सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top News Today Argument in Case of Attack on Dhananjay Singh Advocate Threatened in Iftar Party Case

Varanasi News Today: धनंजय सिंह पर हमले के मामले में बहस जारी, इफ्तार पार्टी मामले में अधिवक्ता को धमकी; खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 25 Mar 2026 12:55 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में धनंजय सिंह पर हमले के मामले में बहस जारी है। इस मामले में अब 26 को अगली सुनवाई होनी है। उधर, इफ्तार पार्टी मामले में अधिवक्ता को धमकी मिली। जिस पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। 

Varanasi top News Today Argument in Case of Attack on Dhananjay Singh Advocate Threatened in Iftar Party Case
धनंजय सिंह, पूर्व सांसद जौनपुर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार

धनंजय सिंह पर हमले के मामले में बहस जारी, 26 को अगली सुनवाई

Trending Videos

विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में मंगलवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपी अभय सिंह की ओर से अधिवक्ता ने अदालत में बहस की। मामले में शेष बहस के लिए अदालत ने 26 मार्च की तिथि नियत की है। अभियोजन के अनुसार चार अक्तूबर 2002 को तत्कालीन विधायक और पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ अपने वाहन से जौनपुर जा रहे थे। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टक्साल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो से उतरे अभय सिंह और उनके चार-पांच साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। हमले में धनंजय सिंह, उनका गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे। मामले में धनंजय सिंह की तहरीर पर गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई थी।विवेचना के दौरान विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेंद्र सिंह के नाम भी सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई अंतिम चरण में चल रही है।  

इफ्तार पार्टी मामले में अधिवक्ता को धमकी, कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज
मोटर बोट पर इफ्तार पार्टी और गंगा में चिकन की हड्डियां फेंकने के मामले अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी मिली है। अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर कैंट थाने की पुलिस ने मंगलवार की देर रात छह अज्ञात लोगों के खिलाफ धमकी देने सहित अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि 19 मार्च 2026 की देर शाम 7:30 बजे एक केस में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट 9 की अदालत में बहस करने के उपरांत न्यायालय से निकलकर नीचे न्यायालय परिसर में आया था। तब न्यायालय परिसर में लगभग 5-6 अज्ञात व्यक्ति एकत्र होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। वे कह रहे थे कि इस मामले में जिस रजत जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है उसे जान से मार देना है क्योंकि उसने हमारे लोगों को जेल भिजवाया है। इस पर आपत्ति व्यक्त की गई जिस पर अज्ञात लोगों ने कहा कि यह अधिवक्ता भी अदालत में बहस कर रहा था इसे भी नहीं छोड़ना है। कैंट इंस्पेक्टर शिवा कांत मिश्रा ने बताया की प्राथमिकी दर्ज की गई है।  
विज्ञापन
विज्ञापन


मेटा एआई मामले में सुनवाई पूरी, आदेश सुरक्षित
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की कोर्ट में मेटा एआई के खिलाफ दाखिल वाद में मंगलवार को सुनवाई पूरी हो गई। न्यायालय की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय जयति ने मामले में आदेश सुरक्षित रख लिया है। सारनाथ क्षेत्र के तिलमापुर गांव निवासी समाजसेवी नागेश्वर मिश्र ने मेटा एआई से शिव-पार्वती विवाह को लेकर कुछ प्रश्न पूछे थे। आरोप है कि मेटा एआई ने उन प्रश्नों के गलत उत्तर दिए। इस पर नागेश्वर मिश्र ने आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी कि बार-बार गलत जानकारी दिए जाने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

नागेश्वर मिश्र के अनुसार मेटा एआई ने उस समय माफी मांगते हुए भविष्य में अपनी गलतियों को सुधारने का आश्वासन दिया था। हालांकि आरोप है कि बाद में पूछे गए एक अन्य प्रश्न का भी मेटा एआई ने गलत उत्तर दे दिया। इस पर नागेश्वर मिश्र ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रकीर्ण वाद दाखिल कर दिया। वाद में आरोप लगाया गया है कि मेटा एआई धर्म और संस्कृति से जुड़े प्रश्नों के गलत उत्तर देकर लोगों को गुमराह कर रहा है। इसे सनातन धर्म के विरुद्ध साजिश बताते हुए न्यायालय से कार्रवाई की मांग की गई थी। मामले में मंगलवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुनवाई पूरी कर ली और आदेश सुरक्षित रख लिया है। 

शोहदों पर लगाम: 84 स्थानों पर जांच 313 को चेतावनी और 7 पर प्राथमिकी
मिशन शक्ति और नवरात्र को लेकर कमिश्नरेट पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वाड ने मंगलवार को स्कूल, कॉलेज, पार्क, भीड़भाड़ वाले 84 स्थानों पर चेकिंग की। अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान 313 व्यक्तियों को चेतावनी दी और सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। 59 स्थानों पर जांच करते हुए 530 वाहनों को चेक कर 89 वाहनों का चालान कर 10 वाहनों को सीज किया गया। महिला अपराधों से संबंधित संवेदनशील व हॉटस्पाट स्थानों पर 12 सीसीटीवी कैमरे और 28 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं। शहर के मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मेलों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए। 

दो दिन से लापता ऑटो चालक का शव गंगा में मिला
मिर्जापुर जिले में दरगाह मोहल्ला स्थित हजरत बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह पर रविवार को वाराणसी से सवारी लेकर आया ऑटो चालक लापता हो गया था। परिजन खोजबीन कर रहे थे कि मंगलवार सुबह बालू घाट पर गंगा किनारे उसका शव मिला। लोहता निवासी अब्दुल शाहिद (23) रविवार को वाराणसी से ऑटो से सवारी लेकर हजरत बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह आया था। सवारी उतारने के बाद उसने दरगाह के पास ऑटो खड़ी कर दी।

इसे भी पढ़ें; दिल दहला देने वाली घटना: बूढ़ी मां के सामने बेटे-बेटी की मौत, बच्चों का चेहरा भी नहीं देख सकीं; तस्वीरें

परिवार के लोगों से बातचीत हुई तो उसने बताया था कि वह सवारी लेकर दरगाह आया हुआ है। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। सोमवार सुबह उसके पिता व अन्य सगे संबंधी दरगाह पहुंचे तो देखा कि ऑटो दरगाह मेला क्षेत्र में खड़ा है। कोतवाली में परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार सुबह आठ बजे पुलिस को सूचना मिली की बालू घाट पर गंगा किनारे शव पड़ा है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मेले में सवारी उतारने के बाद चालक गंगा स्नान के लिए गया होगा। गहरे पानी में चले जाने से डूब गया होगा। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। 

हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत
हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर 21 मार्च को ऑटो और मालवाहक मैजिक की टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार देर शाम वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार शिवपुर थाना क्षेत्र के काशीराम आवास निवासी रामबाबू अपने परिवार के साथ ऑटो से रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। ऑटो में उनकी पत्नी रेनू, पुत्री आयुषी, भाभी मीनू और छोटे भाई श्याम बाबू सवार थे। हादसे में ऑटो सवार तीन महिलाएं और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इस दौरान श्यामबाबू की सोमवार को मौत हो गई।

धोखाधड़ी के आरोपी के घर बजी डुगडुगी
लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी दंपती के घर पुलिस ने डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने बताया कि यदि निर्धारित समय में आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम कटार सोयम थाना धनघटा, जिला संतकबीर नगर निवासी प्रवीण शुक्ला और उनकी पत्नी विनीता शुक्ला पर सारनाथ निवासी दिव्या राय से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर सारनाथ थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं और न्यायालय में पेश नहीं हो रहे हैं। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को पुलिस आरोपी के गांव कटार सोयम थाना धनघटा संतकबीर नगर पहुंची। उनके आवास पर नोटिस चस्पा कराया। 
 
फायरिंग के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस आयुक्त से मिलकर फायरिंग करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सुमन यादव ने लिखित शिकायत में बताया कि सात मार्च रात करीब 1:38 बजे कुछ लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और बेटे गोविंद यादव पर चार राउंड फायरिंग की।   पुलिस ने आरोपी आर्यन पांडेय, गोलू यादव, आनंद यादव, विशाल साहनी और शंभू साहनी समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है लेकिन 14 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई।  
  
न्यायाधीश समेत अधिकारियों ने सुनीं बंदियों की समस्याएं
न्यायालय जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंदौली दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी, जिला मजिस्ट्रेट चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आदित्य लाम्गेह, डीएलएसए की सचिव डॉ. इंदू रानी और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इशरत परवीन ने केंद्रीय कारागार वाराणसी का निरीक्षण किया।   वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने अधिकारियों को कारागार का निरीक्षण कराया। इस दौरान बंदियों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया।  

जेसीबी ऑटो में टक्कर, 3 घायल, 1 की हालत गंभीर
गाजीपुर पुराने मार्ग पर कस्बा स्थित एक लॉन के पास मंगलवार सुबह जेसीबी और ऑटो की टक्कर में ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी नरपतपुर भेजवाया गया। घायलों में सलीम निवासी धौरहरा, रेखा और उनकी आठ साल की बेटी पलक निवासी आजाद चौराहा सोनबरसा शामिल हैं। हादसे में सलीम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जेसीबी को कब्जे में लिया गया है। 

मिट्टी धंसने से मजदूर घायल
मोहनसराय स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को एक मजदूर मिट्टी में दबकर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार निर्माण स्थल पर जेसीबी मशीन से खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का ढुहा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहा मजदूर उसके नीचे दब गया। जेसीबी चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मिट्टी हटाकर मजदूर को बाहर निकाला। घायल मजदूर बिहार के अररिया जिले का सोनू कुमार है। घायल सोनू कुमार के साथियों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है। 

लापता युवती को पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढा
फूलपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई एक युवती को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ लिया। युवती सोमवार सुबह घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने इसकी सूचना फूलपुर थाने पर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताया कि सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवती की तलाश शुरू की और जौनपुर से ढूंढ निकाला। 

लड़कियों से अश्लील हरकत करने वाला युवक गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड कबीरनगर में राह चलती लड़कियों और महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी बृजेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक राह चलती लड़कियों और महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे करता था और आपत्तिजनक शब्द बोलता था। पीड़िता ने मामले की शिकायत मिशन शक्ति टीम से की थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान बृजेश पटेल निवासी मिर्जामुराद के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। 

बकरी चराने को लेकर दो पक्षों में मारपीट
परानापुर गांव में खेत में बकरी चले जाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि रविवार शाम करीब छह बजे उनकी बकरी फूला देवी के खेत में चली गई, जिसे फूला देवी ने बांध लिया। बकरी लेने के लिए जब गए तो आशीष, दानिश और विजय ने मारपीट की। दूसरे पक्ष के विजय कुमार ने आरोप लगाया कि अजय, बादल, सूरज और मुन्नी ने उनके दरवाजे पर आकर गाली दी और मारपीट की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

गंगा में दो युवकों के शव मिले
डोमरी के सामने गंगा नदी में मंगलवार को दो युवकों के शव मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया और उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों शव कई दिन पुराने प्रतीत हो रहे थे। इस वजह से पहचान करने में दिक्कत हो रही है। कार्यवाहक प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से जानकारी जुटाने के साथ ही शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। 

व्यापार के नाम पर पैसे लेकर धोखाधड़ी का आरोप
भरलाई निवासी राजेश कुमार पांडेय ने सुलेमापुर चोलापुर निवासी मनोज कुमार पर 4,83,500 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। राजेश के अनुसार व्यापार में सहयोग के नाम पर मनोज ने कई किस्तों में ये रकम ली, लेकिन काफी समय बाद भी रुपये नहीं लौटाए। 12 मार्च को शिवपुर बाजार में रुपये मांगने पर मनोज ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और जान से मारने की धमकी देकर चला गया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव जरूरी : पुलिस आयुक्त
वित्तीय साक्षरता और उधारकर्ता सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आरबीआई कानपुर और उत्तर प्रदेश माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन (यूपीएमए) के सहयोग से माइक्रोफाइनेंस संस्थानों के उधारकर्ताओं के लिए मंगलवार को विशेष जागरूकता कार्यशाला हुई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने केवल पंजीकृत एवं विश्वसनीय संस्थाओं से ही ऋण लें। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों में प्रतिभागियों को सतर्क रहने काे कहा। डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव जरूरी है। आरबीआई कानपुर के क्षेत्रीय निदेशक राजीव द्विवेदी ने अनियमित संस्थाओं और धोखाधड़ीपूर्ण निवेश योजनाओं से बचने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed