UP: संदिग्ध हाल में अधेड़ की मौत, हत्या के आरोप से उलझी पुलिस; एक व्यक्ति का प्रेम-प्रपंच जानता था प्रमोद
Azamgarh News: बलईपुर गांव में शनिवार सुबह प्रमोद गौड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और एक व्यक्ति पर धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि नहीं मान रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव के सलारपुर पुरवा में शनिवार सुबह अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान बलईपुर गांव निवासी प्रमोद गौड़ (50) के रूप में हुई। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी माला की करीब 20 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। प्रमोद के दो पुत्र अमन और नमन रोजी-रोटी के सिलसिले में सूरत में रहते हैं।
मृतक के छोटे भाई आनंद गौड़ और मां विद्यावती देवी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे प्रमोद घर पहुंचा था। भोजन करने के बाद वह किसी काम से घर से बाहर चला गया। शनिवार सुबह करीब छह बजे सलारपुर पुरवा में ग्रामीणों ने सड़क किनारे प्रमोद को पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और प्रमोद को मृत पाया।
मृतक के भाई आनंद गौड़ ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले देवसरा-गड़वा गांव, थाना मालीपुर, अंबेडकरनगर निवासी राम केवल प्रजापति ने प्रमोद को जान से मारने की धमकी दी थी। आनंद के अनुसार, राम केवल का गांव की ही एक महिला से कथित संबंध था। प्रमोद को इसकी जानकारी होने की बात सामने आई थी। इसी विवाद में भाई की हत्या किए जाने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत नहीं हो रहा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।