सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today Deaths of BHU Student and an Inmate Along with Cases of Theft and Fraud

Varanasi News Today: ध्यान भटकाने के लिए उपली के ढेर में लगाई आग फिर उठा लेकर गए नकदी और जेवरात, पढ़ें- खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Thu, 04 Jun 2026 11:58 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में उपली के ढेर में आग लगाकर चोरों ने ध्यान भटकाया। इसके बाद घर में रखे दो बक्से उठाकर ले गए। पढ़ें- वाराणसी की अन्य क्राइम की खबरें

Varanasi Top News Today Deaths of BHU Student and an Inmate Along with Cases of Theft and Fraud
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

उपली के ढेर में आग लगाकर नकदी और जेवरात चोरी


चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दूध कारोबारी बब्बू यादव के घर में मंगलवार देर रात घुसे चोरों ने परिजनों का ध्यान भटकाने के लिए पहले घर से कुछ दूरी पर रखे उपली (कंडे) के ढेर में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग आग बुझाने के लिए बाहर चले गए। इसी दौरान चोर घर में रखे दो बक्से उठाकर ले गए।

चोर बक्सों को घर से कुछ दूरी पर ले जाकर तोड़ दिए और उनमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने संदेह के आधार पर टिकरी गांव के दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


टिकरी गांव से करीब 400 मीटर दूर लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव में भी सोमवार रात धर्मेंद्र सिंह के बंद मकान में चोरी की घटना हुई थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टिकरी और आसपास के गांवों में रात्रि गश्त न होने के कारण चोरी की घटनाएं हो रही हैं। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Trending Videos


इसे भी पढ़ें; भीषण आग से बाजार में हड़कंप: कपड़े की दुकान उठीं लपटें, कई दुकानें चपेट में आईं; मौके पर फायर ब्रिगेड

करंट की चपेट में आने से बीएचयू के छात्र की मौत
चितईपुर थाना क्षेत्र की महामनापुरी कॉलोनी में बुधवार को करंट लगने से बीएचयू आईआईटी में इंटर्नशिप कर रहे 25 वर्षीय छात्र सर्वेश मिश्रा की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के पिता गंगाराम मिश्रा को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, गोंडा निवासी सर्वेश मिश्रा महामनापुरी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहकर बीएचयू आईआईटी में इंटर्नशिप कर रहे थे। बुधवार दोपहर वह अपने कमरे से बगल में रहने वाले मित्र देवब्रत तिवारी के कमरे पर गए थे। इसी दौरान कमरे के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। देवब्रत तिवारी उन्हें तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इसे भी पढ़ें; Varanasi: बनारस रेलवे स्टेशन पर बनेगा 12 मीटर चौड़ा तीसरा फुटओवरब्रिज, यात्रियों को होगी सहूलियत

मानसिक चिकित्सालय में भर्ती विचाराधीन बंदी की मौत
मानसिक चिकित्सालय में भर्ती विचाराधीन बंदी राहुल निषाद (35) की मंगलवार देर रात मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, इटावा निवासी राहुल निषाद को उपचार के लिए उन्नाव जेल से वाराणसी स्थित मानसिक चिकित्सालय में स्थानांतरित किया गया था। बताया गया कि घटना की रात उसने नियमित रूप से भोजन और दवा ग्रहण की थी, जिसके बाद वह बैरक में आराम करने चला गया। देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने सीने में तेज दर्द की शिकायत की।

अस्पताल प्रशासन ने तत्काल उसे दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कैंट थाना पुलिस को देकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। 

पशु तस्करी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
पशु तस्करी के एक मामले में वांछित अभियुक्त सोनू उर्फ मोहम्मद अजीम (28) को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव का निवासी है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भीटी स्थित मोदी स्कूल तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह पशुतस्करी में प्रयुक्त वाहनों को चलाने तथा उससे आर्थिक लाभ प्राप्त करने का कार्य करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध गौतस्करी, गैंगस्टर एक्ट, चोरी और पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में पहले भी प्राथमिकी दर्ज हैं। 
  
डीह बाबा मंदिर की दीवार और चबूतरा तोड़ने पर हंगामा
चितईपुर थाना क्षेत्र के आदित्य नगर स्थित डीह बाबा मंदिर की दीवार और चबूतरा तोड़े जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने बुधवार को नगर निगम की टीम का विरोध किया। विरोध के दौरान लोग जेसीबी के आगे लेट गए। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीम को वापस लौटना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नजूल की जमीन पर सैकड़ों वर्ष पुराना डीह बाबा मंदिर बना हुआ है। मंदिर की छत ढालने के लिए पिलर बनाकर छत की ढलाई कराने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान नगर निगम के कर्मचारी सरकारी जमीन पर कब्जा किए जाने की बात कहते हुए पुलिस बल के साथ पहुंचे और मंदिर परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और जेसीबी के आगे लेटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। कुछ लोग करौंदी-चितईपुर मार्ग पर जाम लगाने के लिए भी पहुंच गए। विरोध बढ़ता देख नगर निगम की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मंदिर की पुनः मरम्मत कराए जाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया गया।

चिमनी सर्विसिंग के नाम पर 1.92 लाख रुपये की ठगी, 8 महीने बाद प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के नरिया निवासी नीलू देवी के साथ चिमनी सर्विसिंग के नाम पर 1.92 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामला 18 अक्टूबर 2025 का है।

