Varanasi News Today: कोर्ट में पेश हुए पूर्व सांसद धनंजय सिंह, नीला ड्रम जैसा कांड करने की धमकी; पढ़ें खबरें
Varanasi News: जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 11 मार्च की तिथि नियत की है। वहीं, पति ने पत्नी समेत उसके परिजनों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और धमकी समेत अन्य आरोपों में भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले मामले में सुनवाई हुई। बहस जारी रखते हुए कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 11 मार्च की तिथि नियत की है। बहस के दौरान वादी धनंजय सिंह भी कोर्ट में उपस्थित रहे।
प्रकरण के अनुसार, चार अक्तूबर 2002 को तत्कालीन विधायक और पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ चार पहिया वाहन से जौनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे अभय सिंह और उनके पांच साथियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में वादी धनंजय सिंह ने गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर कैंट थाने में दर्ज कराई थी। विवेचना में नाम सामने आने पर पुलिस ने विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेन्द्र सिंह को भी नामजद कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।
10 साल बाद भी ग्रेनेड बरामदगी मामले की विवेचना अधूरी, कोर्ट ने मांगी प्रगति रिपोर्ट
बनारस कचहरी परिसर में वर्ष 2016 में दो हैंड ग्रेनेड बरामद होने के मामले में अब तक विवेचना पूरी नहीं हो सकी है। इस पर याचिकाकर्ता नित्यानंद राय ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) वाराणसी की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर मामले की प्रगति रिपोर्ट तलब करने की मांग की है। अदालत ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए मामले में नौ मार्च को कैंट पुलिस से प्रगति रिपोर्ट तलब की है।
अधिवक्ता ने अदालत को अवगत कराया कि घटना को लगभग दस वर्ष बीत जाने के बावजूद इतने गंभीर मामले में विवेचना आज तक पूरी नहीं हो सकी है। 23 अप्रैल 2016 को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। कचहरी परिसर में चेकिंग के दौरान गेट नंबर दो से प्रवेश के पास नीम के पेड़ के समीप अधिवक्ताओं की चौकी के पास संदिग्ध अवस्था में हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था।
यह ग्रेनेड सेना अथवा अर्धसैनिक बलों की ओर से विशेष परिस्थितियों में युद्ध के दौरान प्रयोग किया जाता है। एफआईआर में आशंका जताई गई थी कि अज्ञात अपराधियों द्वारा कचहरी परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, अधिकारियों व अन्य लोगों के जीवन को खतरे में डालने व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इसे रखा गया था।
पति को दी धमकी, तुम्हारे साथ भी होगा नीला ड्रम जैसा कांड
पति ने पत्नी समेत उसके परिजनों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और धमकी समेत अन्य आरोपों में शनिवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अस्सी के डुमराव बाग काॅलोनी निवासी पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी धमकी देती है कि तुम्हारे साथ भी नीला ड्रम जैसा कांड होगा। मैं दूसरे की अमानत हूं। पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि पिछले साल 21 जनवरी को उसकी शादी बिहार के मोहनिया छोटी कुल्हड़िया गांव में हुई।
इस बीच एक माह बाद पत्नी अपने मायके गई। तब फोन पर पत्नी ने धमकी दी कि मैं दूसरे की अमानत हूं। तुम्हारे साथ नहीं रह सकती हूं। तुम मुझे तलाक दे दो और मुझे भूल जाओ। फोन पर अक्सर धमकी देती थी कि मेरे मायके से विदा करा ले गए तो तुम्हारे साथ नीले ड्रम जैसा कांड कर दूंगी। 3 मार्च 2026 की रात पत्नी अपने दोनों भाई आनंद राठौर व मनोरंजन ऊफ मनु, जीजा विजय व उनके बड़े भाई राजू के साथ घर पहुंची और सभी ने घर में घुसकर पिटाई की। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसी कैमरे भी खंगाले गए हैं।
धोखाधड़ी में कालोनाइजर की जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश (इसी एक्ट) सर्वजीत सिंह की अदालत ने धोखाधड़ी और रुपये हड़पने मामले में आरोपी कालोनाइजर बसंत लाल की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी मुकदमा मनोज साहनी ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसे व्यापार करने के लिए भूमि क्रय करना था, जिस पर संतोष साहनी निवासी मदरवां, छित्तूपुर, लंका ने सात बिस्वा जमीन के बारे में कथित कालोनाइजर बसंत लाल पटेल से मिलवाया।
वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज पर शनिवार की शाम सात बजे वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि महिला रिंगरोड ओवरब्रिज के ऊपर से रखौना से हरहुआ की तरफ पैदल जा रही थी, जिसे वाहन ने टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। वाहन हरहुआ की तरफ भाग निकला है। महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वाहन को पकड़ने के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन महिला के सर के बाल सहित मांस के लोथड़े पड़े रहे।
कैथी टोल प्लाजा पर खड़ी ट्रक में एम्बुलेंस टकराईं चालक की मौत,एक की हालत गंभीर
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा पर रविवार की सुबह छह बजे खड़ी ट्रक में वाराणसी गाजीपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार में एक एंबुलेंस अचानक जाकर टकरा गई। जिससे एम्बुलेंस चालक सुनील कुमार (37) निवासी चैनपुर खुर्द थाना लालपुर (बस्ती) की मौत हो गई। साथ में बैठा दुसरा युवक अश्वनी कुमार (35) निवासी मुरारपुर थाना बागेश्वर (फतेहपुर) को गंभीरावस्था में पं दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया।
सभी लोगों को नरपतपुर 1033 एंबुलेंस से भेजा गया। जहां चिकित्सक ने एक के मौत की पुष्टि की है। सूचना मिलने पर कैथी चौकी प्रभारी ने मय फोर्स पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा जा रहा है।
307 गैंग के मनबढ़ों ने किसान को पीटा
बड़ागांव के खानपट्टी गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम किसान पर 307 गैंग के मनबढ़ों ने हमला किया। मामले में शुक्रवार की रात छह नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा सोनेलाल पटेल खेत की रखवाली कर देर शाम घर लौट रहा था। इस बीच पांच बाइक पर सवार छह से अधिक युवकों ने बेटे को घेर लिया और उसकी पिटाई की। जेब से 950 रुपये और सोने की चेन भी लूट ली।
लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपियों ने असलहा लहराते हुए खुद को 307 गैंग का सदस्य बताया और धमकी दी। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि छह नामजद में उंदी का रहने वाला विकास यादव, अजय यादव, वीरापट्टी निवासी आर्यन प्रजापति, माधोपुर निवासी करन राजभर, रामकुमार राजभर, अमित पाल और तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के विरोध में रखा मौन उपवास
ईरान के खिलाफ अमेरिका और इस्राइल की सैन्य कार्रवाई के विरोध में साझा संस्कृति मंच और कांग्रेस ने शनिवार को आंबेडकर पार्क कचहरी में सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे मौन उपवास रखा। कार्यक्रम में शहर के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस के महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि ओमान की मध्यस्थता में चल रही शांति वार्ता के बीच, युद्ध की घोषणा किए बिना ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव, फादर आनंद, जागृति राही, रामधीरज आदि मौजूद रहे।
इंस्टाग्राम आईडी हैक कर किशोरी को धमकी दी
किशोरी की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर परिवार को धमकी देने के मामले में कैंट पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित के पिता ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम और फोन के माध्यम से गाली-गलौज कर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पांडेयपुर स्थित मेंटल हॉस्पिटल रोड निवासी पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि अर्पित पांडेय नामक युवक इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आईटी एक्ट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
महिला से की छेड़खानी, पति-पुत्र पर किया हमला
जैतपुरा थाना क्षेत्र के अवसानगंज में विवाहिता ने हीरालाल यादव और विक्की यादव के खिलाफ मारपीट, छेड़खानी और पति-पुत्र का गला दबाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी हीरा लाल यादव और विक्की यादव पांच मार्च की रात घर पर आकर गाली गलौज की। पति और पुत्र पर आरोपियों ने हमला किया। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
छात्रावास के कमरे से छात्र का लैपटॉप चोरी
बीएचयू परिसर स्थित विश्वेश्वरा छात्रावास के कमरा नंबर 92 में रहने वाले आईआईटी फोर्थ इयर के छात्र प्रथमेश सोलंकी का लैपटॉप चोरी हो गया। 27 फरवरी को उसके कमरे में रखा लैपटॉप गायब हो गया। पीड़ित छात्र प्रथमेश ने पुलिस को बताया कि उसके कमरे में रूममेट का भी लैपटॉप चोरी हुआ है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
युवती से दुष्कर्म मामले में आरोपी शिवम प्रजापति को चेतगंज पुलिस ने शनिवार को चेतगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सुदामापुर खोजवां भेलूपुर का निवासी है। पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता को करीब छह माह से प्रेमजाल में फंसाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो अश्लील वीडियो, फोटो वायरल करने की धमकी दी। छह मार्च को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी शिवम को गिरफ्तार किया गया।
अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
अपहरण के आरोपी मजनू उर्फ रितेश को कपसेठी पुलिस ने शनिवार को भीषमपुर स्थित परमहंस आश्रम के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अपहृता को बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी शहंशाहपुर राजातालाब का निवासी है। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को आरोपी अगवा कर लिया है।
बच्ची से गलत हरकत का आरोपी गिरफ्तार
पाॅक्सो मामले में वांछित मदन को बड़ागांव पुलिस ने शनिवार को दल्लीपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी अहरक बहरीपुर का निवासी है। तीन साल की बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने आरोपी मदन ने गलत हरकत की थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 6 मार्च को पीड़िता मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसकी 3 वर्षीय पुत्री को टॉफी दिलाने के बहाने दुकान पर ले जाकर मदन ने उसके साथ गलत हरकत की। मदन के खिलाफ मारपीट, दुष्कर्म, धमकी जैसी प्राथमिकी पहले से दर्ज है।
बंद घरों को चोरों ने खंगाला, नकदी व आभूषण ले गए
सामनेघाट स्थित मारुति नगर कॉलोनी में सुरेश सिंह, मनोज कुमार सिंह और धर्मेंद्र सिंह के बंद मकान में चोरी हो गई। चोरों ने नकदी और आभूषण समेट लिया। परिवार के लोग होली पर गांव गए हुए थे। पड़ोसियों ने घर में चोरी घटना की सूचना दी। पीड़ित सुरेश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को परिवार के साथ भटवारा खुर्द चकिया गांव गए थे। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
स्पोर्ट्स अकादमी से सबमर्सिबल पंप चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के हड़ियाडीह गांव स्थित मुनारी-चौबेपुर मार्ग पर संचालित स्पोर्ट्स अकादमी में शुक्रवार रात चोरी हो गई। सबमर्सिबल पंप और 16 फ्लड लाइट चोर समेट ले गए। शनिवार की सुबह संचालक ने थाने में तहरीर दी। हड़ियाडीह में संचालित स्पोर्ट्स अकादमी में करीब 200 से ज्यादा बच्चे प्रशिक्षण लेते हैं। चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया जांच कराई जा रही है।
जबरन शादी करने और मारपीट मामले में प्राथमिकी
वीडियो बनाकर जबरन शादी करने और मारपीट मामले में रोहनिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि भिटारी लहरतारा निवासी दीपक विश्वकर्मा से दो साल पहले मुलाकात हुई थी। दीपक ने वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल की धमकी देकर जबरदस्ती शादी की। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि दीपक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिरयानी वाले पर हिंदू लड़कियों को फंसाने का आरोप
नदेसर की युवती ने मारपीट का आरोप लगाया है। युवती ने कैंट थाने में तहरीर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह नदेसर में किराये के मकान में रहती है और ट्रैवल्स एजेंसी में कार्य करती है। पास में बिरयानी की दुकान चलाने वाले युवक से उनकी पहचान हुई। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। वह लड़कियों को फंसाता है।
पीड़िता ने बताया कि जब उसे पता चला कि आरोपी दूसरे वगे से है तो बात करना बंद कर दिया। इस बीच आरोपी बदनाम करने लगा। आरोप है कि 5-6 अज्ञात साथियों के साथ आरोपी घर पहुंचा और हमला कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
बाइक सवारों ने विद्यालय प्रबंधक पर किया हमला
चोलापुर थाना क्षेत्र के नवापुरा गांव के समीप इंटर कॉलेज के प्रबंधक सत्यनारायण पटेल पर बाइक सवार मनबढ़ों ने शनिवार को हमला कर दिया। इस दौरान चेन और नगदी भी लूट ली। पुलिस ने आरोपियों की बाइक को कब्जे में लिया है। नवापुरा (लखरांव) निवासी सत्यनारायण पटेल ने पुलिस को बताया कि वह धनपति इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं। मोबाइल पर फोन कर उन्हें सारदा सहाय नहर के पास स्थित डॉ. अरुण यादव के घर के समीप बुलाया गया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमलावरों की बाइक को जब्त किया गया है।
टेक्नीशियन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक्स-रे कराने आई युवती से छेड़खानी मामले में टेक्नीशियन के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 5 मार्च 2026 को वह एक्स-रे कराने सीएचसी चोलापुर पहुंची थी। इस दौरान एक्स-रे कक्ष में मौजूद डॉ. शत्रुघ्न मिश्र ने उसे अंदर बैठा लिया। एक्स-रे के बहाने उससे छेड़खानी की गई। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिवक्ताओं पर हमले के आरोपियों की हो गिरफ्तारी
पिछले सप्ताह सेल्स टैक्स बार के सचिव समेत अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला के आरोपियों की गिरफ्तारी लालपुर-पांडेयपुर पुलिस नहीं कर पा रही है। अधिवक्ताओं ने यह आरोप लगाते हुए शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त अपराध से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने मांग किया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप कुमार श्रीवास्तव, सचिव चंद्रेश सिंह सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, महामंत्री आशीष सिंह व बनारस बार अध्यक्ष विनोद शुक्ला, महामंत्री सुधांशु मिश्रा ने मांग किया कि लूट के माल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इस दौरान सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन चेतगंज में भी अधिवक्ताओं ने बैठक के दौरान पुलिस की कार्य प्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई।
दवामंडी में दुकानदारों ने किया हंगामा
मैदागिन स्थित सप्तसागर दवामंडी में शनिवार को नगर निगम की टीम के सामने दुकानदारों ने हंगामा किया। कोतवाली जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा से दुकानदारों की करीब घंटे भर नोकझोंक हुई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। नगर निगम की ओर से संबंधित बकायेदारों को नोटिस दिया गया था।
जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष अक्टूबर और दिसंबर माह में भी नोटिस जारी कर गृह कर जमा करने की चेतावनी दी गई थी, बावजूद कई भवन स्वामियों ने बकाया राशि जमा नहीं की। दोपहर के समय निगम की टीम सप्तसागर दवा मंडी में 1.34 लाख के बकायेदार मकान नंबर 18/118ए पर पहुंची।
नगर निगम की टीम मकान में रहने वालों से बकाया वसूली की बात करने के साथ ही दुकानों को बंद कराने लगी। इस पर दुकानदार भड़क गए। दुकानदारों का कहना था कि वह दुकान का पूरा किराया मकान मालिक को देते हैं। फिर उनकी दुकानें क्यों बंद कराई जा रही हैं। उधर, हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को शांत कराया।
जिम में महिला प्रशिक्षक जरूर हों
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार की देर शाम राजपत्रित अधिकारियों संग कैंप कार्यालय पर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने तीनों जोन के डीसीपी को निर्देशित किया कि सभी थाना क्षेत्र में संचालित जिम में महिला सुरक्षा की जांच जरूर करें। महिला प्रशिक्षक और सीसी कैमरे जरूर से लगे हो। इसकी नियमित जांच कराएं। उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्रों के नियमित निरीक्षण के भी निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग, अवैध कट, विपरीत दिशा से वाहन संचालन व बिना नंबर प्लेट वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने को कहा, वैवाहिक लग्न को देखते हुए उन्होंने बारात व्यवस्था के अंतर्गत निर्धारित पार्किंग, रात 10 बजे के बाद डीजे संचालन पर प्रतिबंध व सड़क के सीमित हिस्से में बारात संचालित कराने के निर्देश दिए गए।
आईआईटी बीएचयू के 87वें टेक्नेक्स में फेरारी के सीईओ बेनेडेट्टो करेंगे लग्जरी इंजीनियरिंग और स्पीड पर बात
आईआईटी बीएचयू में 13 से 15 मार्च के बीच हो रहे 87वें टेक्नेक्स की शुरुआत स्पोर्ट्स कार निर्माता कंपनी फेरारी के सीईओ बेनेडेट्टो विग्ना के संवाद से होगी। वह 13 मार्च को स्वतंत्रता भवन सभागार में छात्रों-छात्राओं से बात कर देश के सबसे बड़े टेक्निकल इवेंट में से एक टेक्नेक्स में फेरारी के सीईओ लग्जरी इंजीनियरिंग, स्पीड, रेसिंग फार्मूला कार और भविष्य के ऑटोमोटिव एक्सीलेंस पर टेक्नोक्रेट्स को सलाह देंगे।
इस सत्र की थीम – वी डोंट सेल कार्स, वी सेल ड्रीम : फ्रॉम मारनेलो टू द साऊल ऑफ वाराणसी रहेगी।
200 से ज्यादा पेटेंट : इटली निवासी विग्ना ने पीसा यूनिवर्सिटी से भौतिक विज्ञान में स्नातक किया। फिर जेनेवा के सर्न लैब और म्यूनिख में मैक्स प्लैंक संस्थान में काम किया। इसके बाद उन्होंने तीन-अक्ष वाला एक्सेलेरोमीटर तैयार किया, जिसे कार के एयरबैग में लगाया गया। उन्होंने 200 से ज्यादा पेटेंट कराए। 9 जून 2021 को फेरारी के सीईओ का कार्यभार संभाला।
पर्वतारोही और ब्रिगेडियर एस.एस. शेखावत ने भेजा वीडियो संदेश : टेक्नेक्स में भारतीय सेना के ब्रिगेडियर और पर्वतारोही सौरभ सिंह शेखावत को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि उन्होंने अपना वीडियो संदेश जारी कर आभार जताया और कहा कि मुझे दुख है कि मैं नहीं पहुंच पाऊंगा। स्काईडाइव ऑपरेशन के चलते टेक्नेक्स में शामिल नहीं हो पा रहा हूं। भगवान आपका भला करे।
यूपीएससी में 21वीं रैंक प्राप्त करने वाले शुभम सिंह का हुआ सम्मान
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र शुभम सिंह का संघ लोक सेवा आयोग में चयन हुआ है। शुभम ने देशभर में 21वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। इस मौके पर विद्यालय परिसर में शनिवार को भव्य सम्मान समारोह हुआ। विद्यालय की संरक्षिका विद्या सिंह ने बताया कि शुभम सिंह कक्षा 4 से संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के छात्र रहे हैं।
वर्ष 2009 बैच के पास आउट हैं। इसके पूर्व भी सिविल सेवा परीक्षा में दो बार सफलता प्राप्त कर चुके हैं और निरंतर अपनी रैंक में सुधार करते हुए इस वर्ष 21 वीं रैंक प्राप्त किए। इस सफलता से उन्होंने विद्यालय के साथ साथ अपने परिवार तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। समारोह में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की उपस्थिति में शुभम सिंह का विधिवत अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उनसे संवाद करते हुए उनकी तैयारी, संघर्ष और सफलता के अनुभवों को जाना।
संस्था सचिव राहुल सिंह ने इस उपलब्धि को विद्यालय ही नहीं अपितु पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। प्रधानाचार्य डॉ. नीलम सिंह तथा निदेशिका डॉ. वंदना सिंह एवं उपनिदेशक आयुष्मान सिंह ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी। शुभम ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, परिश्रम और धैर्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यापीठ के संबद्ध कॉलेजों में पीजी की परीक्षाएं 18 से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के संबंद्ध कॉलेजों में एमए और एमएससी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 से 25 मार्च तक होंगी। सहायक कुलसचिव (परीक्षा) अरिंदम श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा दोपहर दो बजे से चार बजे तक होगी। उन्होंने बताया कि वाराणसी और चंदौली जिले के संबद्ध महाविद्यालयों में रेग्युलर, बैक और इंप्रूवमेंट परीक्षा होगी। भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र के संबद्ध महाविद्यालयों में सिर्फ बैक और इंप्रूवमेंट परीक्षा होगी। समय सारिणी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है।
एक हफ्ते बाद हुई परीक्षा में 60 छात्र नहीं पहुंचे
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा होली की छुट्टी के बाद शनिवार को हुई। एक सप्ताह बाद हुई परीक्षा में 60 छात्र अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल में वाणिज्य विषय की परीक्षा हुई। इसमें 1574 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 40 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिले के 48 परीक्षा केंद्रों पर छात्रों ने परीक्षा दी। इसी तरह इंटरमीडिएट में व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न ट्रेड की परीक्षाएं महज 17 परीक्षा केंद्रों पर हुईं। इसमें 481 परीक्षार्थी थे। इसमें 20 अनुपस्थित थे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, परीक्षार्थियों की संख्या कम रही। परीक्षा में कोई बाधा नहीं आई है।
दो प्रोफेसर सिंगापुर मलयेशिया में पढ़ेंगे शोधपत्र
बीएचयू के दो असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ज्योति और डॉ. रवि शंकर सोनकर सिंगापुर और मलयेशिया में अपने शोध पत्र पढ़ेंगे। साउथ एशियन सोशियोलॉजिकल सोसाइटी की ओर से ये कार्यक्रम आठ से 13 मार्च तक होंगे। कार्यक्रम साइंस, टेक्नोलॉजी ऐंड सोसाइटी : रीथिंकिंग नॉलेज, पॉवर ऐंड इनोवेशन फॉर एन इन्क्लूसिव ऐंड सस्टेनेबल फ्यूचर विषय पर आयोजित है। हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ज्योति अमेरिका में रहने वाली प्रवासी रचनाकार डॉ. पुष्पा सक्सेना की कहानियों पर बात करेंगे। डॉ. रवि शंकर लैंगिक समता और सामाजिक न्याय विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
18-28 मार्च तक बीएफए-एमएफए की प्रैक्टिकल परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीएफए और एमएफए कोर्स के पहले सेमेस्टर की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 18 से 28 मार्च तक होंगी। ललित कला विभाग में संचालित बीएफए और एमएफए कोर्स की परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 10:30 से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1:30 से चार बजे तक होंगी। परीक्षा की समय सारिणी काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
अब संपूर्णानंद संस्कृत विवि में पढ़ाई जाएंगी करपात्री महाराज की कृतियां
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में इस सत्र से स्वामी करपात्री महाराज की कृतियों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी व युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह के इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। इसके बाद कुलपति ने पत्रकारों से वार्ता की। कुलपति ने कहा कि स्वामी करपात्री महाराज का साहित्य भारतीय धर्म-दर्शन, सनातन वैदिक परंपरा, सांस्कृतिक चेतना तथा आध्यात्मिक चिंतन का अत्यंत महत्वपूर्ण स्रोत है।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत रहा है। स्वामी करपात्री महाराज जैसे महान संत और विद्वान का साहित्य भारतीय संस्कृति, दर्शन और सनातन वैचारिक परंपरा का अमूल्य धरोहर है। उनके ग्रंथों को पाठ्यक्रम में शामिल करने से विद्यार्थियों को शास्त्रीय परंपरा, धर्म दर्शन और भारतीय चिंतन की गहराई को समझने का अवसर प्राप्त होगा। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी यह पहल महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
पिंडरा में डीएम ने सुनीं शिकायतें, 131 में से 12 का किया निस्तारण
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को पिंडरा तहसील में जनसुनवाई की। इस दौरान 131 शिकायतें आईं, इसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों पर डीएम ने अफसरों ने कहा कि मौके पर जाकर जांच करें। इसके बाद शिकायतों का निस्तारण करें। डीएम ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर सभी शिकायतों का निस्तारण कराएं। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि शिकायतकर्ता की बातों को गंभीरता से अवश्य सुनें। राजस्व व जमीन के प्रकरण की शिकायत के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर जांच करते समय शिकायतकर्ता और वहां पर उपस्थित व्यक्तियों के हस्ताक्षर अवश्य कराएं व फोटोग्राफ्स भी सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि समाधान दिवस में अधिकांश मामले जमीन व राजस्व विवाद के आए। उन्होंने इसके लिए कानूनगो, लेखपाल व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन कर एक हफ्ते के अंदर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
हेपेटाइटिस-बी से पीड़ित मरीज को बीएचयू ने किया रेफर, सीएचसी में ऑपरेशन
दुर्गाकुंड सीएचसी के चिकित्सकों ने हेपेटाइटिस-बी से पीड़ित 70 वर्षीय समद के दोनों पैर का ऑपरेशन किया। समद सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। एक ऑटो की टक्कर से उनके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गई थीं। उन्हें तत्काल बीएचयू अस्पताल ले जाया गया था। जांच के दौरान पता चला कि वे हेपेटाइटिस-बी से संक्रमित हैं।
बीएचयू से रेफर होने के बाद मरीज को दुर्गाकुंड सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां डॉ. प्रवीण कुमार और उनकी टीम ने बुजुर्ग का इलाज किया। अपर निदेशक एनडी शर्मा ने बताया कि बीएचयू से रेफर मरीज का दुर्गाकुंड सीएचसी पर इलाज किया गया। यह सीएचसी के चिकित्सकों की उपलब्धि है।
गर्मी में आम जनता को पेयजल की परेशानी नहीं होनी चाहिए : राज्यमंत्री
प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने जलकल एवं जल निगम के अफसरों के साथ शनिवार को बैठक की। निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में आम जनमानस को पेयजल की परेशानी कतई न होने पाए। केंद्र सरकार से प्राप्त 1200 करोड़ की धनराशि से होने वाले पेयजल सुधार के प्रस्तावित कार्यों को समय से करा लिया जाए। ताकि उसका उपभोग करके बेहत्तर पेयजल सुविधा लोगो को मुहैया कराई जा सके।
राज्यमंत्री शनिवार को सर्किट हाउस में कमिश्नर एस राजलिंगम, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, महाप्रबंधक जल कल, जल निगम व सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजलापूर्ति के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार गर्मी में किसी भी परिवार को पेयजल पानी की समस्या न हो। इससे कोई भी परिवार वंचित न रहने पाए।
उन्होंने जलकल एवं जलनिगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कराकर यह सुनिश्चित कराए कि कही भी पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त न हो। उन्होंने शत प्रतिशत हैंडपंपों को चालू हालत में रखे जाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि खराब हैंडपंपो का मरम्मत जलनिगम प्राथमिकता पर कराए। टंकियों से आपूर्ति होने वाले पेयजल की व्यवस्था भी दुरुस्त सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने क्षेत्रवार पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की।
चाय बेचकर अपने फुटबॉल के सपने को साकार कर रहीं लालपुर की अंजलि
लालपुर की रहने वाली अंजलि भारद्वाज तीन प्रादेशिक और जूनियर वर्ग की एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी है। वह खेलने के लिए चाय की दुकान पर काम करते हुए परिजनों के काम में हाथ बंटाती हैं। अपने जुनून, हौसले से अपने सपने को साकार करने का प्रयास करती है।
यह कहानी है काशी की राष्ट्रीय फुटबॉलर अंजलि भारद्वाज की। जो रोजाना सुबह 5 बजते ही डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर के पास अपनी छोटी सी चाय की दुकान में पिता का काम में हाथ बंटाती है। इसके कुछ घंटों बाद लड़की फुटबॉल के मैदान में तेज रफ्तार स्ट्राइकर बन जाती है।
कोच उपक्रीड़ाधिकारी इरशाद अहमद कहते हैं कि संसाधनों की कमी के बावजूद अंजलि का खेल हर दिन बेहतर होता जा रहा है। अब तक विभिन्न प्रतियोगिता में 50 से ज्यादा गोल कर चुकी हैं। उनका सपना एक दिन राष्ट्रीय स्तर पर खेलना है। अंजलि बताती है कि वह सुबह चाय बेचती हैं ताकि शाम को अपने सपनों को जिंदा रख सकें।
चुनार में बहेगी शिक्षा और स्वास्थ्य की बयार
कमिश्नरी सभागार में शनिवार को समग्र स्वास्थ्य, कल्याण और सामाजिक सेवा को समर्पित अर्क महोत्सव एवं एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन हुआ। आर्का धाम मैसूर के महंत योगी श्रीनिवास अर्क के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव ने मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के जनजातीय समाज के उत्थान के लिए एक बड़े सेवा अभियान की नींव भी रखी। योगी श्रीनिवास अर्क ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है। धर्म संघ के महामंत्री रामजीत पांडे ने विचार रखे। शिवसेना के प्रवक्ता डॉ. ओम प्रकाश मिश्रा, गौरव शुक्ला गौरव मिश्रा, कृष्णानंद पांडेय मौजूद रहे।
नगर निगम में शामिल होकर भी सूजाबाद सफाई व्यवस्था से दूर, नगर निगम का टैग बना सजा
नगर निगम सीमा में शामिल हुए सूजाबाद वार्ड की स्थिति आज नाम बड़े और दर्शन छोटे वाली साबित हो रही है। विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की उम्मीद संजोए बैठे स्थानीय निवासियों के लिए नगर निगम का हिस्सा बनना अब एक अभिशाप जैसा प्रतीत होने लगा है। बदहाली का आलम यह है कि सूजाबाद आज जर्जर गलियों, उफनती सीवर लाइनें और गंदगी के अंबार के बीच व्यवस्था धड़ाम है।
त्योहारों की खुशी बीतने के बाद सूजाबाद की गलियां अब कूड़े के डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो चुकी हैं। होली के बाद से जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से उठती असहनीय दुर्गंध ने लोगों का सांस लेना दूभर कर दिया है। पानी टंकी के पास खुले में कूड़े से लेकर पड़ाव चौराहे तक कहीं भी सफाई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। आवारा पशुओं का जमावड़ा किसी बड़ी संक्रामक बीमारी को दावत दे रहा है। स्थानीय रमेश कुमार केशरी ने बताया कि होली के बाद से अभी तक वार्ड में सफाई ही नहीं है। यहां के नागरिक इसी गंदगी में रहने को मजबूर हैं।
वार्ड की पार्षद शांति देवी ने कहा कि वार्ड में होली के बाद कुछ जगहों पर गंदगी हुई है। सभी जगहों पर सफाई कराई जा रही है। जिन जगहों पर कूड़ा अधिक है वहां नगर निगम की गाड़ी बुलाकर सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराई जा रही है।
महिलाओं के मूल्यों को समझने की जरूरत
राष्ट्रीय सेवा योजना वसंत कन्या महाविद्यालय में शनिवार को एक दिवसीय शिविर का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य महिला सशक्तीरण, उनकी समस्याओं और समाज में उनके योगदान के प्रति जागरूकता फैलाना, विशेष रूप से भारतीय महिलाओं की भूमिका को समझाना था। मुख्य अतिथि प्रो. शुभ्रा सिन्हा ने महिला सशक्तीकरण के तहत निर्णय लेने की क्षमता के बारे में जानकारी दी। डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव ने शिक्षिकाओं मुख्य अतिथि और छात्राओं का स्वागत किया। मौके डॉ. आरती चौधरी, डॉ. अनुराधा बापुली, डॉ. अनु सिंह, डॉ. पूर्णिमा सिंह रहीं।
राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की युवा इकाई राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह का दो दिवसीय काशी प्रवास शनिवार को संपन्न हुआ। मनोज शुक्रवार को आगरा से काशी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रवास के पहले दिन मनोज सिंह ने काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के साक्षी बने।
डोम राजा (बेटू चौधरी) के आवास पर जाकर उनसे भेंट की। उन्होंने माता संकठा के दर्शन किए और मणिकर्णिका घाट महाश्मशान क्षेत्र का भी भ्रमण किया। शनिवार को बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन करने के बाद वे संगठन के पदाधिकारियों से मिले। इस मौके पर तरुण कुमार शुक्ल, संजय दुबे, अर्जुन कुमार मौर्य और संतोष निगम आदि शामिल थे।
राहुल गांधी कभी कुर्सी नहीं पा सकेंगे : मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी शनिवार की एयरपोर्ट पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वह जौनपुर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आलू से सोना बनाने का सपना देख रहे हैं, ना कभी आलू से सोना बनेगा ना कभी राहुल गांधी कुर्सी को पा सकेंगे। हमारे किसान खेतों से अनाज पैदा करते हैं, सरसों फूला हुआ है यही सबसे बड़ा सोना है।
एक-दूसरे को दी होली की बधाई
महमूरगंज स्थित चौरसिया लॉन में शनिवार को काशी बिस्कुट एवं कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में व्यापारियों ने भाईचारे का संदेश दिया। व्यापारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी और केके उपाध्याय ने व्यापारियों से एकजुट रहने की अपील की। संचालन व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने किया। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और व्यापारियों के हितों पर चर्चा की। कार्यक्रम में विकास दीप्तिमान, रमेश निरंकारी, प्रिया अग्रवाल, जय निहलानी मौजूद रहे।
उम्मते मुस्लिमां ने दी इफ्तार पार्टी
उम्मते मुस्लिमां के तत्वावधान में शनिवार को चौक स्थित मस्जिद बीबी रजिया में रोजा इफ्तार की दावत दी गई। मगरिब की अजान होने पर रोजेदारों ने रोजा खोला। मगरिब की नमाज मौलाना अजीजुल्ला कादरी साहब ने पढ़ाई। नमाज के बाद मुल्क में अमन चैन और तरक्की की दुआ की गई। वहीं, दूसरी ओर अर्दली बाजार स्थित मदरसा खानम जान में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शहाबुद्दीन लोदी के संयोजन में आयोजित सामूहिक रोजा इफ्तार में सभी कौमो मिल्लत ने एक ही दस्तरखान पर एक साथ इफ्तार कर काशी के पहचान की मिसाल पेश की।
महिलाओं पर आधारित नाटकों की दी प्रस्तुति
संस्कार ब्राह्मण महिला संगठन की ओर से होली के उपलक्ष्य पर होली मिलन समारोह और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सिगरा के एक होटल में हुआ। शुभारंभ संस्कार ब्राह्मण महिला संगठन की संस्थापिका ममता द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। महिलाओं ने प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन पर आधारित मंचन प्रस्तुत किए। इसमें आरती पांडेय ने महादेवी वर्मा, निशा मिश्रा ने सावित्रीबाई फुले, पूनम ने सरोजिनी नायडू, रेखा अग्निहोत्री ने पन्ना धाय के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
विद्यापीठ में किताब का लोकार्पण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर ‘शिक्षाजगत की विस्मृत नायिकाएं’ किताब का लोकार्पण किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने शनिवार को लोकार्पण के बाद लेखक प्रो. शैलेंद्र वर्मा और सह-लेखिकाओं डॉ. रीता यादव व शिखा राय को बधाई दी। कुलपति ने कहा कि दूसरों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी उठाने वाली महिलाएं, जिन्हें समाज ने किन्हीं कारणवश भुला दिया है, उन्हें इस पुस्तक के माध्यम से जीवंत कर दिया गया है।
राजयोगिनी सुरेंद्र दीदी को दी गई श्रृद्धांजलि
बालब्रह्मचारिणी राजयोगिनी सुरेंद्र दीदी के निधन पर शनिवार को पूरे दिन उनके अंतिम दर्शन करने को लोग आते रहे। शाखा प्रभारी ब्रह्माकुमारी बहनों और भाईयों ने दीदी की गौरवशाली जीवन गाथा को याद करते हुए भावपूर्ण अश्रुपुरित श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार सुबह 10 बजे ब्रह्माकुमारीज के क्षेत्रीय मुख्यालय ग्लोबल लाइट हाउस सारनाथ से निकलकर पहड़िया, पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, आंध्रापुल से मलदहिया, सिगरा, भेलूपुर होते हुए हरिश्चंद्र घाट के पहुंचेगी।
कंपोजिट स्कूल आशापुर में हुई बाल सभा
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कंपोजिट स्कूल आशापुर में शनिवार को बाल सभा और मीना मंच कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मीना मंच की नोडल अध्यापिका व विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका नीलम त्रिपाठी ने बच्चों व कर्मचारियों संग केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को उत्साह के साथ मनाया। मिशन शक्ति की नोडल ऋचा सिंह द्वारा नारी तू नारायणी विषय पर बच्चों के साथ चर्चा की गई। मीना मंच की सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की।
शिव नगरी में गाना सौभाग्य की बात
काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में उप शास्त्रीय गायिका रमा सिंह ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। रमा सिंह ने भजन प्रस्तुति से पूर्व अपने आप को सौभाग्यशाली कहते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में और इस शिक्षण संस्थान में मुझे जो यह पावन अवसर प्राप्त हुआ है। यह मेरे लिए अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। भजन का शुभारंभ गणेश वंदना जय जय गणपति गजानन, हर हर महादेव, शिव कैलाशो के वासी और का लेके शिव के मनाईब हो सहित अनेक भजनों को प्रस्तुत कर अपनी हाजिरी लगाई।
पं. श्रीकांत मिश्र की अर्पित की संगीतांजलि
ख्यात पखावज वादक पं.श्रीकांत मिश्र टुन महाराज की 75वीं जयंती पर ध्रुपद गायन से उन्हें संगीतांजलि अर्पित की गई। ट्यून टू ध्रुपद ट्रस्ट की ओर शनिवार की शाम अस्सी घाट स्थित एक होटल में हुई। संचालन से लेकर गायन तक, माइक और साउंड बॉक्स का उपयोग नहीं किया गया। ऐसे में संगीत रसिकों को कलाकार के मूल स्वर में ध्रुपद गायिकी के उतार-चढ़ाव का आनंन लेने का भरपूर अवसर मिला। शुरूआत में पं.श्रीकांत मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
ब्राह्मण महिला संगठन का होली मिलन समारोह
संस्कार ब्राह्मण महिला संगठन की ओर से शनिवार को सिगरा स्थित एक होटल में होली मिलन समारोह मनाया गया। संगठन की अध्यक्ष अंशुमाला ने अतिथियों का स्वागत किया। आरती पांडेय ने महादेवी वर्मा, निशा मिश्रा ने सावित्रीबाई फुले, पूनम ने सरोजिनी नायडू, रेखा अग्निहोत्री ने पन्ना धाय, मंगला खबूर, सुषमा शर्मा ने गीत प्रस्तुत किए।
