Varanasi News: हिरासत के डेढ़ घंटे बाद ही कोर्ट रूम के पास से पुलिस को चकमा देकर भागा चोर, दो कांस्टेबल नपे
वाराणसी में हिरासत के डेढ़ घंटे बाद ही कोर्ट रूम के पास से चोर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। लापरवाही बरतने के आरोप में दो कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में चोरी का आरोपी मोनू खान पुलिस अभिरक्षा से बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे चकमा देकर भाग निकला। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए एसीजेएम चतुर्थ की कोर्ट में लेकर आई थी। उसे कोर्ट रूम के पास खड़ा किया गया था। इस दौरान वहां कुछ अन्य कैदी भी मौजूद थे। इसका फायदा उठाकर वह न्यायालय परिसर से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को दोपहर करीब 12:30 बजे कोर्ट में पेश करने लाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में कांस्टेबल राकेश कुमार सरोज, कांस्टेबल अभिजीत वर्मा और मोनू खान के खिलाफ कैंट थाने में उपनिरीक्षक अनिल कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस को दी गई तहरीर में उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि 22 जुलाई को मोनू खान को चोरी की एक बैटरी और बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ पकड़ा गया था। आरोपी फूलपुर थाने में दर्ज एक पुराने मामले में भी वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। मोनू खान को दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया था। उसे न्यायिक रिमांड के लिए आरक्षी राकेश कुमार सरोज और आरक्षी अभिजीत वर्मा के साथ एसीजेएम चतुर्थ न्यायालय, वाराणसी ले जाया गया।
आरोपी को कोर्ट रूम के पास खड़ा कर दोनों सिपाही न्यायालय में कागजात प्रस्तुत करने चले गए। इसी दौरान आरोपी भाग निकला। मोनू खान भोलाई खान का पुत्र है और बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी खुर्द (गहनी) गांव का निवासी है।
अधिकारी बोले
लापरवाही मिलने पर दो कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल आरोपी चोर को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। - प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन
पहले भी पुलिस की लापरवाही आ चुकी है सामने
- 2024 में कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से बड़ागांव के कुड़ी निवासी महफूज चकमा देकर भाग निकला था। उसने गमछे के अंदर से हथकड़ी खोल ली थी और कोर्ट रूम के पास से भाग निकला था।
- 2023 में जिला जेल में मुलाकात के दौरान जेलकर्मियों को चकमा देकर राजू बंगाली भाग निकला था।
- 2017 में कैंट थाने से लूट का एक आरोपी सिपाही को चकमा देकर भाग निकला था
- 2023 में लंका थाने से एक आरोपी लघुशंका का बहाना कर भाग निकला था।
- 2022 में कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था।