और राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि, ग्वालियर के बीच बुधवार को एमओयू हुआ। इस एमओयू के अंतर्गत दोनों प्रतिष्ठित संस्थान मिलकर सब्जी प्रजनन, उन्नत संकर बीज उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के क्षेत्रों में अनुसंधान करेंगे। इस अवसर पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि के कुलपति प्रो. अरविंद कुमार शुक्ल और भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार उपस्थित रहे। 

43 केंद्रों पर आज लेखपाल की परीक्षा देंगे 21024 अभ्यर्थी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल मुख्य परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा बृहस्पतिवार को होगी। इसके लिए जिले में 43 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 21024 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 

परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कराई जाएगी। इसके लिए 43 सेक्टर और 43 स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल मुख्य परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा बृहस्पतिवार को 43 केंद्रों पर कराई जाएगी। 

परीक्षा एक पाली में होगी। इसके लिए कक्ष निरीक्षकों की तैनाती पहले ही कर दी गई थी। बुधवार की देर शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक घंटा पहले केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश जारी किए गए हैं। इनकी सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

पीएचडी छात्र के निधन पर जताया शोक
आईआईटी बीएचयू में सिरेमिक इंजीनियरिंग विभाग के पीएचडी छात्र जय किशन सिंह के असामयिक निधन पर संस्थान ने गहरा शोक व्यक्त किया। स्वास्थ्य कारणों से जय किशन का निधन 13 मई को हो गया था। बुधवार को संकाय, स्टाफ और छात्रों ने उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।  संस्थान की ओर से बताया गया कि उनका अचानक चले जाना हमारे शैक्षणिक समुदाय के लिए एक अत्यंत बड़ी क्षति है। कानपुर के रहने वाले जय किशन ने मैटेरियल साइंस से एमटेक भी किया था। 

गर्मी में काला कोट पहनने से वकीलों को मिली राहत
सीबीए के पदाधिकारियों की पहल पर भीषण गर्मी के बीच अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। बुधवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष सिंह ने जिला जज संजीव शुक्ला से मुलाकात कर अधिवक्ताओं को काला कोट पहनने से छूट देने की मांग की। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियम 3 और 4 का हवाला देते हुए की गई मांग को जिला जज ने स्वीकार कर लिया। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रावधानों के अनुसार मई और जून में अधीनस्थ न्यायालयों में कार्य करने वाले अधिवक्ताओं को बहस के दौरान लंबा काला गाउन और कोट पहनना अनिवार्य नहीं होता। 

अश्वनी पांडेय को दी श्रद्धांजलि
हथवा बंगला क्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय समाचार पत्र वितरक सेवा समिति के संयोजक स्वर्गीय अश्वनी पांडेय के निधन पर श्रद्धांजलि सभा हुई। लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, सामाजिक कार्यों और समाज के प्रति योगदान को याद किया। प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद, राजेश पांडे, दीपक गुप्ता, सुनील मिश्रा, श्यामदेव, विकास प्रसाद, रवि प्रजापति, चंद्रभान प्रसाद, कल्लू पटेल मौजूद रहे। सभा के अंत में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। 

राहुल गांधी का बयान कांग्रेस की हताशा और मानसिक दिवालियापन का प्रतीक : दिलीप पटेल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से रायबरेली में आयोजित जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बुधवार को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के बयान को जहरीली मानसिकता, छोटी सोच और घोर हताशा का परिचायक बताते हुए कांग्रेस पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। 

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी न केवल शर्मनाक और अपमानजनक है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की मानसिक स्थिति और राजनीतिक हताशा को भी उजागर करती है। 

काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने आरोप लगाया कि देश की जनता अब कांग्रेस की राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है। मीडिया प्रभारी नवरत्न राठी, राजेश राजभर, संतोष सोलापुरकर, अनिल श्रीवास्तव और श्रीप्रकाश शुक्ला आदि मौजूद रहे। 

250 से अधिक शिक्षकों का रोका वेतन
शैक्षिक सत्र 2026-27 को शुरू हुए करीब डेढ़ महीने हो गए हैं, लेकिन नए प्रवेश की स्थिति बहुत खराब है। नए प्रवेश में हीलाहवाली को लेकर मंडल के 90 विद्यालयों के 250 से ज्यादा शिक्षकों का वेतन रोका गया है। हालांकि, इस कार्रवाई पर शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षकों को लगातार क्षेत्र में निकल कर अभिभावकों से संपर्क साधने और विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश हैं। विभाग के तमाम दावों और अभियानों के बावजूद प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है। 