पीड़िता के अनुसार, घर में लगी चिमनी की सर्विसिंग कराने के लिए उन्होंने गूगल से मोबाइल नंबर प्राप्त कर संपर्क किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का सर्विस सेंटर प्रतिनिधि बताया और सर्विस रजिस्ट्रेशन के नाम पर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। आरोप है कि लिंक पर प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही देर बाद 18 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 11 बजे उनके बैंक खाते से 1,92,839 रुपये निकल गए। ठगी का पता चलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। मामले में घटना के लगभग आठ महीने बाद चितईपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मोबाइल नंबर और साइबर ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच की जा रही है।

दहेज उत्पीड़न में आठ पर प्राथमिकी
लोहता थाना क्षेत्र की रहने वाली श्वेता सोनकर ने अपने पति समेत आठ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। चुरामनपुर निवासी श्वेता ने आरोप लगाया कि उनकी शादी 26 मई 2021 को जैतपुरा थाना क्षेत्र के अमरपुर मढ़िया निवासी मनोज सोनकर से हुई थी। विवाह के बाद से ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता का आरोप है कि 26 अप्रैल को पति मनोज सोनकर, देवर अर्जुन सोनकर, जेठानी सीमा, ननद नगीना समेत अन्य परिजनों ने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने किया हंगामा
चितईपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मिर्जापुर जिले के चुनार की रहने वाली एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ घर में पकड़ लिया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज होने लगी। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके पति और उसकी महिला मित्र ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल में गोली भरकर उसके मुंह में डालते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला के अनुसार, उसका पति पिछले करीब एक माह से चुनार स्थित घर नहीं गया है और न ही उससे फोन पर कोई संपर्क कर रहा था। पति की गतिविधियों पर संदेह होने पर वह चितईपुर स्थित उसके आवास पर पहुंची, जहां उसने उसे दूसरी महिला के साथ देखा। घटना के बाद पीड़िता ने चितईपुर थाने पहुंचकर पति और उसकी महिला मित्र के खिलाफ शिकायत पत्र दिया तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

अधिवक्ता पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव निवासी अधिवक्ता अवधेश यादव एवं उनके भाइयों के खिलाफ दर्ज मारपीट की प्राथमिकी को निराधार बताते हुए तहसील बार एसोसिएशन, पिंडरा ने बुधवार को एसडीएम पिंडरा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। बार एसोसिएशन के अनुसार, बरजी निवासी अधिवक्ता अवधेश यादव एवं उनके भाइयों के विरुद्ध गांव के ही नागेंद्र सिंह द्वारा मारपीट का आरोप लगाते हुए एक जून को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह प्राथमिकी तथ्यों के विपरीत और गलत आरोपों के आधार पर दर्ज कराई गई है। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतराज माथुर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम प्रतिभा मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई। 

किशोरी को बहलाकर साथ ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र की एक किशोरी को शादी करने का भरोसा देकर साथ ले जाने वाले आरोपी नितेश गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 18 मई को कछवा थाना क्षेत्र के गोधना निवासी नितेश गुप्ता किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में वह किशोरी को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। घटना से आहत किशोरी ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बाबतपुर स्थित मछली मंडी के पास से गिरफ्तार किया गया। 

दुष्कर्म के आरोप में एक बाल अपचारी समेत दो गिरफ्तार
सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक बाल अपचारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को शंकरपुर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास से पकड़ा। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में करन राजभर तथा एक बाल अपचारी शामिल है। दोनों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले की जांच जारी है। 

दानगंज में होम्योपैथिक अस्पताल सील, संचालक पर प्राथमिकी
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार स्थित एक होम्योपैथिक अस्पताल को सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के निरीक्षण के बाद अस्पताल संचालन में नियमों की अनदेखी के मामले में अस्पताल संचालक के खिलाफ चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सीएचसी चोलापुर के अधीक्षक की ओर से चोलापुर थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि 17 अप्रैल 2026 को उपजिलाधिकारी (सदर) वाराणसी ने पहाड़पुर स्थित गौतम बाल इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, उपयोग किए गए डिस्पोजेबल सिरिंज और चिकित्सीय अपशिष्ट पाए गए थे। एसडीएम ने अस्पताल संचालक को साफ-सफाई एवं जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का पालन करने की हिदायत दी थी।

निरीक्षण के बाद उसी दिन वापसी के दौरान प्रशासनिक टीम ने फिर अस्पताल की जांच की। जांच में मिली डिस्पोजेबल सामग्री को नायब तहसीलदार ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर अभिलेखों को भी कब्जे में ले लिया गया। इसके बाद दो जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर के अधीक्षक डॉ. आरबी यादव की तहरीर पर चोलापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।

ठेका दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी
गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परियोजना में मिट्टी पटाई का ठेका दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्रवीण कुमार मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी निवासी राजेश सोनकर ने विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि दो वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा से हुई थी। आरोप है कि प्रवीण मिश्रा ने खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी का अधिकारी बताते हुए मिट्टी पटाई का ठेका दिलाने का आश्वासन दिया।

आरोपी के कहने पर उन्होंने करीब 19 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम से और छह लाख रुपये नकद दिए। आरोप है कि तय समय बीत जाने के बाद न तो उन्हें कोई ठेका मिला और न ही उनकी धनराशि वापस की गई। पीड़ित का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने किस्तों में भुगतान का भरोसा देते हुए अपने तथा अपनी पत्नी के नाम से कई चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी चेक अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गए। धनराशि की मांग करने पर आरोपी ने गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। थाना प्रभारी गोपाल कुशवाहा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed