तीसरे खिताब के मिशन पर काशी रुद्रास: जर्सी लॉन्च, UPT20 सीजन-4 का अभियान शुरू; खिलाड़ी बोले- हम फिर जीतेंगे
Varanasi News: डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने UPT20 सीज़न-4 के लिए नई जर्सी लॉन्च की और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर अभियान शुरू किया। टीम ने सिगरा स्टेडियम में युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की तथा गंगा आरती में भी शामिल हुई। कप्तान करण शर्मा के नेतृत्व में काशी रुद्रास लगातार तीसरा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Kashi Rudras: डिफेंडिंग चैंपियन और दो बार की UPT20 लीग विजेता काशी रुद्रास ने शुक्रवार को आगामी सीजन-4 के लिए अपनी नई जर्सी का भव्य अनावरण किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ टीम ने अपने नए अभियान की शुरुआत आध्यात्मिक नगरी काशी की सांस्कृतिक विरासत, खिलाड़ियों और प्रशंसकों से जुड़ाव तथा ऐतिहासिक तीसरा खिताब जीतने के संकल्प के साथ की।
जर्सी लॉन्च से पहले टीम ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद खिलाड़ियों ने सिगरा स्टेडियम में युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की और शाम को गंगा आरती में भी शामिल होकर काशी से अपने विशेष जुड़ाव को मजबूत किया।
नई जर्सी काशी की कालजयी विरासत और भगवान शिव के दर्शन से प्रेरित है। जर्सी का नीला रंग भगवान शिव की शांति, धैर्य और दबाव में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता का प्रतीक है, जबकि नारंगी रंग उनकी ऊर्जा, साहस और निडरता को दर्शाता है। जर्सी पर बनी कॉस्मिक डिज़ाइन भगवान शिव को 'गुरु ऑफ द यूनिवर्स' के रूप में सम्मान देती है और खिलाड़ियों को असीम महत्वाकांक्षा की प्रेरणा देती है। वहीं मंडला पैटर्न संतुलन, एकता और सामूहिक शक्ति का संदेश देता है।
जर्सी लॉन्च से पहले कप्तान करण शर्मा और मुख्य कोच ध्रुव सिंह के नेतृत्व में, उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (UPCA) के निदेशक जावेद अख्तर तथा टीम प्रबंधन के अधिकारियों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान टीम ने काशी की गौरवशाली परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए एक और चैंपियनशिप जीतने का संकल्प दोहराया।
मंदिर दर्शन के बाद काशी रुद्रास के खिलाड़ियों ने सिगरा स्टेडियम में आयोजित विशेष 'मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम में युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की। कप्तान करण शर्मा ने अपने क्रिकेट सफर के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को अनुशासन, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता प्रतिभा के साथ निरंतर मेहनत और सही मानसिकता से मिलती है। टीम ने इस पहल के जरिए जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
जर्सी लॉन्च के मौके पर कप्तान करण शर्मा ने कहा कि काशी रुद्रास की जर्सी पहनना उनके लिए गर्व की बात है, क्योंकि यह केवल एक क्रिकेट टीम नहीं बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत वाले शहर का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में टीम ने मजबूत संस्कृति विकसित की है और इस बार लक्ष्य स्पष्ट है—प्रशंसकों को तीसरी बार चैंपियन बनने का जश्न देना।
मुख्य कोच ध्रुव सिंह ने कहा कि काशी रुद्रास की सफलता अनुशासन, तैयारी और लगातार बेहतर बनने की भूख पर आधारित रही है। हर सीज़न नई चुनौतियां लेकर आता है, लेकिन टीम के पास प्रतिभा और चरित्र दोनों हैं। उन्होंने कहा कि टीम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करती है, लेकिन मैदान पर निडर क्रिकेट खेलना ही उसकी पहचान है।
हाल ही में आगरा में आयोजित UPT20 प्लेयर ऑक्शन में काशी रुद्रास ने अपने 12 रिटेन खिलाड़ियों के साथ छह नए खिलाड़ियों को शामिल कर 18 सदस्यीय टीम पूरी की। नए खिलाड़ियों में मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह शामिल हैं। इससे पहले फ्रेंचाइज़ी ने 'रुद्रास कप' जैसे क्षेत्रीय स्काउटिंग टूर्नामेंट और व्यापक ट्रायल्स के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की पहल भी शुरू की, जिसे UPT20 की किसी फ्रेंचाइज़ी की पहली पहल माना जा रहा है।
UPT20 सीज़न-4 के लिए काशी रुद्रास की 18 सदस्यीय टीम
करण शर्मा (कप्तान), अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्नव बलियान, मोहम्मद शरीम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह। मजबूत टीम, अनुभवी नेतृत्व और काशीवासियों के समर्थन के दम पर काशी रुद्रास इस बार लगातार तीसरा UPT20 खिताब जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।