सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Five Dead in Accidents 58 Boats Seized for Negligence on Ganges

Varanasi News Today: हादसों में पांच लोगों की मौत, गंगा की लहरों पर लापरवाही बरतने पर 58 नावें सीज; पढ़ें खबरे

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Wed, 20 May 2026 09:52 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी में हुए विभिन्न हादसों के दाैरान पांच लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, नमो से अस्सी घाट तक लापरवाही बरतने पर 58 नावों को सीज किया गया। इसके साथ ही 31 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

Varanasi News Today Five Dead in Accidents 58 Boats Seized for Negligence on Ganges
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: तुलसी घाट के पास गंगा में नहाने के दौरान तुषार राय (21) की डूबने से मौत हो गई। मां की आंखों के सामने बेटा गंगा में समा गया। एनडीआरएफ और जल पुलिस ने शव को बाहर निकाला। भेलूपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गाजीपुर के रेवतीपुर बरौरा निवासी तुषार राय परिजनों के साथ काशी दर्शन के लिए सोमवार को पहुंचा था। परिवार के लोग अलसुबह तुलसी घाट पर पहुंचे। 

Trending Videos


इस बीच तुषार घाट के सामने नहाने उतर गया। जेटी के बाहर जाकर नहाने लगा। घाट पर लोगों ने उसे समझाया और आगे गहरे पानी का हवाला भी दिया , लेकिन बातों को अनसुना कर गहरे पानी की तरफ जाने लगा। इस बीच वह डूबने लगा तो मां किरण राय ने शोर मचाया। जब तक घाट पर मौजूद लोग उसे बचाने के लिए पहुंचे तब तक वह गंगा में समा चुका था। तुषार को तैराकी भी नहीं आती थी। बेटे की मौत के बाद मां किरण समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


दो ट्रकों की टक्कर में चालक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 में खेवशीपुर गांव के सामने सोमवार रात दो ट्रकों की टक्कर में चालक रोहित पाल (32) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जौनपुर के शेवापुर जमैथा निवासी चालक रोहित पाल ट्रक चालक था। रात में आजमगढ़ के देवगांव से माल अनलोड करने के बाद ट्रक लेकर हरहुआ से राजातालाब की तरफ जा रहा था। रिंग रोड फेज-2 के खेवशीपुर गांव के सामने ओवरब्रिज पर पहुंचा तो आगे जा रहे टेलर में टक्का मार दिया। वह केबिन में फंस गया। 
विज्ञापन


पुलिस ने घायलावस्था में उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि सूचना के बाद चालक के परिजन भी पहुंच गए। 

अधेड़ का मिला शव 
सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर चौकी के लेढ़ूपुर पावर हाउस के पास मंगलवार शाम अधेड़ का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र 55 साल बताई जा रही है। काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी।

घर में मिला शव, बीमारी से मौत की आशंका
लक्सा क्षेत्र में मंगलवार सुबह विजय रूपानी (45) अपने घर में मृत मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार के अनुसार, विजय पांच भाइयों में एक था। हथुआ मार्केट के एक जूते की दुकान पर काम करता था। उसकी पत्नी और बच्चे लखनऊ में रहते हैं, जबकि विजय लक्सा के मकान में अकेले रहता था। जांच में सामने आया कि पिछले कई दिनों से बीमारा था।

अज्ञात की मौत
वाराणसी जंक्शन के पास मंगलवार को अज्ञात 40 साल का व्यक्ति अचेत पड़ा मिला। रेलवे पुलिस उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टर ने चेकअप करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, चेतगंज के हड़हासराय निवासी निराश्रित व्यक्ति अखिलेश कुमार (54) को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।  

वाराणसी होकर गुजरेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन की ओर से गर्मी में यात्रियों की सुविधा के लिए 04137/04138 ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। ग्वालियर से 19 मई से 14 जुलाई तक हर शनिवार-मंगलवार और बरौनी से 20 मई से 15 जुलाई तक हर रविवार और बुधवार को ट्रेन चलेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन नंबर 04137 ग्वालियर से दोपहर 2.15 बजे चलकर, इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर होते हुए दूसरे दिन रात 1:05 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। फिर वाराणसी जंक्शन आएगी। 

रेलवे ने चलाई एक और विशेष ट्रेन
गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे ने 04228 चंडीगढ़-वाराणसी (वातानुकूलित) विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि ट्रेन में आधुनिक एसी कोच हैं। ट्रेन सुबह छह बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी जो अंबाला छावनी होते हुए सहारनपुर में सुबह 8:45 बजे आएगी। इसके बाद रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ से होते हुए वाराणसी में रात 12:55 बजे पहुंचेगी।

गंगा की लहरों पर लापरवाही बरतने पर 58 नावें सीज, 31 पर प्राथमिकी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार देर शाम शहर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और गंगा घाटों का निरीक्षण किया। नमो से अस्सी घाट तक लापरवाही बरतने पर 58 नावों को सीज किया गया। साथ ही 31 प्राथमिकी दर्ज की गई। 

पुलिस आयुक्त ने दशाश्वमेध से गोदौलिया तक पैदल गश्त कर अतिक्रमण, यातायात और सुरक्षा के बिंदुओं पर विशेष दिशानिर्देश दिए। विशेष चेकिंग अभियान में 22 वाहन सीज और 529 वाहनों के चालान के साथ ही 10 लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने घाटों का निरीक्षण कर कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में है। 

घाट क्षेत्रों में पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी व सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा कर सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि घाट क्षेत्रों में स्टंट और खतरनाक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और गंगा में नौका विहार करने वाले व्यक्तियों के लिए लाइफ जैकेट जरूरी है। 

श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग की प्रभावी व्यवस्था की गई है। निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, गौरव बंशवाल और वैभव बांगर रहे। 

50 हजार नकद और जेवरात चोरी
चौबेपुर क्षेत्र के फूलपुर गांव में बंद मकान में चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया। पीड़ित गिरीश रंजन के अनुसार, 29 अप्रैल की रात चोरी हुई। घर में उस समय कोई नहीं था। सुबह पड़ोसियों की सूचना पर परिवार मौके पर पहुंचा तो मकान के दो ताले टूटे मिले और अलमारी का गेट क्षतिग्रस्त था। चोर सोने की चेन, अंगूठी, ज्वीतिया, कान के झुमके, चांदी की पायल, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और करीब 50 हजार चोरी कर ले गए। आरोप है कि पुलिस ने घटना के 20 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जांच की जा रही है। 

लापता किशोरी फिरोजाबाद में मिली, आरोपी गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र से नौ मई को घर से स्कूल के लिए निकली एक नाबालिग लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस सेल की मदद से सीडीआर के आधार पर किशोरी की लोकेशन फिरोजाबाद में मिल रही थी। रोहनिया पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जफारा, जसराना फिरोजाबाद निवासी प्रशांत नायक को थाना एका क्षेत्र के कल्याणगढ़ी से किशोरी सहित हिरासत में लिया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। 

घरेलू गैस सिलिंडर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
थाना चितईपुर में घरेलू गैस सिलिंडर चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मनीष पांडेय और संतोष सोनकर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंडेन कंपनी का लाल रंग का घरेलू सिलिंडर बरामद किया, जबकि घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा को भी सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया। 

खनन में लगी जेसीबी सीज, प्राथमिकी दर्ज
बाबतपुर रोड पर खनन विभाग ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई कर दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी पकड़ी। क्षेत्रीय खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह मिट्टी लादकर जा रहे दो ट्रैक्टरों को गैस प्लांट के पास खड़ा कराया गया था। इसके बाद टीम खनन स्थल से जेसीबी पकड़कर लौटी तो दोनों ट्रैक्टर मौके पर नहीं थे।

आरोप है कि बुलेट सवार झवी प्रधान उर्फ सूरज सरोज और एक अन्य व्यक्ति ने अधिकारियों को रोककर सरकारी कार्य में बाधा डाली और जेसीबी न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले से भयभीत खनन अधिकारी ने जेसीबी सीज कर थाने में नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

चोरी की तीन बैटरी के साथ एक गिरफ्तार
एक युवक को पुलिस ने चोरी के ई-रिक्शा की तीन बैटरी के साथ विशुनपुर गांव के एक आम के बगीचे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार नौशाद अली (26) ग्राम धन्नीपुर नई बस्ती का निवासी है। आरोप है कि मुर्तजा अली के ई-रिक्शा की बैटरी घर के सामने से चोर  उठा ले गए थे। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। 

जुआ खेलते समय वीडियो बनाने पर युवक की पिटाई
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा जीवधीपुर मोहल्ले में जुआ खेलते समय वीडियो बनाने पर दीपू सोनकर की पिटाई कर दी गई। तहरीर में बताया कि मोहल्ले में रात को कुछ लोग लॉटरी जुआ खेल रहे थे। दीपू सोनकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि नाराज होकर जुआ संचालक कल्लू यादव ने साथियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। दीपू की तहरीर पर पुलिस ने कल्लू यादव, खेदर यादव, बाबू बेनवंशी, रवि और छोटू यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

कुएं से पानी भरने के लिए दो पक्षों में मारपीट 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के अजांव गांव में कुएं से पानी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले पक्ष की ओर से प्रिंसी उपाध्याय पत्नी राजीव उपाध्याय ने आरोप लगाया कि उनकी सास और पुत्री कुएं से पानी निकाल रही थीं। गांव के इकबाल, छोटू मियां, साहिल और मीनू जबरन पानी छीनने लगे। विरोध करने पर गालीगलौज कर मारपीट की गई। 

आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति को भी पीटकर घायल कर दिया गया। जान से मारने की धमकी दी गई। दूसरे पक्ष की ओर से मोनी बेगम पत्नी इकबाल अली ने पुलिस को तहरीर में बताया कि वह अपने देवर अफजाल के साथ कुएं पर पानी भरने गई थीं। 

आरोप है कि रंजिश को लेकर आशा उपाध्याय विवाद करने लगीं। कुछ देर बाद राजू डंडा लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके कमर में चोट आई। साथ ही राजन उपाध्याय पर भी मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

दपंती को जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज
कोतवाली थाना क्षेत्र के मध्यमेश्वर में मंगलवार को नशे में धुत राहुल दुबे ने दंपती को जान से मारने की धमकी दी। महिला से अभद्र व्यवहार भी किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी राहुल दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित कृष्णकांत तिवारी ने पुलिस को बताया कि दोपहर में 2 बजे मोहल्ले का रहने वाला राहुल दुबे नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी के साथ गालीगलौज की। जब बाहर निकला तो आरोपी ने गाली और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे के फुटेज में घटनाक्रम कैद है। 

बरात से लौट रहे युवकों पर रॉड से हमला, दो गंभीर
चौबेपुर क्षेत्र के उकथी गांव में नहर के पास रविवार देर रात बरात से लौट रहे तीन युवकों पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिश्रपुरा गांव निवासी आमोद कुमार, शशिकांत और सोनू कुमार शादी से बाइक से घर लौट रहे थे। 

आरोप है कि रात 10.45 बजे उकथी नहर के पास एक डीजे वाहन ने बाइक के सामने अचानक गाड़ी रोक दी। वाहन से उतरे प्रीतेश, गौतम, किशन कुमार समेत एक अज्ञात युवक ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में आमोद कुमार और शशिकांत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि सोनू कुमार को भी चोटें आईं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

ट्रेन में यात्री का बैग चोरी
चौरीचौरा एक्सप्रेस से सफर के दौरान वाराणसी के तरना शिवपुर निवासी प्राइवेटकर्मी का बैग चोरी हो गया। बैग में कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, कपड़े, जूते और अन्य जरूरी सामान थे। यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन और जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही रेलवे मंत्रालय को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग भी की। 

डांट से नाराज युवक ने खुद को आग लगाई, गंभीर
परिजनों के डांट से नाराज युवक ने मंगलवार को खुद के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोड़वा मोहल्ला निवासी संजय पटेल (20) मंगलवार को बाजार से घर पहुंचा। बताया जाता है कि उसने शराब पी रखी थी।  परिजनों ने उसे डांट दिया। नाराज होकर वह घर से निकला और बोतल में कही से पेट्रोल लेकर आया। 

घर में खुद के शरीर पर उड़ेलकर आग लगा लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और पानी व चद्दर फेंककर आग बुझाई, लेकिन तब तक शरीर का 35-40 फीसदी हिस्सा जल चुका था। परिजनों ने उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है। 

विषाक्त खाने से महिला समेत दो अचेत
संदिग्ध कारणों से मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खाने से एक महिला समेत दो लोग अचेत हो गए। परिवार के लोगों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। लक्सा थाना क्षेत्र के श्रीनगर कॉलोनी निवासी रवि शंकर की पत्नी रोशनी (27) मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खाने से अचेत हो गई। इसी तरह कोनिया मोहल्ला निवासी कमलेश मौर्य (30) भी विषाक्त पदार्थ खाने से अचेत हो गया। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।

पिस्टल दिखाकर पेट्रोल भरवाया, रुपये मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा में वैष्णवी फ्यूल केएसके पेट्रोल पंप पर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू ने पिस्टल के बल पर मुफ्त में पेट्रोल भरवाया और रुपये मांगने पर कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देकर निकल गया। कर्मचारियों में दहशत है।

पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर ने पुलिस उपायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के अनुसार, 17 मई की रात 2.30 बजे गड़खड़ा निवासी विवेक पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोप है कि कर्मचारियों पर पिस्टल तानते हुए गालीगलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। 

कर्मचारियों ने जब पेट्रोल के पैसे मांगे तो आरोपी ने माथे पर पिस्टल सटा दी और पेट्रोल पंप लूटने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसी कैमरों में कैद है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। 

दालमंडी : 300 मजदूर कर रहे कार्रवाई
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत ध्वस्तीकरण का काम मंगलवार को भी जारी रहा। पहले जिन मकानों पर हथौड़े और बुलडोजर से कार्रवाई की गई थी, उसे जारी रखा गया। 300 मजदूर भवन को गिराने और मलबा हटाने में जुटे रहे। जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद से दीवारों और पुराने ढांचों को ध्वस्त किया गया। आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई। 

कच्चे मकान में लगी आग, गृहस्थी का सामान जला
सेवापुरी के भड़ाव गांव में सोमवार रात 12 कच्चे मकान में आग लग गई, जिससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। गांव निवासी वीर बहादुर राजभर का गांव में कच्चा मकान है। देर शाम भोजन के बाद परिवार दूसरे घर में सोने चला गया। रात 12 बजे अचानक मकान से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। 

बरेका के टैगोर पार्क में सूखे पत्तों में लगी आग
बरेका में टैगोर पार्क में मंगलवार शाम अचानक सूखे पत्तों में आग लग गई। आग धीरे-धीरे टहलने वाले मार्ग के किनारे काफी दूर तक फैल गई, वहां लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। 

स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नाले में पलटी
लंका थाना क्षेत्र के मलहिया में मंगलवार को स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर विश्वसुंदरी पुल के नीचे सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे के बाद वाहन सवार चार युवक गाड़ी छोड़कर वहां से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार नंबर की स्कॉर्पियो पुल से नीचे उतरकर सामनेघाट की ओर मुड़ रही थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे नाले में जा पलटी। लोगों का कहना है कि वाहन में सवार चारों युवक नशे में थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को नाले से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के भिखीपुर में काशी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पास मंगलवार सुबह चार बजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार अनिल कुमार गौतम (35)  गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के सोकनी गांव निवासी अनिल कुमार गौतम बाइक से प्रयागराज जा रहा था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Varanasi News Today Five Dead in Accidents 58 Boats Seized for Negligence on Ganges
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला।

शिक्षामित्र की ग्रेच्युटी, भविष्य निधि व पारिवारिक पेंशन पर निर्णय लें बीएसए : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिक्षामित्र को ग्रेच्युटी, कर्मचारी भविष्य निधि, पारिवारिक पेंशन का लाभ देने की मांग में दाखिल याचिका पर वाराणसी के बीएसए को छह सप्ताह में फैसला लेने निर्देश दिया है। वहीं, याची को तीन हफ्ते में नया प्रत्यावेदन देने के लिए कहा है। यह आदेश न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान की एकल पीठ ने शहनाज बेगम की याचिका पर दिया है।

वाराणसी में निवासी याची के पति शिक्षामित्र के रूप में कार्य कर रहे थे। 48 वर्ष की आयु में उनकी मृत्यु हो गई। पत्नी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी से पारिवारिक पेंशन एवं ग्रेच्युटी भुगतान के लिए निवेदन किया पर उनकी ओर से कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद याची ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याची अधिवक्ता सत्येंद्र चंद्र त्रिपाठी ने दलील दी कि उत्तर प्रदेश में कुल 1,70,000 शिक्षामित्र कार्यरत हैं। 

मॉडल बनेगा सारनाथ पुरातात्विक संग्रहालय
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार और यूपी के प्रमुख सचिव (पर्यटन) अमृत अभिजात ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल सारनाथ का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुरातात्विक संग्रहालय के बारे में जानकारी जुटाई और इसे मॉडल के रूप में विकसित करने का खाका खींचा। 

दोनों अधिकारियों ने अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. बीरी सिंह के साथ मिलकर से सारनाथ के कायाकल्प पर चर्चा की। पर्यटन सचिव ने अधीक्षण पुरातत्वविद को निर्देशित किया कि वे पर्यटकों की सुविधाओं में विस्तार करने और इस पूरे क्षेत्र को वैश्विक स्तर के अनुरूप सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव (प्रपोजल) तैयार कर शासन को भेजें।

प्रस्ताव प्राप्त होने पर दिल्ली में उच्चाधिकारियों से आवश्यक बात कर ली जाएगी, ताकि फंड या अनुमति से जुड़ी कोई समस्या पैदा न हो। इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और डीएम सत्येंद्र कुमार सहित पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

बीएचयू के शोधार्थियों को दिया जाएगा प्रो. राम शंकर पुरस्कार
वाराणसी। बीएचयू में भारतीय गणितीय सोसाइटी की ओर से सेवानिवृत्त स्व. प्रो. राम शंकर पाठक पुरस्कार का गठन किया गया। यह पुरस्कार इंटीगरल ट्रांसफॉर्म, वितरण सिद्धांत, वेवलेट्स, माइक्रो लोकल विश्लेषण और इससे संबंधित क्षेत्रों में प्रकाशित करने वाले सर्वश्रेष्ठ शोध-पत्र लेखकों को दिया जाएगा। इस पुरस्कार में एक प्रशस्ति-पत्र के साथ 25 हजार रुपये नकद राशि दी जाएगी। इस पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रण प्रत्येक साल जारी किया जाएगा।

प्रो. पाठक 1966 से 2007 तक गणित विभाग में सेवारत रहे। वे 1991-1993 फिर 1999-2002 तक गणित विभाग के अध्यक्ष और डीएसटी-एफआईएसटी, यूजीसी-सैप और एनबीएचएम की बुक ग्रांट विभाग में लेकर आए। वह नासी के फेलो भी थे। इस पुरस्कार की स्थापना में प्रो. पाठक के पूर्व शोध छात्रों की बड़ी भूमिका रही। 

आईआईटी-आईएसएम धनबाद के प्रो. अखिलेश प्रसाद, आईआईटी बीएचयू के प्रो. संतोष कुमार उपाध्याय, प्रो. मदन मोहन दीक्षित और डॉ. चंद्र प्रकाश पांडेय, डॉ. गिरीश पांडेय, प्रो. सुनील कुमार सिंह, बीएचयू के डॉ. आशीष पाठक, गुरुकुल कांगड़ी के डॉ. सैग राम वर्मा, बिट्स पिलानी हैदराबाद के डॉ. मनीष कुमार शामिल हैं।

बीएचयू में तीन नए कोर्स कोऑर्डिनेटर बने
बीएचयू में बीते दो साल से बंद पड़े पीजी डिप्लोमा कोर्स फिर से शुरू किए जाएंगे। पत्रकारिता विभाग में तीन कोर्स कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। कुलपति की ओर से पीपीसी के फैसले पर मुहर लगा दी गई है। प्रो. अनुराग दवे को पीजी डिप्लोमा इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। यह कोर्स बीएचयू के बरकछा स्थित दक्षिणी परिसर में चलेगा। 

दो वर्षीय कोर्स कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एंड मैनेजमेंट का कोऑर्डिनेटर डॉ. बाला लखेंद्र और हिंदी जर्नलिज्म में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स का डॉ. नेहा पांडेय को बनाया गया है। बीएचयू में कोर्स कोऑर्डिनेटर के तौर पर 4000 रुपये मोबाइल और अतिरिक्त खर्च के तौर पर दिए जाएंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. ज्ञान प्रकाश मिश्रा के अनुसार पिछले दो साल से बीएचयू में पीजी डिप्लोमा के दोनों कोर्स बंद पड़े थे। अब इस बार इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। 

5 जून तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में योग कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यर्थी 5 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। स्व-वित्तपोषित कोर्स के तहत योग शास्त्री (बीएड), योग आचार्य (एमएड)और पीजी डिप्लोमा इन योग पाठयक्रम चलाया जा रहा है। हर सेमेस्टर में 60 सीटें हैं। संस्कृत विवि में योग कोर्स में दाखिले से जुड़ी जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड करा दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेष कुमार मिश्र ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए मंगलवार से ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रो. शैलेष ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होगी। 

शिक्षा नीति, ज्ञान परंपरा पर राष्ट्रीय मंथन होगा
बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र में 13 और 14 जून को नई शिक्षा नीति 2020 और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित राष्ट्रीय विचार मंथन होगा। बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय और विज्ञान भारती की ओर से ये कार्यक्रम कराया जाएगा। विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. शिव कुमार वर्मा मुख्य वक्ता होंगे। ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय पांडेय समन्वयक और महासचिव विज्ञान भारती के पीए विवेकानंद होंगे। 

बीएचयू में समर स्पेशल हॉस्टल में रहेंगे छात्र
बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षाओं के बाद 15 से ज्यादा समर स्पेशल हॉस्टल चिह्नित किए जा रहे हैं। जो हॉस्टल खाली हो जाएंगे उनमें रिपेयरिंग और पेंटिंग का कार्य होगा। हर कमरे में दो बेडरूम होंगे। जो छात्र सेमेस्टर परीक्षा के बाद घर नहीं जाएंगे वे इन्हीं हॉस्टलों में रहेंगे। दूसरी ओर छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से एक नोटिस जारी कर बताया गया है कि छात्रों के सामान रखने के लिए हर फ्लोर पर एक या दो कॉमन रूम बनेंगे। यूजी और पीजी छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं जल्द समाप्त होने वाली हैं। 

Varanasi News Today Five Dead in Accidents 58 Boats Seized for Negligence on Ganges
सीबीएसई बोर्ड। - फोटो : अमर उजाला

सीबीएसई पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों से छात्र परेशान, पुनर्मूल्यांकन आवेदन में आईं समस्याएं
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षा में पुनर्मूल्यांकन और अंक सत्यापन के लिए आवेदन करने वाले कई छात्रों को मंगलवार को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

छात्रों ने शिकायत की कि सीबीएसई के पोर्टल पर ब्लैंक पेज, काम न करने वाले लिंक और कैप्चा दिखाई न देने जैसी समस्याएं आ रही हैं। हालांकि, सीबीएसई ने दावा किया कि वेबसाइट पूरी तरह सही तरीके से काम कर रही है।

सीबीएसई ने पोस्ट-रिजल्ट सुविधाओं के लिए मंगलवार से अपने आधिकारिक पोर्टल और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल को खोला है। यह प्रक्रिया ऐसे समय शुरू हुई है जब कई छात्र अपेक्षा से कम अंक आने और पहली बार लागू की गई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि आवेदन विंडो खुलने के बाद पोर्टल एक्सेस नहीं हो रहा था। कुछ छात्रों के अनुसार, पुनर्मूल्यांकन लिंक पर क्लिक करने पर खाली या गैर-प्रतिक्रियाशील पेज खुल रहा था।

सोशल मीडिया पर एक छात्र ने लिखा कि कैप्चा कई बार प्रयास करने के बावजूद दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे रजिस्ट्रेशन संभव नहीं हो पा रहा था। इन शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि पोर्टल सामान्य रूप से काम कर रहा है और समस्या इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं डमी कैंडिडेट के रूप में आवेदन करके पोर्टल की जांच की है। 

नगर पंचायत की बैठक में सदस्यों ने उठाईं समस्याएं 
नगर पंचायत गंगापुर के सभागार में सोमवार को हुई बैठक में 10 वार्डों के सभासदों ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं उठाईं। सभी ने क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने और जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) को ठीक ढंग से संचालित करने की मांग की। बैठक में अधिशासी अधिकारी नवनीत कुमार जायसवाल, नगर पंचायत के निर्वाचित सदस्य और मनोनीत सदस्य उपस्थित रहे।

नवनियुक्त मनोनीत सदस्य कमलेश गुप्ता ने नगर पंचायत क्षेत्र की जनता के हित में शव वाहन, एंबुलेंस सेवा और एक सार्वजनिक लाइब्रेरी (पुस्तकालय) स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा। वहीं दूसरी ओर, सभासद चरणदास गुप्ता ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की। चरणदास ने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन लीकेज है। बैठक में अजय जायसवाल, दिनेश शर्मा, कमल, अरुण केसरी, धर्मेंद्र यादव, चमेला देवी, सोनी और नगीना आदि माैजूद रहीं।

मां की जगह बैठक में आ रहा बेटा : बैठक में एक बड़ा विवाद भी सामने आया है। नगर पंचायत सदस्यों के अनुसार, कई वर्षों से नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्णलता सेठ बैठक में शामिल नहीं होतीं। उनकी जगह बेटा सत्यम बैठक में भाग लेता है। नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिलीप सेठ ने कहा कि यह परंपरा अलोकतांत्रिक है। वहीं, नअधिशासी अधिकारी नवनीत जायसवाल ने कहा कि किसी भी निर्वाचित सभासद ने आज तक विरोध नहीं किया है, इसीलिए वे भी इस पूरे मामले पर मौन रहते हैं। 

लोड नहीं ले पा रहे तार, ट्रिपिंग के खेल में आधा शहर फंसा, 854 मेगावाट पहुंची बिजली की मांग
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की आपूर्ति करने वाले उपकरण भी जवाब देने लगे हैं। जहां तार लोड नहीं ले पा रहा है, वहीं ट्रांसफॉर्मर भी सही तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। इस कारण ट्रिपिंग भी खूब हो रही है। तीन दिन से इस तरह की समस्या है। 

मंगलवार को आधा शहर ट्रिपिंग के खेल में उलझा रहा। कभी बिजली आए तो कभी जाए। इस तरह की आवाजाही ने लोगों के रातों की नींद उड़ा दी है। शहर की 15 कॉलोनियों में दो दिन से एक फेस ही बिजली मिलने से लोग परेशान हैं। इस बीच जिले में खपत 854 मेगावाट पहुंच गई जो कि पिछले साल से अधिक है।

शहर में एक दो नहीं बल्कि 30 से अधिक कॉलोनियों में तीन दिन से रात में ट्रिपिंग खूब हो रही हैं। भिटारी के सरस्वती नगर कॉलोनी, ककरमत्ता, कृष्णानगर कालोनी, रानीपुर, तुलसीपुर महमूरगंज, लक्ष्मणपुरम, कैलाशपुरी आश्रम, शिवराजनगर कॉलोनी, शिवाजीनगर कॉलोनी, शीलनगर एक्सटेंशन, चौकाघाट, करौंदी में ट्रिपिंग की समस्या सबसे अधिक रही। तुलसीपुर में शाम 7 से 10 बजे तक यानी 3 घंटे तक बिजली गुल रही। 

भुल्लनुपुर, लहरतारा, शिवदासपुर, जक्खा, चांदपुर, मड़ौली में ट्रिपिंग के साथ ही लोग को एक फेस बिजली मिलने से परेशान रहे। डाफी में मारुतिनगर में सोमवार पूरी रात बिजली नहीं थी। मंगलवार को किसी तरह ट्रांसफॉर्मर लगा तो वह भी लोड नहीं ले सका। लिहाजा लोगों की समस्या जस की तस बनी रही। 

10 घंटे तक नहीं आई बिजली
राजातालाब के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति के लिए 19 मई को जक्खिनी उपकेंद्र पर कामकाज कराया गया। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक शटडाउन लिया गया था। स्थिति यह रही कि शाम 6 बजे तक बिजली नहीं आई। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। मनीष सिंह, अमित सिंह,पंकज पटेल, राजेश पगड़ी ने बताया कि आए दिन बिजली कटौती की वजह से परेशानी झेलनी पड़ रही है। 

रामकुंड अखाड़े पर कब्जा करने वालों पर कराएंगे प्राथमिकी : मेयर
रामकुंड अखाड़े पर मेयर अशोक कुमार तिवारी पहुंचे। उन्होंने वहां पुलिस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह सैकड़ों साल पुरानी धरोहर है। अखाड़े पर कब्जा करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। कार्य में शिथिलता पर मेयर ने लक्सा पुलिस पर नाराजगी जताई। मेयर ने पुलिस कमिश्नर से व्यायाम करने वाले युवाओं को धमकाने वाली पुलिस की शिकायत की।
 
इस दौरान अखाड़े के लोगों के भारी विरोध प्रदर्शन देखते हुए पुलिस को पीएससी बल बुलानी पड़ी। यहां मौजूद जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा और एसडीएम अनिल यादव को मेयर ने नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर ने मेयर से इस मामले की शिकायत की थी। मेयर ने कहा कि सरकार प्रयास कर रही है कि युवा वर्ग जिम छोड़कर देशी अखाड़ों में जाएं और वहां कसरत करें। अपनी पुरानी परंपराओं, धार्मिकताओं से जुड़े रहें। 

ऑनलाइन कारोबार के विरोध में आज बंद रहेंगी दवा की दुकानें
ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में बुधवार को सप्तसागर दवा मंडी सहित अन्य जगहों पर दवा की दुकानें बंद रहेंगी। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (एआईओसीडी) के आह्वान के बाद दवा विक्रेता समिति वाराणसी के पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया है। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि ऑनलाइन दवा कारोबार दवा विक्रेताओं के साथ ही मरीजों के लिए भी हितकर नहीं है। 

ऑनलाइन दवा खरीदने के बाद अगर किसी तरह की कोई समस्या होती है, तो उससे राहत पाने के लिए भी उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है। इसके विरोध में एआईओसीडी ने 20 मई को बंदी का आह्वान किया है। संजय सिंह ने बताया कि विक्रेताओं से मिलकर उनको 20 मई की बंदी के बारे में जानकारी देने के साथ ही सहयोग की अपील भी की गई हैं। बताया कि समिति के सदस्यों सहित चिकित्सा सेवा से जुड़े कई संगठनों के पदाधिकारियों ने भी समर्थन दिया है।

पीएचसी-सीएचसी पर विशेषज्ञों की कमी
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार दोपहर डॉ. गौतम कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में लखनऊ से आई स्टेट टीम ने पीएचसी चिरईगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने विशेष रूप से मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) रिपोर्ट का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों ने प्रसव (डिलीवरी) से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों, सरकारी रजिस्टरों और अस्पताल की ओर से दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की। इसके बाद टीम सीएचसी नरपतपुर पहुंची। 

समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि मातृ मृत्यु दर को कम करने और गंभीर मामलों को संभालने के लिए अस्पतालों में स्त्री रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की तत्काल जरूरत है। जांच में पीएचसी चिरईगांव और सीएचसी नरपतपुर दोनों ही केंद्रों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी मिली। अस्पतालों में प्रसव सेवाएं मुख्य रूप से स्टाफ नर्सों के भरोसे ही संचालित हो रही हैं। 

जनसुनवाई में आईं 16 शिकायतें
नगर निगम में मंगलवार को संभव की जनसुनवाई में 16 शिकायतें आईं। अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने शिकायत कर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान होगा। जनसुनवाई के दौरान कमच्छा के रामानंद ने रोड पर मलबा और सीवर, नई बस्ती आशीष कुमार ने सफाई और अतिक्रमण, मंडुवाडीह के मनीष कुमार ने कब्जा हटवाने, पांडेयपुर के कृष्णकांत सिंह ने कूटरचित आधार पर फर्जीवाड़े से जुड़ी शिकायत की। शिवपुर के संजू और राकेश सिंह ने अवैध कब्जा, सेंट जांस मड़ौली के प्रेम प्रकाश सक्सेना मलबा गिराने, संदहा के अमरनाथ राय ने इंटरलाॅकिंग लगाने, लक्खी चौतरा के आनंद कुमार सुरेका ने जर्जर भवन से जुड़ी शिकायत की। 

संतुलित आहार, अनुशासित जीवनशैली से रोगों की रोकथाम संभव : प्रो. चतुर्वेदी
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोलॉजी विभाग की ओर से मंगलवार को विश्व आईबीडी दिवस पर कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संतुलित आहार, और अनुशासित जीवनशैली से कई तरह के रोगों से दूर रहा जा सकता है।

डॉक्टर्स लाउंज में आयोजित समारोह में कुलपति ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। गैस्ट्रोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. देवेश प्रकाश यादव ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में आईबीडी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय पर निदान और उचित उपचार के माध्यम से मरीज सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं। इस दौरान आधुनिक उपचार पद्धति फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांटेशन (एफएमटी) पर विशेष जानकारी दी गई। 

डॉ. अंकिता ने मरीजों व उनके परिजनों को नियमित चिकित्सकीय परामर्श लेने और उपचार कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, डीन प्रो. संजय गुप्ता,  प्रो. एसके शुक्ला, प्रो. अनुराग कुमार तिवारी, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. ब्रजेश कुमार आदि मौजूद रहे।

कर्मचारी संघ के नवीन कार्यालय का उद्घाटन
वीडीए में मंगलवार को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के नवीन कार्यालय का उद्घाटन सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कर्मचारियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। सचिव ने कहा कि कर्मचारी संगठन कार्यालय कर्मचारियों की समस्याओं और सुझावों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम होता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ प्राधिकरण के विकास कार्यों में योगदान देने को कहा। अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिरुद्ध पांडेय, महामंत्री सुशील उपाध्याय उपस्थित रहे। 

अनिल सिंह अध्यक्ष, शशि प्रकाश बने महामंत्री
एकेडमिक रिसोर्स पर्सन्स (एआरपी) एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में डायट सारनाथ में कार्यकारिणी का चुनाव मंगलवार को हुआ। चुनाव अधिकारी दिवाकर सिंह काकन की देखरेख में हुए चुनाव में नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महामंत्री शशि प्रकाश राय, कोषाध्यक्ष मनीषा प्रसाद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश यादव चुने गए।

मीडिया प्रभारी पद पर रश्मि त्रिपाठी, संगठन मंत्री अरविंद कुमार दीक्षित, संयुक्त मंत्री पद पर अखिलेश यादव निर्वाचित हुए। वक्ताओं ने कहा कि एआरपी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने, शिक्षकों के शैक्षिक सहयोग व प्रशिक्षण, नवाचारों के प्रसार, मिशन प्रेरणा और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

घाट संध्या में बनारस घराने की गूंजी शहनाई
सुबह-ए-बनारस की ओर से आयोजित घाट संध्या में मंगलवार को बनारस घराने के कलाकारों ने शहनाई वादन से आनंदित किया। मैसर अली एवं कौसर अली ने शहनाई पर राग मधुवंती में निबद्ध द्रुत तीनताल में निबद्ध स्वर रचना से शुरुआत की। राग पहाड़ी में धुन सुनाया। गंगा स्तुति से वादन को विराम दिया। शहनाई पर साबिद हुसैन एवं दुक्कड पर नाजिम हुसैन ने संगत की। कलाकार को प्रमाण पत्र डॉ. प्रेम नारायण सिंह ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। 

ठाकुर जी की सजाई जलविहार की झांकी
राधा कृपा परिवार की अंतरराष्ट्रीय संस्थापिका संत मां ब्रज देवी की उत्तराधिकारी संत प्रेमधन लालन के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास भर चलने वाले पूजन उत्सव की मंगलवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में शुरुआत हुई। झूला उत्सव हुआ। मनोरथी चंदन खेमका और मनीषा खेमका ने पूजन किया। भक्तों ने ठाकुर  जी को जलविहार, नौका विहार और चंदन शृंगार किया। ठंडी खाद्य सामग्री व फलों का भोग लगा। राधा कृपा परिवार वाराणसी की संचालिका नीता गुप्ता के नेतृत्व में राधा कृपा परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लाग लिया। पूजन में रितु, रेखा, वंदना, आरती, गुंजन आदि रहीं। 

निर्मल मनचंदा महिला समागम में आज देंगी संदेश
संत निरंकारी मिशन की ओर से बुधवार को अपराह्न तीन बजे से सत्संग भवन मलदहिया में जोन स्तरीय निरंकारी महिला समागम का होगा। जोनल इंचार्ज सिद्धार्थ शंकर सिंह ने बताया कि इस समागम में वाराणसी के अलावा चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और गाजीपुर जिले की संगत शामिल होंगी। महिला सशक्तीकरण के लिए स्थापना निरंकारी मिशन ने महिला सत्संग के जरिये आयोजित समागम में दिल्ली की केंद्रीय प्रचारिका निर्मल मनचंदा समागम को संबोधित करेंगी। 

केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में लगवाया वाटर कूलर
सर्व वैश्य समाज समिति ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय बीएवयू में वाटर कूलर लगाया गया। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के संरक्षकत्व में समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने इसका शुभारंभ किया। महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि हमें जल को बचाने के साथ ही शुद्ध पेयजल जरूरी है। इस वाटर कूलर का विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगा। प्रधानाचार्य अशोक सिंह ने संस्था के इस सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, श्याम सुंदर प्रसाद, श्याम सुंदर अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, राजेंद्र मोहन शाह आदि रहे। 

जैव उर्वरक के इस्तेमाल का तरीका जाना
संतुलित उर्वरकों के उपयोग अभियान के तहत भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान की ओर से राजगढ़ विकासखंड मिर्जापुर में किसानों को जागरूक किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में को-ऑर्डिनेशन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह, डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी ने जैव उर्वरकों के इस्तेमाल की विधि को सूक्ष्मजीव रोग एवं कीटनाशी का प्रदर्शन कर किसानों को जानकारी दी। मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. रामेश्वर सिंह ने संस्थान के उत्पादित विभिन्न जैव उर्वरक के सब्जी फसलों में उपयोग के बारे में जानकारी दी। 32 किसानों ने भाग लिया। इस मौके पर संतोष कुमार एवं कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. राम सिंह आदि मौजूद रहे।

मंत्री चिराग पासवान से मिले व्यापारी
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश महामंत्री अखिलेश कुमार मिश्र ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने देश और राज्यों में रिटेल व्यापार, सूक्ष्म उद्योगों तथा व्यापारियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा की। प्रदेश महामंत्री अखिलेश मिश्र ने व्यापार को गति देने, सरकारी योजनाओं की जटिलताओं को दूर कर उनके सरलीकरण करने तथा बाजार में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान कैट के राष्ट्रीय सचिव पंकज अरोरा, आगरा जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल, सागर केसरवानी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा आदि मौजूद रहे। 

1.73 करोड़ से हनुमान मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, विधायक ने किया भूमिपूजन
सिंधौरा क्षेत्र के हनुमान मंदिर का 1.7351 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार होगा। मंगलवार को मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने भूमिपूजन किया। भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई। 

इस परियोजना के तहत 1.73 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों के पूरा होने से यहां आने वाले दर्शनार्थियों को काफी सहूलियत होगी। मंदिर के आंतरिक और बाहरी हिस्से को आकर्षक रूप दिया जाएगा। शुद्ध पेयजल, श्रद्धालुओं के बैठने की उत्तम व्यवस्था और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित की जाएगी। 

मंदिर तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि सिंधौरा का यह हनुमान मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र बिंदु है। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, जिला महामंत्री जेपी दुबे, सुरेंद्र नारायण सिंह, सत्यनारायण जायसवाल आदि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर निर्माण कार्य की निगरानी बालकेश्वर प्रसाद, अनुज मौर्य आदि मौजूद रहे। 

रेल कर्मियों को जीएम ने किया पुरस्कृत
पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों में रेल हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभाने वाले रेलकर्मियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ‘ घोषित किया गया। महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुरस्कार के लिए चयनित वाराणसी मंडल के कछवा रोड स्टेशन पर स्टेशन मास्टर अनिल कुमार ने 23 मार्च को कार्य के दौरान बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12581) के पास होते समय एलएसआरडी से आगे चौथे कोच में ब्रेक बाइंडिंग को देखा, जिससे बोगी के चारों पहिये लाल हो गए थे। अनिल कुमार ने तत्काल लाल सिग्नल दिखाकर और वॉकीटाॅकी से ट्रेन के लोको पायलट एवं गार्ड से बात की। ट्रेन को हरदत्तपुर-राजा तालाब के बीच रुकवाया। फाल्ट को ठीक कर ट्रेन चलाई गई। 

संत साईं साधराम हुए गोलोकवासी, सिंधी समाज में शोक
पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित सिंधी समाज के प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ सचो सतराम धाम के पीठाधीश्वर संत साईं साधराम के गोलोकवासी होने से सिंधी समाज में शोक की लहर है। उनका निधन सिंगापुर के एक अस्पताल में हुआ। काशी में पांडेयपुर स्थित धाम की शाखा में मंगलवार शाम शोकसभा आयोजित की गई, जिसमें शहरभर के सिंधी समाज के लोग शामिल हुए। 

श्रद्धालुओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा धुनी साहिब का पाठ किया। सभा में करीब 300 लोग मौजूद रहे। सिंधी सेंट्रल पंचायत के पूर्व पदाधिकारी रमेश लालवानी ने बताया कि वर्ष 2005 में उन्हें रहड़की साहिब स्थित आश्रम में साईं साधराम के दर्शन का अवसर मिला था। उन्होंने बताया कि साईं साधराम काशी और लखनऊ भी आए थे। साईं साधराम का जन्म 25 अक्तूबर 1963 को रहड़की साहिब धाम में हुआ था। वे धाम के सातवें पीठाधीश्वर थे। 

कुंडों के आसपास की गई पेंटिंग हो रही खराब
सुंदरीकरण के बाद शहर के कुंड उपेक्षा के शिकार हो रहे हैं। कई कुंडों पर हुई पेंटिंग खराब हो गई है। इसके अलावा कई जगहों पर गंदगी पड़ी है। पितरकुंडा के आसपास ऐसा देखा जा सकता है। इसी प्रकार रामकुंड के पास भी समस्या है। नदेसर तालाब, पांडेयपुर तालाब, चकरा, सोनभद्र तालाब, चितईपुर तालाब को सुंदर बनाया गया है। पक्के निर्माण होने के चलते कई जगहों पर सुंदरीकरण नहीं हो पा रहा है। 

सदन की बैठक में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बैठक कर नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंडों को बेहतर किया जाए। शहरी क्षेत्र के छोटे-बड़े मिलाकर 138 कुंड-तालाब हैं। इसमें कुछ तालाबों पर अतिक्रमण है। कई तालाब का सुंदरीकरण कराया गया है। तालाबों के चारों तरफ पक्का निर्माण कराया जाएगा। इनके आसपास बैठने वालों के लिए बेंच बनाए जाएंगे। फव्वारे भी लगाए जाएंगे। 

शंकरा आई फाउंडेशन ने 30 लाख मुफ्त नेत्र ऑपरेशन कर एशिया बुक में नाम दर्ज कराया
शंकरा आई फाउंडेशन इंडिया ने ‘गिफ्ट ऑफ विजन’ कार्यक्रम के तहत 30 लाख से अधिक निशुल्क नेत्र शल्यक्रियाएं कर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में रिकॉर्ड दर्ज किया है। फाउंडेशन ने मार्च 2004 से 31 मार्च 2026 के बीच वंचित समुदायों को दृष्टि प्रदान की है। यह पहल टाले जा सकने वाले अंधत्व के उन्मूलन के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। संस्थापक और प्रबंध न्यासी डॉ. आरवी रमणी ने इस उपलब्धि पर कहा, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से मिली यह मान्यता हमारे लिए गर्व का क्षण है। 

उपचार योग्य अंधत्व का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य है। डॉ. रमणी ने आगे कहा, 30 लाख से अधिक निशुल्क नेत्र शल्यक्रियाएं देशभर के लाखों मरीजों के विश्वास का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि उनका नेटवर्क 10 राज्यों में 14 केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 1,000 नेत्र शल्यक्रियाएं कर रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य अन्य संस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed