फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Notices issued former village head and panchayat secretaries trolley driver die

Varanasi News Today: शिक्षामित्र सहित ट्रॉली चालक की मौत, पूर्व प्रधान व 4 पंचायत सचिवों को नोटिस; पढ़ें खबरें

Sun, 12 Jul 2026 08:52 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 12 Jul 2026 08:52 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में हुए हादसों में परिषदीय विद्यालय की शिक्षामित्र सहित एक ट्रॉली चालक ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, गबन के मामले में हुई जांच में दोषी मिलने पर गांव के पूर्व प्रधान और चार पंचायत सचिवों को अधिभार नोटिस जारी किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Notices issued former village head and panchayat secretaries trolley driver die
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

Varanasi News in Hindi: चिरईगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बीकापुर में पंचायतीराज विभाग के धन से 2014 से 2016 तक कराए गए व्यक्तिगत शौचालयों, स्ट्रीट लाइट व डस्टबिन खरीद की अंतिम जांच जिला लेखा परीक्षा अधिकारी की ओर से कराई गई। विभिन्न मदों में 7.84 लाख रुपये के गबन में प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए। 

विज्ञापन


जांच में दोषी मिलने पर गांव के पूर्व प्रधान और चार पंचायत सचिवों को अधिभार नोटिस जारी किया गया है।  जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर पूर्व ग्राम प्रधान नंदलाल राम के साथ कार्यकाल में तैनात ग्राम पंचायत सचिव काशीनाथ सोनकर, उमाकांत पांडेय, कृपाशंकर गौड़ और कमलेश कुमार सिंह को पंचायत राज अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है। साथ ही निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह में डीपीआरओ कार्यालय में साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।  भू-राजस्व की भांति वसूली आदेश जारी कर दिया जाएगा। 
विज्ञापन


बीडीओ छोटे लाल तिवारी ने बताया कि ग्राम पंचायत बीकापुर के निवासी सहदेव तिवारी ने तत्कालीन ग्राम प्रधान व पंचायत सचिवों की मिलीभगत से ग्राम पंचायत के विकास कार्यों भारी अनियमितता कर धनराशि के गबन के संबंध में डीएम से शिकायत की थी। अधिकारियों ने जांच की, लेकिन शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर जिला लेखा परीक्षा अधिकारी ने मौके की जांच कर अंतिम आख्या प्रस्तुत की। शौचालयों, स्ट्रीट लाइटों व डस्टबिन कम संख्या में दिखा कर गबन किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

बाइक से टकराया ट्रक, शिक्षामित्र की मौत
बगहां गांव के सामने हाईवे पर शनिवार सुबह सात बजे बाइक में पीछे से ट्रक टकरा गया। हादसे में शिक्षा मित्र की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे उसके पति जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाराणसी के थाना मिर्जामुराद के गांव बेनीपुर निवासी रीता देवी (42) परिषदीय विद्यालय में शिक्षामित्र थीं। शनिवार को सुबह पति अरविंद पटेल के साथ बाइक से वह शिक्षा निदेशालय प्रयागराज जा रही थीं। 

बगहां गांव के सामने वाराणसी की तरफ से पीछे से आ रहा ट्रक बाइक से टकरा गई। अनियंत्रित होकर बाइक सहित दंपती सड़क पर गिर पड़े। सिर में आई गंभीर चोटों के कारण रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक अरविंद भी घायल हो गए। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। मृतका की एक बेटी प्रगति (18) व बेटा आदित्य (15) है। कोतवाल अनूप कुमार सरोज ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।

हादसे में घायल ट्रॉली चालक की हुई मौत
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रॉली चालक सुभाष विश्वकर्मा की शनिवार सुबह बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। 9 जुलाई की शाम 7:45 बजे पांडेयपुर चौकी के पास यू-टर्न के पास सड़क हादसा हुआ था। हादसे में ट्रॉली चालक सुभाष विश्वकर्मा, निवासी अनौला, गंभीर रूप से घायल हो गए थे। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

सरकारी जमीन को फ्री होल्ड करने में तत्कालीन वरिष्ठ सहायक समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज
सरकारी भूमि को गलत तरीके से फ्री होल्ड कराने के मामले में कैंट पुलिस ने नगर निगम के नायब तहसीलदार की तहरीर पर सलगू राम नजूल, संतोष कुमार श्रीवास्तव, रामजी लाल श्रीवास्तव और दिनेश कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। 

आरोप है कि सिकरौल के सरकारी (नजूल) भूमि को नियमों के विपरीत फ्री होल्ड कराने के लिए तत्कालीन वरिष्ठ सहायक सलगू राम ने पत्रावली तैयार कर पेश की। इसके आधार पर तीनों के पक्ष में फ्री होल्ड की प्रक्रिया कराई गई। जांच में जिलाधिकारी ने उक्त फ्री होल्ड आदेश को निरस्त कर दिया। नायब तहसीलदार की तहरीर में जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी (नजूल) कार्यालय के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के आधार पर फ्री होल्ड की कार्रवाई कराई गई, जो नियमों के विपरीत थी। 

सलगू राम नजूल कार्यालय में वरिष्ठ सहायक थे, जबकि संतोष कुमार श्रीवास्तव कलेक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक और रामजी लाल श्रीवास्तव पुलिस विभाग में अधिकारी थे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि तहरीर और विभागीय अभिलेखों के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

बाउंड्रीवॉल गिराने और मारपीट का आरोप, प्राथमिकी 
लालपुर-मीरापुर बसही क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर बाउंड्रीवॉल गिराने, मारपीट, धमकी में ऋषिकांत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सत्यभामा सिंह, गजेंद्र सिंह, धीरज सिंह उर्फ बच्चा, प्रतिक सिंह रौनक समेत 20-25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर में शिवपुर के गौतम गार्डेन निवासी ऋषिकांत सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी मौसी गीता सिंह की जमीन पर बाउंड्रीवॉल की मरम्मत और उसे ऊंचा कराने का काम चल रहा था।

सात जुलाई को आरोपी पहुंचे जमीन को अपना बताते हुए तोड़फोड़ करने लगे। आरोप है कि सभी ने हाथापाई की, जान से मारने की धमकी दी और विवाद किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से हट जाने को कहा। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

किशोरी को ले जाने वाला युवक गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने  किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित सूजाबाद निवासी राजा साहनी (21) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार दोपहर सूजाबाद के आर्मी ग्राउंड के पास अवधूत भगवान आश्रम के पास छापा मारा गया। 

4.31 लाख हड़पने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में 4.31 लाख रुपये हड़पने, जातिसूचक टिप्पणी कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई। शिवपुर निवासी राहुल कुमार गौड़ ने आरोप लगाया कि परिचित अमित राज मिश्रा ने उनसे 4.31 लाख रुपये लेकर वापस नहीं किए। 

रुपये मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एससी/एसटी एक्ट के विशेष न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

गेस्ट हाउस में घुसकर संचालक व कर्मचारी पर हमला
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ए गेस्ट हाउस में घुसकर संचालक और कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने विजय बहादुर यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। सेना से सेवानिवृत्त विजय बहादुर यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि पांच जुलाई की शाम गेस्ट हाउस में एक युवक शराब पी रहा था। उसे शराब पीने से मना करने पर विवाद करने लगा और चला गया। 

आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने एक रिश्तेदार के साथ डंडा और लोहे की रॉड लेकर वापस आया। गेस्ट हाउस में घुसकर कर्मचारी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे विजय बहादुर यादव के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमले में घायल कर्मचारी जिला अस्पताल में कराया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जा रही है। 

कराटे एकेडमी में छात्रा से छेड़खानी, वीडियो वायरल
कराटे सीखने गई छात्रा के साथ आदित्य सिंह ने छेड़खानी की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना क्षेत्र निवासी के पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी एकेडमी में कराटे सीखने गई थी। आरोप है कि आदित्य सिंह भी वहां पहुंच गया। उसने बेटी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का आरोपी का साथी चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। आरोपी और अज्ञात ने इस वीडियो को  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। इससे पीड़िता और उसके परिवार की सामाजिक छवि को गहरा धक्का लगा है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो साझा करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

23 दिन बाद दर्ज हुई चोरी की प्राथमिकी
रोहनिया थाना क्षेत्र के पतेरवा करसड़ा गांव में घर से लाखों के जेवरात चोरी के मामले में पुलिस ने 23 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की।  पुलिस प्रथम दृष्टया संदिग्ध मान जांच में जुट गई है। शशि सिंह पटेल के अनुसार, वह 9 जून को परिवार के साथ मायके कानपुर गई थीं। 17 जून को वापस घर लौटीं तो आलमारी में रखे सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान का झाला, कमरबंद, हाथ के जेवर, दो पाजेब, चार पायल और बच्चे के हाथ-पैर के जेवर गायब मिले। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  घटना के दौरान महिला का पति घर पर था। 

युवक पर जानलेवा हमला, अपहरण का प्रयास
भेलूपुर थाना क्षेत्र में चंदन प्रजापति पर जानलेवा हमला और अपहरण के प्रयास मामले में 12 आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। भेलूपुर निवासी चंदन प्रजापति उर्फ सुंदर ने पुलिस को बताया कि वह किरहिया शंकुलधारा वाले रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपियों में दासू सोनकर, रोहन, विजय, विशाल सोनकर, सतीश सोनकर और गणेश सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

कार खड़ी करने के विवाद में चालक की पिटाई
आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर कार खड़ी करने को लेकर होटल संचालक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चालक को पीट दिया। चालक को परिजनों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें होटल संचालक अपने साथियों के साथ चालक की पिटाई करता दिख रहा है। 

जानकारी के अनुसार, चंदौली के दुल्हीपुर निवासी अशोक सोनकर (54) शनिवार शाम पर्यटकों को कार से लेकर तेलियानाला घाट पहुंचा। कार खड़ी करने को लेकर होटल संचालक रवि कुमार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि रवि कुमार ने तीन साथियों के साथ मिलकर अशोक सोनकर पर हमला कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए।  थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि घायल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

शादी का झांसा देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण
युवती ने चौबेपुर के युवक पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण और दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पीड़िता ने शनिवार को चौबेपुर थाने में तहरीर दी है। सारनाथ थाना क्षेत्र की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अकसर चौबेपुर के रामचंदीपुर में रिश्तेदारी में आती-जाती थी। 

रामचंदीपुर निवासी युवक ने मोबाइल पर दोस्ती की। कुछ समय बाद विवाह का प्रस्ताव रखा। पीड़िता का दावा है कि युवक ने जल्द शादी का आश्वासन देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण किया। जब शादी के लिए कड़ा रुख अपनाया तो आरोपी और उसके परिजनों ने साजिश रची। आरोपियों ने जान से मारने का प्रयास भी किया। चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

गार्ड बनकर शातिर ने एटीएम से उड़ाए 70 हजार 
कज्जाकपुरा ओवरब्रिज के पास एसबीआई एटीएम में गार्ड बनकर एक युवक से 70 हजार की ठगी कर ली। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। मिर्जापुर के मूल निवासी और वर्तमान में चौकाघाट में रहने वाले राकेश गिरी ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को एटीएम गार्ड बताते हुए उनकी मदद करने की बात कही। 

शातिर ने बातचीत के दौरान राकेश से एटीएम का पिन जान लिया और चालाकी से एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद खाते से रुपये निकलने की जानकारी होने पर राकेश को ठगी का अहसास हुआ। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।

शराब के नशे में रोपवे के पिलर पर चढ़ा युवक
सिगरा से औरंगाबाद मार्ग पर निर्माणाधीन रोपवे के पिलर पर शनिवार देर रात शराब के नशे में एक युवक चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया। सिगरा पुलिस और लोगों ने काफी देर तक समझाकर उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया की युवक से पूछताछ की जा रही है। 

बहन की डांट से नाराज होकर घर से भागा किशोर
हफ्ते भर से लापता किशोर को लोहता पुलिस ने शनिवार को बरामद किया। कानूनी प्रक्रिया के बाद बाल कल्याण समिति के सामने प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे परिजनों को पुलिस ने सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में किशोर ने बताया कि 3 जुलाई को पानी भरने को लेकर उसकी बड़ी बहन ने उसे डांटा था। बहन की डांट से नाराज होकर वह सुबह 10 बजे घर से निकल गया था। थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि किशोर लोहता बाजार के रोहनियां तिराहे पर ऑटो का इंतजार कर रहा था। 

गोमती जोन में 259 वाहनों का चालान, 14 सीज
यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर शनिवार को गोमती जोन की पुलिस ने अभियान चलाकर 259 वाहनों का चालान और 14 वाहनों को सीज किया। अपर पुलिस उपायुक्त नृपेंद्र कुमार के निर्देश पर कार्रवाई हुई। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को भी हटाया गया। गलत दिशा में वाहन चलाने पर 82 वाहनों का चालान किया गया। बिना नंबर प्लेट वाले तीन वाहनों का चालान हुआ और 14 वाहनों को सीज किया गया। 

रेट की सूची दुकानदारों को रखना जरूरी
सावन को लेकर शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सामने भीड़ प्रबंधन के लिए सिगरा पुलिस ने ठेला व्यवसायियों के साथ बैठक की। पिलर नंबर 61 के सामने रेहड़ी और ठेला व्यवसायियों के साथ महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि कोई व्यक्ति रेट लिस्ट से अधिक पैसे लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रेट लिस्ट में सिगरा थाने का सीयूजी नंबर भी दर्ज करने को कहा गया है। 

डबल डेकर बजड़े से गंगा में कूदी युवती
नमो घाट पर शनिवार को एक युवती ने डबल डेकर बजड़े से गंगा में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया। जल पुलिस के जवानों ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवती चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के चिपौड़ी गांव की रहने वाली है। बेहोश होने पर उसे तुरंत एक ऑटो से अस्पताल पहुंचाया गया। जल पुलिस प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के वक्त बजड़ा मालिक और कुछ दोस्त थे। पुलिस जांच कर रही है। 

बाइक की नंबर प्लेट पर आगे लिखा परशुराम, पीछे राम 
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे एक बुलेट का पुलिस ने चालान कर दिया। आगे की नंबर प्लेट पर परशुराम और पीछे राम लिखा हुआ था, जबकि वाहन का पंजीकरण नंबर प्रदर्शित नहीं किया गया था। बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर भी लगा था और उस पर तीन लोग सवार थे। गश्त में पुलिस की नजर बुलेट पर पड़ी।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन रुकवाकर जांच की। जांच में नंबर प्लेट मोटर वाहन नियमों के विपरीत मिला।  मॉडिफाइड साइलेंसर और ट्रिपल राइडिंग के नियम का भी उल्लंघन सामने आया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ई-चालान की कार्रवाई कर वाहन चालक को हिदायत दी। 

बाजार ले जाने के बहाने युवक पर हमला, तीन पर प्राथमिकी 
रोहनिया थाना क्षेत्र में बाजार ले जाने के बहाने एक युवक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। औढ़े गांव निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया कि 9 जुलाई की दोपहर गांव के आशीष कुमार, छांगुर और योगेश उसे बच्छाव बाजार ले जाने के बहाने अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में आशीष कुमार ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

प्रधान पति पर दलित उत्पीड़न  में प्राथमिकी दर्ज 
कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरू गांव में अंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद विवाद में पुलिस ने प्रधान के पति के खिलाफ दलित उत्पीड़न में प्राथमिकी दर्ज की। शुक्रवार सुबह बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नवीन कुमार और कुरू गांव के प्रधान पति राजू तिवारी के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान बसपा नेता के साथ अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी की गई। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

राज्यमंत्री-मेयर ने 61.38 करोड़ रुपये के सीवर-पेयजल कार्य का किया शिलान्यास
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को हुकुलगंज में 61.38 करोड़ रुपये के सीवर और पेयजल लाइन कार्य का शिलान्यास किया। 42.62 करोड़ रुपये की लागत से 13.887 किमी तक सीवरलाइन और 18.76 करोड़ रुपये से 23.85 किमी की पेयजल पाइपलाइन बिछेगी। हर घर को मुफ्त कनेक्शन मिलेगा। राज्यमंत्री ने कहा कि हुकुलगंज वार्ड में 75 प्रतिशत घरों में सीवर व पानी की समस्या वर्षों से बनी हुई थी जो अब स्थायी समाधान की ओर अग्रसर है। मेयर ने कहा कि हमारा उद्देश्य काशी के हर वार्ड को आदर्श वार्ड बनाना है। क्षेत्रीय पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, संजय जायसवाल मौजूद रहे। 

डीआरएम ने जांची भोजन की गुणवत्ता
बनारसह-डपसर(पूणे) अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित, स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की। आशीष जैन ने पेंट्रीकार में कार्यरत कर्मचारियों को स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव माैजूद रहीं। 

आज लगेंगे 15.49 लाख पौधे
वाराणसी जिले में पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को वृहद पौधरोपण अभियान चलेगा। इसमें 15.49 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इस वित्तीय वर्ष जिले में कुल 18.41 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित है। इससे पहले विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को भी काशी में 2.92 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। इस महा अभियान के नोडल राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल होंगे। प्रभागीय वन अधिकारी निधि चौहान ने बताया कि विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से एक ही दिन में 15.49 लाख पौधे लगाए जाएंगे। 

वाराणसी जंक्शन पर 14 नालों की सफाई शुरू
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के वाराणसी जंक्शन पर जलभराव रोकने के लिए नाला सफाई अभियान शुरू हो गया है। आपातकालीन प्रक्रिया के तहत टेंडर स्वीकृत कर सफाई कार्य शुरू करा दिया गया है। रेल प्रशासन ने कुल 14 प्रमुख नालों की सफाई का कार्य 3,40,847 रुपये की लागत से शुरू कराया है। अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि इसका उद्देश्य रेलवे कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को रोकना है। इससे ट्रैक के आसपास वर्षा जल की निकासी भी सुनिश्चित होगी। 

मानदेय बढ़ाने और पदोन्नति की मांग
उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन ने शनिवार को चिरईगांव परियोजना पर एक बैठक की। इसमें कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार से मानदेय बढ़ाने और पदोन्नति की मांग की। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बाबूलाल मौर्य की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकार कार्य का बोझ बढ़ा रही है, लेकिन मानदेय नहीं बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों पर बच्चों के राशन में अवैध वसूली का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष अंजनी मौर्या ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की श्रेणी निर्धारित करने को कहा। अंजनी मौर्या ने मानदेय वृद्धि की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कार्यकर्ता और सहायिका के पद चयन में 50 वर्ष की आयु सीमा हटाने की भी बात कही। 

सराफा एसोसिएशन ने सौंपा मुख्यमंत्री को ज्ञापन, शस्त्र-लाइसेंस देने की मांग
वाराणसी सराफा एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा और हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री से पात्र सराफ व्यवसायियों को नियमों के अनुरूप शस्त्र लाइसेंस प्रदान कराने की मांग की। इससे व्यवसायियों, प्रतिष्ठानों और बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। 

वैध ज्वेलर्स की सुरक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने और जिला स्तर पर सतर्कता समितियों के गठन का भी आग्रह किया। इससे ईमानदार सर्राफा व्यवसायियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में सर्राफा व्यापार से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर बात की। प्रतिनिधिमंडल में वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधाकृष्ण अग्रवाल, महामंत्री रवि सर्राफ और उपाध्यक्ष सुमित वर्मा व पूर्व पार्षद किशोर सेठ मौजूद रहे। 

सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारियों की बैठक में आठवें वेतन आयोग पर चर्चा
रिटायर्ड पीसीएस वेलफेयर एसोसिएशन वाराणसी मंडल की बैठक आज सर्किट हाउस के सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विंध्यवासिनी राय ने की। इसमें प्रांतीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष एन. द्विवेदी और प्रांतीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कुल 35 सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी बैठक में शामिल हुए। 

सदस्यों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति और कैशलेस इलाज में आने वाली समस्याओं पर भी विचार किया गया। इन समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। आठवें वेतन आयोग में संभावित ज्ञापन पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसमें पेंशन में पैरिटी, पेंशन वृद्धि, पेंशन बेनिफिट और मेडिकल भत्ते जैसे मुद्दों पर बात की गई। फिटमेंट फैक्टर पर भी विचार-विमर्श हुआ। सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए संभावित रणनीति पर भी चर्चा की गई। 

शंकुलधारा उपकेंद्र बनेगा हाईटेक, जीआईएस तकनीक से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था
वाराणसी जिले की विद्युत व्यवस्था को अधिक आधुनिक और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक शंभु कुमार ने शनिवार को 33/11 केवी शंकुलधारा उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की। 

निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र पर तैनात कर्मियों ने एमडी को बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत शंकुलधारा उपकेंद्र को पारंपरिक एयर इंसुलेटेड सबस्टेशन (एआईएस) तकनीक से अत्याधुनिक गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन (जीआईएस) तकनीक में परिवर्तित किया जा रहा है। यह परियोजना वाराणसी की बिजली वितरण प्रणाली को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और आधुनिक बनाएगी। एमडी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद उपकेंद्र की क्षमता, विश्वसनीयता और सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। 

बीएचयू में मानसिक स्वास्थ्य पर राष्ट्रीय सम्मेलन
बीएचयू के आयुर्वेद संकाय और इंडियन एकेडमी ऑफ मेंटल हेल्थ ने मानसिक स्वास्थ्य देखभाल पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। शनिवार को केएन उडुपा सभागार में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसका शुभारंभ हुआ।

सम्मेलन का विषय समकालीन युग में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल विषय था। मुख्य अतिथि एनआईएमएचएएनएस, बंगलूरू के डीन संतोष कुमार चतुर्वेदी और विशिष्ट अतिथि बीएचयू के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव रहे। मुख्य अतिथि संतोष कुमार चतुर्वेदी ने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में समग्र और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।

अध्यक्षता करते हुए चिकित्सा विज्ञान संस्थान के डीन संजय गुप्ता ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान आयुर्वेद, आधुनिक चिकित्सा, मनोविज्ञान और नवीन तकनीकों के समन्वित दृष्टिकोण से ही संभव है। आयुर्वेद संकाय के डीन प्रो. प्रदीप कुमार गोस्वामी ने विचार रखे। दिव्या सिंह और प्रभा जैन को सम्मानित किया गया।

