UP: चकबंदी अफसर की पत्नी ने अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, फर्श पर बिखरा था खून; चल रहा था उपचार
Varanasi News: अवध अपार्टमेंट से महिला के कूदने की जानकारी मिलते ही माैके पर शिवपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
विस्तार
Varanasi News: सेंट्रल जेल रोड स्थित अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल की छत से कूदकर रविवार की सुबह सीमा सिन्हा (50) ने जान दे दी। शिवपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की और साक्ष्य जुटाए। सातवीं मंजिल से छलांग लगाने से पहले सीमा ने फ्लैट को बाहर से लॉक किया था। पति पंकज सिन्हा सुल्तानपुर में चकबंदी अधिकारी हैं। शिवपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक नीचे गिरते ही सीमा का सिर फट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पटना के मीठापुर निवासी पंकज कुमार सिन्हा अपनी पत्नी सीमा और दो बेटियों के साथ शिवपुर थाना क्षेत्र के सेंट्रल जेल रोड स्थित अवध अपार्टमेंट में रहते हैं। सुल्तानपुर में चकबंदी अधिकारी के पद पर तैनात पंकज सिन्हा चार दिन पहले ही फ्लैट पर आए।
परिजनों में मचा कोहराम
उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी सीमा सिन्हा मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनका गिलट बाजार स्थित एक मनोचिकित्सक के यहां से उपचार चल रहा था। शनिवार की रात परिवार के सभी सदस्य सो गए, तो रविवार की सुबह 5 बजे सीमा सातवीं मंजिल पर गईं और नीचे कूद गईं।
अपार्टमेंट में टहलने के दौरान एक महिला ने सीमा को खून से लथपथ देखा तो शोर मचाया। पति पंकज कुमार सिन्हा उठे तो बाहर से फ्लैट का दरवाजा लॉक था। अपार्टमेंट के लोगों ने किसी तरह फ्लैट का गेट खोला तो पति पंकज और दोनों बेटियों बाहर निकलीं। फर्श पर गिरने की वजह से सीमा का सिर फट गया था। मां की मौत के बाद 21 और 16 वर्षीय दोनों बेटियों का रो-रोकर हाल खराब रहा।
शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने पंकज सिन्हा से जानकारी ली है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी कई महीने से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। मनोचिकित्सक के यहां उपचार भी चल रहा था। घटना के समय फ्लैट बाहर से लॉक भी था। अपार्टमेंट के लोगों ने फ्लैट का दरवाजा खोला। कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।