उद्यमियों ने रमना टेक्सटाइल पार्क के लिए मांगी 200 एकड़ जमीन
हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के रथयात्रा स्थित कार्यालय में बुधवार को इंवेस्ट यूपी की ओर से उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल पॉलिसी (वस्त्र नीति) को लेकर एक बैठक की गई। बैठक में उद्यमियों ने रमना में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क में हथकरघा, पावरलूम, डाइंग (रंगाई) और पैकेजिंग सहित वस्त्र उद्योग से जुड़े सभी विविध क्षेत्रों को समुचित स्थान देने की मांग की। 

उद्यमियों ने शासन से इसके लिए प्रस्तावित की गई 75 एकड़ भूमि को बेहद अपर्याप्त बताते हुए मांग की कि काशी के वस्त्र उद्योग के व्यापक विस्तार को देखते हुए टेक्सटाइल पार्क के लिए कम से कम 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाए। लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि व्यावहारिक समझ की कमी के कारण बाल श्रम कानूनों के नाम पर पारंपरिक पारिवारिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है, जिससे इस कला के विलुप्त होने का खतरा मंडरा रहा है।

बैठक की अध्यक्षता इंवेस्ट यूपी के सहायक महाप्रबंधक (पॉलिसी) निखिल दीक्षित और सहायक महाप्रबंधक (निवेश प्रोत्साहन) समीर मेहंदी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में देवेंद्र मोहन पाठक, राकेश कांत राय, शैलेश प्रताप सिंह, मनोज कुमार जायसवाल और संजीव देववंशी सहित कई कारोबारी मौजूद रहे। 

एयरपोर्ट पर नौकरी बचाने के नाम पर 35 हजार रुपये की वसूली का आरोप
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आउटसोर्सिंग और ठेका प्रथा के नाम पर चल रहे शोषण और भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर सेवाएं दे रही एक निजी कंपनी के ठेकेदारों पर कर्मचारियों ने नौकरी बचाने के एवज में मोटी रकम वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित कर्मचारियों ने मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा है और न्याय की गुहार लगाई है।  

कर्मचारियों ने इस बार केवल मौखिक शिकायत नहीं की है, बल्कि ठेकेदारों की मनमानी को बेनकाब करने के लिए सांसद प्रिया सरोज को कई ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में सौंपी है। इन ऑडियो में कथित तौर पर पैसों के लेन-देन की बात और रुपये न देने पर नौकरी से निकालने की धमकियां सुनी जा सकती हैं। सांसद प्रिया सरोज ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि वे इस मुद्दे को संसद के आगामी सत्र में लोकसभा में उठाएंगी और उच्चस्तरीय जांच कराएंगी। वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई। 

सोलर पंप पर 90% और कृषि रक्षा उपकरणों पर 75% तक अनुदान
विकास भवन सभागार में बुधवार को सीडीओ प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस मनाया गया। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, सिंचाई और विद्युत सहित कई विभागों के अधिकारियों और जिलेभर के किसानों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का समाधान करना था।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए राजकीय बीज भंडारों पर विभिन्न योजनाओं के तहत निःशुल्क तिलहन, मिलेट्स पुनरोद्धार और आत्मनिर्भरता मिशन पल्सेस योजना के तहत बीज मिनीकिट (जैसे तिल, अरहर, मूंग, उड़द, ज्वार, बाजरा, रागी आदि) उपलब्ध करा दिए गए हैं। 

इनका वितरण पारदर्शिता के साथ कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग और ई-लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों से सोलर पंप की बुकिंग करने की अपील की गई, जिस पर विभाग द्वारा 90 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जा रहा है। क्षेत्र में बीमार पशुओं के इलाज के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिसका टोल फ्री नंबर 1962 है। 

संस्कृत विवि में पैदल कार्यालय पहुंचे कुलपति
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा बुधवार को पैदल कार्यालय पहुंचे। उनके साथ ही अधिकारी भी बिना वाहन के विश्वविद्यालय आए। कुलपति ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भी इस दिशा में कदम आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। 

उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पेट्रोल एवं डीजल की खपत कम होने से जहां विदेशी मुद्रा की बचत होगी। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार, चीफ प्रॉक्टर प्रो. जितेंद्र कुमार सहित सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं शिक्षक भी अपने-अपने आवास से पैदल चलकर विश्वविद्यालय पहुंचे।

नहीं मिला मानदेय, आज से हड़ताल पर रहेंगे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ
वाराणसी जिले के सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, विभागों में कार्यरत एनएचएम के स्वास्थ्य कर्मी बृहस्पतिवार से हड़ताल पर रहेंगे। स्वास्थ्य कर्मी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्र पर समय से जाएंगे, वहां अपनी उपस्थिति भी लगाएंगे लेकिन काम नहीं करेंगे। इमरजेंसी सेवा छोड़कर नो पे-नो वर्क यानी मानदेय नहीं तो काम नहीं के तहत आंदोलन करेंगे। 