बताए जनसंख्या नियंत्रण के महत्व
विश्व जनसंख्या दिवस पर बीएचयू अस्पताल के किशोर केंद्र पर हुए कार्यक्रम में डॉक्टरों ने जनसंख्या नियंत्रण का महत्व बताया। किशोर स्वास्थ्य एवं विकास उत्कृष्टता केंद्र की ओर से हुए कार्यक्रम में आईएमएस बीएचयू के स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय ने जनसंख्या वृद्धि के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया।

उन्होंने परिवार नियोजन के महत्व पर जोर देते हुए विभिन्न प्रकार के उपायों को बताया। बीएचयू अस्पताल में प्रो. अंजलि रानी ने गुजरात स्थित आकांक्षा संस्थान के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने गोद लेने के महत्व के बारे में बताया। डॉ. साक्षी अग्रवाल ने बताया कि सही जानकारी और समय पर मार्गदर्शन स्वस्थ निर्णय लेने के लिए बहुत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में हर्ष सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। 

उपमुख्यमंत्री का हुआ स्वागत
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, संजीव कुमार सिंह, अभिषेक त्रिपाठी, अमित कुमार पटेल, जगदीश जायसवाल रहे। 

स्कूल में दिए 1300 फलदार पौधे
रोटरी क्लब वाराणसी नाॅर्थ की ओर से शनिवार को डालिम्स स्कूल रोहनिया में 1300 फलदार पौधे बांटे गए। विद्यार्थियों को पौधे दिए गए और कुछ पौधे स्कूल परिसर में रोपे गए। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट दिनेश गर्ग और स्कूल की प्रधानाचार्य गुरमीत कौर ने विद्यार्थियों को एक-एक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष अशोक सुल्तानिया, डॉ. राकेश जायसवाल, डॉ राकेश मोहन, गणेश अग्रवाल, सुरेश खंडेवाल, राकेश रस्तोगी, विजय केशरी, शुभश्री जायसवाल आदि मौजूद थे। 

उदय भानु का काशी में स्वागत
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब शनिवार को काशी पहुंचे। युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया। उदय भानु चिब ने प्रयागराज में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उदय भानु ने कहा शहर के प्रत्येक महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और छात्रावास तक पहुंचकर छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 

राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0’ के प्रचार-प्रसार की शुरुआत शनिवार को की गई। जनपद न्यायालय परिसर से जिला जज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला जज संजीव शुक्ला ने कहा कि प्रचार वाहन गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मध्यस्थता के लाभों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, अपर जिला जज आलोक कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे। प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं सिविल जज राजीव मुकुल पांडेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मध्यस्थता अपनाने के लिए प्रेरित करना है। 

पढ़ाई के लिए मेधावी बेटियां जाएंगी कोयंबटूर
नागेपुर स्थित आशा ज्ञान पुस्तकालय नागेपुर से जुड़ीं छात्राओं को हरहुआ के एक अस्पताल की ओर से स्कॉलरशिप दी जा रही है। प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू क्वालिफाई करने के बाद सात छात्राओं का चयन कोयंबटूर में नर्सिंग कोर्स के लिए हुआ है। प्रधान मुकेश कुमार ने बताया कि कोयंबटूर जाने वाली छात्राओं में ममता, निशा, पायल, दिव्या, शिवानी, संध्या और लक्ष्मी हैं। इन्हें तीन साल के नर्सिंग कोर्स के लिए 2.5 लाख के स्कॉलरशिप के साथ ही पढ़ाई का पूरा खर्च, रहने व खाने की पूरी व्यवस्था अस्पताल की ओर से निशुल्क की जा रही है। छात्राएं बुनकर, मजदूर और किसान परिवार की हैं। इन्हें आशा ट्रस्ट और लोक समिति की ओर से संचालित आशा ज्ञान पुस्तकालय ने सम्मानित किया। 

वेदमंत्र और सितार की झंकार से निखरी आभा
सुबह-ए-बनारस में शनिवार को अस्सीघाट पर आचार्य संजीवनी के आचार्यत्व में ऋषिकाओं ने वेदमंत्रों से यज्ञशाला में आहुतियां डालीं और लोकमंगल की कामना की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवा कलाकार रोनित चैटर्जी का सितार वादन हुआ। उन्होंने द्रुत तीनताल में निबद्ध स्वर रचना बजाकर श्रोताओं को आनंदित किया। समापन दादरा-बांध के पिरितिया के डोर... से किया। तबले पर जापान के हीमोरू मतसुदा और बनारस के कृष्णा प्रजापति ने संगत की। युवा उद्यमी कुमार प्रशांत मिश्रा ने प्रमाणपत्र दिया। स्वागत संस्थापक सचिव रत्नेश वर्मा ने किया। 

रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
बीएचयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन प्रकाश के नेतृत्व में प्रबुद्ध नागरिकों ने शनिवार को भदैनी स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जन्म काशी के भदैनी में ही हुआ था। यह इतिहास में दर्ज है और इसके लिए यहां के लोगों ने बहुत संघर्ष किया है।

रानी लक्ष्मीबाई पूरे देश की आन-बान-शान हैं और हमारी प्रेरणा हैं। श्रद्धांजलि देन वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक पांडेय, शैलेंद्र उपाध्याय, रवि मिश्रा, विश्वनाथ यादव उर्फ छेदी, दिग्विजय सिंह, नागेंद्र गांधी, रामयश मिश्र, राणा रोहित, सत्यम पांडेय, मुरारी यादव, गुलशन यादव आदि रहे।

आज उठेगा 18 बनी हाशिम का मातमी जुलूस
अजादारी के 13वें दौर के तहत रविवार को दरगाहे फातमान में में 18 बनी हाशिम का जुलूस उठेगा। बनी हाशिम के 18 शहीदों की याद में 18 ताबूत के साथ अलम-दुलदुल का जुलूस उठाया जाएगा। हजरत अली समिति के सदस्य सलमान हैदर ने बताया कि जुलूस दोपहर में जोहर की नमाज के बाद उठेगा। मौलाना सैयद शमीमुल हसन की देखरेख में मौलाना सैयद मोहम्मद अकील हुसैनी मजलिस को खिताब करेंगे। ताबूतों का परिचय मौलाना सैयद इंतजारकराएंगे। कुरानख्वानी इमाम अली करेंगे। सोजख्वानी लियाकत अली खान और कलाम इकबाल ईमानी व शाद बनारसी कलाम पेश करेंगे। नौहा व मातम अंजुमन हैदरी करेगी। संचालन अली अब्बास करेंगे। 

ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन...
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से नेहरू पार्क में वरुणा संध्या में शनिवार को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवा गायिका प्रिया और आराधना की युगल गायन की प्रस्तुति हुई। शुभारंभ राग मिश्र किरवानी में बंदिशें पेश कर किया। ठुमरी के बोल थे- मैंने तेरे लिए जग छोड़ा...।

दादरा शैली में राग पहाड़ी प्रस्तुत किया। मीरा के भजन, ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन... से सराबोर कर दिया। हारमोनियम पर आनंद शंकर मिश्र, तबले पर गुरु पं. अनंग गुप्ता और नाल पर रौनक चौरसिया ने संगत दी। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर शहनाई वादक पं. दुर्गा प्रसन्ना भी मौजूद रहे। 

19 को होगी अग्रवाल समाज की बैठक
काशी अग्रवाल समाज की साधारण सभा की बैठक 19 जुलाई को श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज मैदागिन में सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में पिछले साल निकाले गए शिक्षकों के मामले में काशी विद्यापीठ के कुलपति की ओर से दिए गए फैसले सहित कई बिंदुओं पर चर्चा होगी। अग्रवाल समाज की प्रधानमंत्री डाॅ. रचना अग्रवाल ने बताया कि आगामी दिनों में होने वाले अग्रसेन जयंती समारोह पर भी चर्चा की जाएगी। शिक्षकों के बहाली, वेतन आदि के बारे में कुलपति की ओर से जो भी फैसला दिया गया है, उस पर साधारण सभा का जो फैसला होगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

10 राज्यों के संतों ने देवरहा बाबा की चरण पादुका पूजी
आषाढ़ मास की योगिनी एकादशी को प्रकट हुए ब्रह्मलीन योगिराज देवरहा बाबा की पुण्यतिथि पर शनिवार को अस्सी स्थित देवरहा बाबा आश्रम (द्वारकाधीश मंदिर) में 10 राज्यों से आए साधु-संतों और अनुयायियों ने गुरु की पूजा की। उनकी चरण पादुका, करधनी की विधिवत पूजा हुई। साथ ही नौ दिवसीय श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति हुई।

द्वारकाधीश मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मवेता हंस बाबा के आचार्यत्व में सुबह अधिकारी रामदास महाराज और कोठारी राम अभिलाष दास महाराज ने बाबा की आदमकद प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराकर नवीन वस्त्र धारण करवाकर मौसमी फूलों, फलों से शृंगार कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा की। 

बाबा की विधिवत आरती उतारी। बाबा की चरण पादुका, करधनी और लंगोट की भी विधिवत पूजा हुई। उन्होंने कहा कि देवरहा बाबा दीन-दुखियों के कष्टों को दूर करते थे। वे उन्हें भागवत चरणों की प्राप्ति कराते थे। साधु-संतों के व्रत होने के चलते फलाहारी भंडारा हुआ। सैकड़ों साधु-संतों ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्हें दान-दक्षिणा दिया गया। रविवार को भी पूजन अर्चन और भंडारा होगा। पूजन में स्वामी राम अखंड दास, श्रवण दास, राम बालक दास, राम तपस्या दास, घनश्याम दास, केशव दास, मारकंडेय सिंह आदि मौजूद रहे।

100 से ज्यादा छात्रों ने निभाई सांसदों की भूमिका
कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की युवा शाखा यंग इंडियंस वाराणसी की ओर से आयोजित दो दिवसीय युवा भारतीय संसद 2026 का समापन सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल में शनिवार को हुआ। इसमें वाराणसी के 10 विद्यालयों के 100 से अधिक छात्र प्रतिनिधियों ने सांसदों की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, बाबतपुर के चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने किया। छात्रों ने शपथ ली, राजनीतिक दल बनाए और सत्तापक्ष-विपक्ष का गठन किया। प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों का चयन भी किया गया। इसके बाद संसदीय कार्रवाई चली। प्रश्नकाल और शून्यकाल में समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि भारत का लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब युवा नीति निर्माण और जनहित के विषयों पर भागीदारी निभाएं। 

विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र संवाद, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व से मजबूत बनता है। युवा सांसदों में हर्ष जैन, धवल प्रकाश, चिराग माहेश्वरी, शैला धानुका, शगुन, अक्षत सिंघल, ट्विंकल आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निदेशक अनिल के. जाजोदिया, निदेशक आयुष्मान बजाज एवं प्रधानाचार्या सुधा सिंह मौजदू रहीं। 

भारतीय संस्कृति परिवार व्यवस्था के कारण सुरक्षित : रविंद्र जोशी
वर्षों के संघर्ष के बाद भी भारतीय संस्कृति भारत की परिवार व्यवस्था के कारण सुरक्षित है। राष्ट्र के प्रति श्रद्धा और दायित्व का भाव भी सर्वप्रथम परिवार रूपी पाठशाला में सिखाया जाता है। ये बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कुटुंब प्रबोधन संयोजक रविंद्र जोशी ने मुमुक्षु भवन में कहीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कुटुंब प्रबोधन की बैठक में उन्होंने उच्चतम न्यायालय के कुछ निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना विवाह के साथ रहने का निर्णय भारतीय पारिवारिक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करता है। 

उन्होंने कुटुंब व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आठ गुणों को आवश्यक बताया। ये गुण बल, शील, ओज, धैर्य, युक्ति, बुद्धि, दृष्टि और दक्षता हैं। उन्होंने आरएसएस के शताब्दी वर्ष में चर्चा किए जा रहे पांच परिवर्तनों के बारे में बताया।

अध्यक्षता कैलाश मठ के महामंडलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरि ने की। उन्होंने कहा कि 1200 वर्ष पूर्व केरल के कलाड़ी गांव में जन्म लेने वाले बालक का मां अन्नपूर्णा के सामने नतमस्तक होना संपूर्ण भारत को एक परिवार के रूप में प्रतिबिंबित करता है। काशी प्रांत के प्रांत संघचालक अंगराज और अखिल भारतीय सह कुटुंब संयोजक मनसुख भाई सेठिया भी माैजूद रहे। 

संचालन डॉ. अमरनाथ ने किया। अद्विका पाठक ने नृत्य प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र में काशी प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह राकेश, अवध प्रांत के कुटुंब संयोजक राजीव, गोरक्ष प्रांत के कुटुंब संयोजक संजय, काशी प्रांत मातृशक्ति आयाम की नीता, वेंकट रमन घनपाठी, हरीश वालिया, दयाशंकर आदि मौजूद रहे। संयोजन शुकदेव ने किया।

बीएचयू में रामायणी सम्मान 18 अगस्त को, चयन प्रक्रिया शुरू
संस्था रामायण रिसर्च काउंसिल आगामी 18 अगस्त को बीएचयू में रामायणी सम्मान 2026 का आयोजन करने जा रही है। इसमें रामायण परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और शोध में जुटे विद्वानों, कथावाचकों, साहित्यकारों और संगीत साधकों को सम्मानित किया जाएगा। काउंसिल के ट्रस्टी सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. देव दत्त शर्मा ने यह जानकारी दी। महासचिव कुमार सुशांत के अनुसार, इस बार देश के साथ-साथ विदेश में रामायण परंपरा के संरक्षण, संवर्धन, प्रसार, कथावाचन करने वाली विभूतियों पर भी विचार किया जाएगा। सम्मान के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 जुलाई तक चलेगी। आवेदन काउंसिल की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। विजेताओं की आधिकारिक घोषणा 6 अगस्त को की जाएगी। 

युवाओं में बढ़ती नशाखोरी भविष्य के लिए खतरा : स्वामी राधेश्याम
योगी अखाड़ा परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राधेश्याम महाराज ने युवाओं में बढ़ रही नशाखोरी राष्ट्र और समाज के लिए गंभीर अभिशाप बताया। कहा कि नशे का चलन युवाओं के बीच फैशन के नाम पर बढ़ रहा है, जो चिंताजनक है। यदि इस पर रोक नहीं लगी तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ेंगे।

कहा कि स्वस्थ और चरित्रवान युवा ही भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प साकार कर सकते हैं। अस्सी स्थित शेखर आश्रम में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है। यहां का युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की मांग की। स्वामी राधेश्याम ने स्कूलों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया। 

आरके चौधरी 5वीं बार बने आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, उद्यमियों ने जताई खुशी
पूर्वांचल के वरिष्ठ उद्यमी आरके चौधरी को एक बार फिर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया। उनके लगातार पांचवीं बार उपाध्यक्ष बनने पर पूर्वांचल समेत प्रदेशभर के उद्यमियों ने खुशी जाहिर की। आरके चौधरी लंबे समय से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की समस्याओं के समाधान, उद्योगों के विकास और उद्यमियों के हितों की पैरवी करते रहे हैं। 

आईआईए की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य राजेश भाटिया ने कहा कि आरके चौधरी का पुनर्निर्वाचन उद्यमी समाज के लिए गौरव का विषय है। वहीं, राष्ट्रीय सचिव अनुपम देवा ने कहा कि चौधरी हमेशा उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं। 

आरके चौधरी ने सभी उद्यमियों का आभार जताया। इस अवसर पर आईआईए के डिवीजनल चेयरमैन प्रशांत अग्रवाल, डिवीजनल सचिव मनीष कटारिया, मेंबरशिप ग्रोथ कमेटी के चेयरमैन नीरज पारीख, राष्ट्रीय टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन राहुल मेहता, आईआईए वाराणसी के चेयरमैन पंकज अग्रवाल मौजूद रहे। 

परिमल और जूही की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
रोटरी क्लब ग्रेटर और इनरव्हील क्लब ग्रेटर का 24वां शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को छावनी स्थित होटल में हुआ। परिमल अग्रवाल ने रोटरी क्लब के अध्यक्ष और जूही कोठारी ने इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। 

शुभारंभ रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पूनम गुलाटी और इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मधु कमानी ने किया। परिमल अग्रवाल की टीम में राजीव अग्रवाल सचिव व संतोष जरिया कोषाध्यक्ष और जूही कोठारी की टीम में प्रीति अग्रवाल सचिव व रचना अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 

पूनम गुलाटी ने निवर्तमान पदाधिकारियों को सम्मानित किया। संचालन मनीष अग्रवाल और निशा सिंह ने किया। इस मौके पर सौम्या अग्रवाल, देव प्रमोद, राकेश बजाज, नवल कथूरिया, विजय अग्रवाल, नीलाभ शाह आदि रहे। 

रंजना ने संभाली इनरव्हील स्वर्ण मंजरी की कमान
इनरव्हील क्लब ऑफ वाराणसी स्वर्ण मंजरी का पदग्रहण समारोह शनिवार को सिगरा स्थित एक होटल में हुआ। नई अध्यक्ष रंजना ओझा की टीम ने पदभार ग्रहण किया। मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष मधु कमानी ने रंजना ओझा के साथ सीमा सिंह (उपाध्यक्ष), ऋषिका मिश्रा (सचिव), प्रतिमा सिंह (कोषाध्यक्ष), विजया बाजपेयी (आईएसओ) और रोशनी अग्रवाल (एडिटर) को शपथ दिलाई।

मधु कमानी ने कहा कि इनरव्हील क्लब सेवा और महिला नेतृत्व का सशक्त मंच है। उन्होंने नई टीम से वंचित वर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए जनकल्याणकारी कार्य करने का आह्वान किया। रंजना ओझा ने आगामी योजनाओं से सभी को अवगत कराया। इस दौरान दो जरूरतमंद स्कूली छात्राओं को साइकिल दी गईं। ममता द्विवेदी ने स्कूल की फीस और पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। 

मारवाड़ी युवा मंच के हुनर मेले में महिलाओं ने की तीज की खरीदारी
मारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा की ओर से एक दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेला ‘हुनर-एक नई पहचान’ शनिवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में शुरू हुआ। महिलाओं ने सावन व आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, प्रयागराज और भदोही आदि शहरों के लगे स्टॉल से खरीदारी की। 

साड़ियां, बंदनवार, भगवान की पोशाक, कस्टमाइज्ड गिफ्ट आइटम, बेडशीट, कुर्तियां, चिकनकारी और ज्वेलरी जैसे उत्पाद की बिक्री हुई। उमा बजाज, दीपाली गुप्ता, प्रतिमा गुप्ता, केशव जालान, भारती मधोक और सुनीता लोहिया ने उद्घाटन किया। 

अध्यक्ष निहारिका तोदी ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए ये मंच उपलब्ध कराया गया है। संयोजन पूजा खेमका और श्वेता अग्रवाल ने किया। इस मौके पर सचिव सुनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नेहा गोयल, सुनीता जाखोड़िया, अनुराग चंदवासिया, कृष्ण कुमार कबरा, प्रीति बाजोरिया, संजय लोहिया आदि रहे।

कई इलाकों में 3 घंटे होगी बिजली कटाैती
रविवार को कई इलाकों में तीन घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आशापुर तथा प्रेमचंद फीडर पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। शटडाउन के दौरान रुस्तमपुर, पैगंबरपुर, नटुई, सिंचाई विभाग कॉलोनी, चंद्रा चौराहा, आशापुर, अमनपुरी कॉलोनी, प्रेमचंद नगर में बिजली नहीं रहेगी। 

कमजोर हुआ मानसून, चार दिन तक ऐसे ही रहेगा मौसम, फिर बारिश के आसार
वाराणसी जिले में पिछले दो दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया है। इस वजह से हवा की रफ्तार भी थम गई है। एक बार फिर दिन में तीखी धूप के साथ उमस ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है और इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून का सक्रिय क्षेत्र इस समय हिमालय की ओर खिसक गया है। इसी वजह से वाराणसी और आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। 

आज भी खुले रहेंगे टैक्स कलेक्शन काउंटर, भवन स्वामियों ने जमा किए 1.72 करोड़ रुपये टैक्स
महीने के दूसरे शनिवार को भी 1,300 भवन स्वामियों ने निगम के काउंटरों और ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर 1.72 करोड़ रुपये टैक्स जमा किए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि जो लोग किसी कारणवश शनिवार को अपना टैक्स जमा नहीं कर पाए हैं, उनके लिए रविवार (12 जुलाई) को भी सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय समेत सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन काउंटर सामान्य दिनों की तरह सुबह से शाम तक खुले रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की नियमित छूट मिल रही है। 

50 दिन बीते, दसवीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट न आने से 6.68 लाख छात्र चिंतित
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट 50 दिन बीतने के बाद भी जारी नहीं किया है। रिजल्ट में देरी के कारण करीब 6.68 लाख छात्र परेशान हैं। इनमें से अधिकतर ने प्रदर्शन में सुधार तो कइयों ने कंपार्टमेंट के लिए परीक्षा दी थी। इस साल दो बार बोर्ड परीक्षा की सुविधा के कारण कंपार्टमेंट परीक्षा अलग से नहीं हुई थी। रिजल्ट न आने से छात्रों को 11वीं में दाखिला और मनपसंद स्ट्रीम मिलने में भारी दिक्कत आ रही है।

सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में एक अप्रैल से नया सत्र शुरू हो चुका है। सीबीएसई ने 15 से 21 मई के बीच दूसरी बोर्ड परीक्षा आयोजित की थी। इसमें 6.58 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 5,23,655 छात्रों ने प्रदर्शन में सुधार (अंक बढ़ाना) और 85,285 छात्रों ने कंपार्टमेंट की परीक्षा दी थी। रिजल्ट 30 जून तक आना था, लेकिन 11 जुलाई बीतने के बाद भी बोर्ड की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

यूजी में दाखिले के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू
बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक में दाखिले के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। विवि की ओर से शनिवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें बताया गया है कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा दी है। वे आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने के लिए सीयूईटी यूजी एडमिशन सेक्शन के तहत अपलाई बटन पर क्लिक करना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed