सुविधा: गंगा की लहरों पर इलेक्ट्रिक नावों का संचालन शुरू, नमो घाट पर पांच नावों का किया गया लोकार्पण
वाराणसी में गंगा में पांच इलेक्ट्रिक नावों का संचालन शुरू हुआ। इसका लोकार्पण नमो घाट पर मेयर ने किया। नाविकों ने इस पहल के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वीडीए ने बृहस्पतिवार को नमो घाट पर गेल (इंडिया) के सहयोग से इलेक्ट्रिक बोट कन्वर्जन पायलट परियोजना के तहत गंगा में पांच इलेक्ट्रिक नावों का संचालन शुरू किया। इसके प्रथम चरण में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने पांच इलेक्ट्रिक नावों का लोकार्पण किया।
इस मौके पर पारंपरिक नौकाओं को इलेक्ट्रिक में परिवर्तित कराने वाले दीपक साहनी, राकेश साहनी, ज्योतिलाल निषाद, दीपक कुमार साहनी और शुभम साहनी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। नाविकों ने इस पहल के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि इससे उनकी आय बढ़ेगी। गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि प्रथम चरण में 20 नावों को इलेक्ट्रिक प्रणाली में परिवर्तित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पायलट परियोजना की सफलता के आधार पर इसे आगामी समय में व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। अतिथियों ने इलेक्ट्रिक नाव से नमो घाट से भदैनी घाट तक भ्रमण किया। इस अवसर पर गेल (इंडिया) के महाप्रबंधक सुशील कुमार उपस्थित रहे।
अस्सी से नमो घाट तक इलेक्ट्रिक नाव का तीन बार होगा आवागमन
आयरा इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगन कुमार मेहता ने बताया कि हर इलेक्ट्रिक नाव में 15 किलोवाट क्षमता की इलेक्ट्रिक आउटबोर्ड मोटर, 20 किलोवाट क्षमता का लिथियम बैटरी पैक, ईवी चार्जर, डिजिटल डिस्प्ले, जीपीएस ट्रैकिंग व रिमोट मॉनिटरिंग प्रणाली जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। हर नाव सामान्य परिचालन में अस्सी घाट से नमो घाट के मध्य न्यूनतम तीन आवागमन (राउंड ट्रिप) करने में सक्षम है। चयनित घाटों पर मानकों के अनुरूप चार्जिंग की भी व्यवस्था की जा रही है।