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान योजना सहित कई ऐसी योजनाएं हैं, जिसमें एनएचएम वाले डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ पूरी सजगता के साथ सेवा दे रहे हैं। इस बीच बुधवार को सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद दोपहर में हरहुआ पीएचसी पर पहुंचे। यहां उन्होंने डॉ.अब्दुल जावेद से बातचीत कर शासन स्तर से मानदेय के लिए बजट स्वीकृत होने की जानकारी दी। 

शिक्षकों में ही वह शक्ति है जो साधारण बच्चे को विशेष बना देता है - पूनम मौर्या
एक अच्छा शिक्षक बच्चों को शिक्षा देकर उनका भविष्य गढ़ता है। एक बच्चे के आगे बढ़ने में उसके शिक्षक का साहस, धैर्य और विश्वास होता है। शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है, शिक्षक का विद्यार्थी के प्रति अटूट विश्वास होता है। ये बातें बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने बतौर मुख्य अतिथि मिशन शिक्षण संवाद में कहीं। 

विशिष्ट अतिथि एडी बेसिक हेमंत राव ने कहा कि ये मिशन टीम की एक सराहनीय पहल है। एक निजी विद्यालय में हुई संगोष्ठी में अच्छा काम करने वाले 200 शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे विद्यालय में हमारी उपस्थिति की धमक सुनाई दे। 

मिशन शिक्षण संवाद के संस्थापक विमल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा संयोजक अवनींद्र सिंह जादौन द्वारा मिशन शिक्षण संवाद के विभिन्न पटल पर चल रहे कार्य की जानकारी दी गई। कार्यक्रम संयोजक रविंद्र कुमार सिंह तथा जनपद एडमिन सरिता राय अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन साकेत शुक्ला ने किया। इस मौके पर अमित पांडेय, टीचर्स क्लब के अध्यक्ष शशिभूषण सिंह यादव, पढ़ाई से प्रतियोगिता टीम के मौजूद रहे। 

प्रो. अनामिका के सितार वादन से मुग्ध हुए श्रोता
अस्सी घाट पर सुबह-ए-बनारस का मंच बुधवार को सुरों की त्रिवेणी से तरंगित हो उठा। आर्य महिला पीजी कॉलेज की प्रो. अनामिका दीक्षित ने भोर की पहली किरण के साथ जैसे ही सितार के तार झंकृत किए, घाट पर मौजूद देश-विदेश के श्रद्धालु और संगीत अनुरागी भावविभोर हो उठे। प्रो. अनामिका दीक्षित ने सितार वादन का प्रारंभ प्रभाती राग नट भैरव से किया।  इसके बाद द्रुत तीनताल में अपनी कलात्मकता का परिचय देते हुए एक से बढ़कर एक तानें, तिहाइयां और विभिन्न पारंपरिक कलात्मक पुट का समावेश कर श्रोताओं को आनंदित किया। संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र प्रदान दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। 

सखियों ने ठाकुर जी संग रचाई जल क्रीड़ा
राधा कृपा परिवार की ओर से महमूरगंज स्थित एक होटल में बुधवार को जल केली उत्सव मनाया गया। इसमें गोपियों और ठाकुर जी की मधुर लीला को जीवंत किया गया। संचालिका नीता गुप्ता ने बताया कि बालपन में ठाकुर जी अपने ग्वाल-बालों के साथ और श्री राधा रानी अपनी प्रिय सखियों के साथ यमुना के पावन जल में जल क्रीड़ा (जल केली) किया करते थे। यह महोत्सव ठाकुर जी की उन्हीं परम मधुर और रसमय लीलाओं में से एक है, जिसके माध्यम से वे भक्तों को असीम आनंद प्रदान करते हैं। उत्सव का समापन उत्साह और जयकारों के साथ हुआ। इस दाैरान नुपूर जैन, शालिनी शाह, रश्मि देवड़ा और किरण अग्रवाल ने अपना योगदान दिया। 

भक्ति में शर्त नहीं, पूर्ण समर्पण की आवश्यकता
मलदहिया स्थित सत्संग भवन में बुधवार को संत निरंकारी महिला समागम में दिल्ली से आई केंद्रीय प्रचारिका निर्मल मनचंदा का प्रवचन हुआ। उन्होंने कहा कि आज पूरा संसार भक्ति तो कर रहा है, लेकिन वह शर्तों पर आधारित है। मनुष्य एक मन्नत पूरी होते ही दूसरी मन्नत मान लेता है। लेकिन एक मन्नत पूरी न होने पर भक्ति तक छोड़ देता है। महिला समागम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने गीतों, प्रेरणादायी विचारों और कविताओं के माध्यम से संत निरंकारी मिशन की लोक-कल्याणकारी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया। वाराणसी जोन के जोनल इंचार्ज सिद्धार्थ शंकर सिंह ने संतों, प्रचारकों और भक्तों का आभार व्यक्त किया। 

46 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास-लोकार्पण
विधानसभा रोहनिया क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हुए विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मिसिरपुर में बुधवार को 22.40 करोड़ रुपये लागत की 46 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। अध्यक्षता बसंत लाल पटेल ने की। संचालन दिनेश पटेल व धन्यवाद ज्ञापन अजीत पटेल ने किया। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद पटेल, डॉ. नरेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे। 

अधिमास में पुरुषोत्तम मंदिर में अर्पित किए गए 33 मालपुए
उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रमोद वर्मा के संयोजन में अधिमास के अवसर पर हौज कटोरा स्थित पुरुषोत्तम भगवान मंदिर में विशेष पूजन किया गया। इस दौरान भगवान पुरुषोत्तम से पूरे विश्व, काशी एवं भारत देश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की गई। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि भारत के पर्व एवं त्योहार आस्था और संस्कृति के प्रतीक हैं। 

भाईचारा कमेटी सदैव गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहती है। अधिक मास प्रारंभ होने पर आयोजित इस पूजन में 33 मालपुआ, पान, दीपक, केला एवं तुलसी की माला सहित विभिन्न पूजन सामग्री भगवान को अर्पित की गई। कार्यक्रम में प्रमोद वर्मा, महेश चंद्र महेश्वरी, अमिताभ दीक्षित, आकाश त्रिपाठी, अरुण सोनी, अजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
जल स्रोत संरक्षण संकल्प समारोह में बुधवार को दशाश्वमेध घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा आरती से पूर्व जल संरक्षण और जल स्रोतों को बचाने का सामूहिक संकल्प लिया। समारोह में दिल्ली से काशी पहुंचे जल प्रहरी अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अनिल कुमार सिंह ने गंगा सेवक राजेश शुक्ला को जल प्रहरी सम्मान दिया। 

हाल ही में भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की ओर से दिल्ली में इस सम्मान की घोषणा की गई थी। इसे लेकर संयोजक काशी पहुंचे। इस दौरान 'जल प्रहरी 2026' अभियान का भी शुभारंभ किया गया। अध्यक्षता गंगोत्री सेवा समिति के अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे ने की। इस दौरान दिनेश शंकर दुबे, विश्वजीत राजपूत, अभिनव सिंह मौजूद रहे। 

राज्यस्तरीय टीम ने जानी मातृ मृत्यु की हकीकत
सीएचसी मिसिरपुर में बुधवार को राज्य स्तरीय टीम (स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन (एसटीसी)) ने निरीक्षण कर मातृ मृत्यु की हकीकत की जानकारी दी। डॉ. गौतम विश्वकर्मा ने मातृ मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में हो रही कार्रवाई की समीक्षा की। इसमें मातृ मृत्यु दर को शून्य करने हेतु प्रभावी रणनीति, चिकित्सा व्यवस्था, मेडिकल टीम की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डॉ. आरबी सिंह, डॉ. बसंत राय, डॉ. वंदना, डॉ. अनीता आदि मौजूद रहे। 

श्रद्धालुओं ने लिया धर्म-सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प
काशी की पांच दिवसीय पंचक्रोशी परिक्रमा का बुधवार को समापन हुआ। यात्रा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने पंचक्रोश के सभी पांचों पड़ावों की परिक्रमा पूरी की। इसके बाद वे पांचवें पड़ाव कपिलधारा पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन करने के साथ जौ विनायक के दर्शन कर अपने अनुष्ठान को संपन्न किया। 

कपिलधारा में पूजन के बाद सभी श्रद्धालु क्रूज के माध्यम से मणिकर्णिका घाट पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी यात्रा की सफलता और संकल्प पूर्ति के लिए पूजा-पाठ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं का दल बाबा विश्वेश्वर (काशी विश्वनाथ) के दरबार पहुंचा, जहां सबने विधिवत दर्शन-पूजन कर बाबा के चरणों में मत्था टेका और विश्व के कल्याण की कामना की। 

बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने कैलाश मठ में स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती का चरण पखारकर अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद लिया। मठ में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए स्वामी आशुतोषानंद गिरी ने कहा कि काशी केवल एक नगर नहीं, बल्कि मोक्ष और अध्यात्म की दिव्य भूमि है जो तीन खंडों में विद्यमान है। पंचक्रोशी परिक्रमा में तकरीबन 1050 श्रद्धालु शामिल हुए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed